कहासुनी के बाद पत्नी की हत्या: बीएसएफ से रिटायर पति गिरफ्तार, लोहे के औजार से सिर पर वार करने का आरोप
कांगड़ा जिले के कोटला के भाली गांव में बुधवार सुबह पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने बीएसएफ से सेवानिवृत्त पति को गिरफ्तार किया है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कोटला के भाली गांव में बुधवार सुबह पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने बीएसएफ से सेवानिवृत्त पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कहासुनी के दौरान पति ने लोहे के औजार से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
10 वर्षों से चल रहा था पारिवारिक विवाद: पुलिस
पुलिस के अनुसार जगदीश चंद और उषा देवी के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान जगदीश चंद ने लोहे के औजार से उषा देवी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
नूरपुर की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
वारदात की सूचना मिलने पर जवाली के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी, कोटला थाना पुलिस और नूरपुर की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। उषा के भाई उत्तम चंद के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी जगदीश चंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी और बेटा अलग रहते हैं। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।