दो वर्षों से नहीं हो रही मरम्मत, लोगों ने विभाग पर उठाए सवाल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शामती बाईपास की सड़क की हालत दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। इससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और टारिंग उखड़ जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो वर्षों से सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। 2025 में बरसात के दौरान सड़क का हिस्सा धंस भी गया था, जिसके बाद विभाग ने मरम्मत तो की, लेकिन पर्याप्त डंगे का निर्माण नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि केवल औपचारिकता पूरी कर यातायात बहाल कर दिया गया। कावगड़ी गांव के पास सड़क पर महीनों से मिट्टी पड़ी है, जिसे हटाने की दिशा में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। कई स्थानों पर सड़क संकरी होकर वन-वे जैसी स्थिति में पहुंच गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बारिश के दौरान पहाड़ी से मिट्टी और मलबा आने से समस्या और गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढों के कारण कई दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं और रोजाना वाहन चालकों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ई. रवि कपूर ने बताया कि विभाग में फील्ड स्टाफ की कमी है और वर्तमान में कर्मचारियों को अन्य कार्यों में लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही वहां कार्य पूरा होगा, शामती बाईपास की सड़क की मरम्मत करवा दी जाएगी।

शामती बाईपास पर पड़े गड्ढों में भरा पानी। संवाद- फोटो : हादसे में घायल योग गुरु रविशंकर महाराज।