आज के दिन: सीमा पार व्यापार होगा ज्यादा सुरक्षित और सुगम, नीट पेपर लीक की मुख्य साजिशकर्ता की जमानत पर फैसला
नमस्कार! आज है मंगलवार, 9 जून। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज 9 जून 2026 को जेष्ठ माह के कृष्ण पक्ष की नवमी है। आज गृह मंत्री अमित शाह लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम लॉन्च करेंगे। वहीं, नीट-यूजी 2026 से संबंधित मामले में सुनवाई होगी।
गृह मंत्री अमित शाह लॉन्च करेंगे एलपीएसएस
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (LPMS) लॉन्च करेंगे। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म सीमा पार व्यापार और यात्री आवागमन को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और सुगम बनाएगा। इसके साथ ही दावकी और श्रीमंतपुर लैंड पोर्ट पर नई आवास सुविधाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। इन सुविधाओं से सीमा सुरक्षा से जुड़े कर्मियों और अन्य हितधारकों को बेहतर बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा। लैंड पोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (LPMS) एक अत्याधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे देश के सभी लैंड पोर्ट्स की गतिविधियों को एकीकृत करने के लिए तैयार किया गया है। यह प्रणाली लॉजिस्टिक्स और नियामक सूचनाओं के सुरक्षित एवं रियल-टाइम आदान-प्रदान को संभव बनाएगी, जिससे लैंड पोर्ट्स की कार्यप्रणाली हवाई अड्डों और समुद्री बंदरगाहों की तरह आधुनिक और डिजिटल हो सकेगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
यूरोपीय संघ का भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र में दौरा
यूरोपीय संघ का प्रतिनिधिमंडल भारत के पूर्वोत्तर क्षेत्र के दौरे पर है। यह दौरा दो दिन का है। इस दौरे का उद्देश्य भारत के पूर्वोत्तर राज्यों के साथ सहयोग को मजबूत करना है। यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल की चर्चा उन क्षेत्रों पर केंद्रित होगी, जिनमें यूरोप और पूर्वोत्तर के साझा हित हैं। इनमें नवीकरणीय और हरित ऊर्जा, सतत शहरी बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य सेवा और फार्मास्यूटिकल्स शामिल हैं।
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक के आरोपी मनीषा वाघमारे की जमानत याचिका पर मंगलवार को फैसला आ सकता है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने वाघमारे की जमानत का कड़ा विरोध करते हुए उन्हें पूरे षड्यंत्र की अहम साजिशकर्ता बताया है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
शी जिनपिंग का उत्तर कोरिया दौरा
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग उत्तर कोरिया दौरे पर हैं। आज उनके इस दौरे का आखिरी दिन है। यह शी जिनपिंग की इस साल की पहली विदेश यात्रा है। उत्तर कोरिया लगातार अपने परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों की होगी सुनवाई
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठक मंगलवार को पंचकूला में आयोजित की जाएगी। इस दौरान पंचकूला जिले के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों की सुनवाई की जाएगी। मंच के चेयरमैन और सदस्य उपभोक्ताओं की बिलिंग, वोल्टेज, मीटरिंग, बिजली कनेक्शन काटने और जोड़ने, बिजली आपूर्ति में बाधा, कार्यकुशलता, सुरक्षा, विश्वसनीयता में कमी और हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के आदेशों की अवहेलना से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)