आज के दिन: प्रधानमंत्री मोदी सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में होंगे शामिल, भारत-न्यूजीलैंड एकदिवसीय सीरीज का आगाज
नमस्कार! आज है रविवार, 11 जनवरी। इस खबर के माध्यम से हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 11 जनवरी 2026 को माघ माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात में हैं। सोमवार को वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में भाग लेंगे। इसके साथ ही आज से भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज की शृंखला की शुरुआत होने जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी का गुजरात दौरा
शुरुआत प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे से। पीएम मोदी गुजरात के तीन दिन के दौरे पर हैं। रविवार को वे सोमनाथ मंदिर, राजकोट और कच्छ का दौरा करेंगे। वे सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में हिस्सा लेंगे। 8 जनवरी से चल रहे इस पर्व का 11 जनवरी को समापन होना है। इस चार दिवसीय आयोजन में आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों की शृंखला चल रही है। सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत साल भर चलने वाले कार्यक्रमों की शुरुआत की जाएगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
भारत-न्यूजीलैंड एकदिवसीय सीरीज आगाज
भारत-न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज की रविवार से शुरुआत हो रही है। सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में खेला जाना है। एकदिवसीय टीम के कप्तान शुभमन गिल और उप कप्तान श्रेयस अय्यर चोट के बाद राष्ट्रीय टीम में वापसी कर रहे हैं। वहीं, विराट कोहली और रोहित शर्मा भी इस टीम का हिस्सा हैं। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। न्यूजीलैंड टीम की कमान ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल के हाथ में है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
महिला प्रीमियर लीग में दिल्ली-गुजरात होंगे आमने-सामने
डब्ल्यूपीएल में आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के बीच मुकाबला होगा। दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स हैं। वहीं, गुजरात की कप्तान एशले गार्डनर हैं। गुजरात ने शनिवार को अपने शुरुआती मुकाबले में लखनऊ को मात दी थी। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।
रेखा गुप्ता की लंच पर चर्चा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता 11 जनवरी रविवार को 'लंच पे चर्चा' करेंगी। इस कार्यक्रम में वे युवाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें पिछले 11 वर्षों में राजधानी को जिन समस्याओं का सामना करना पड़ा है, उन पर चर्चा होगी। इसके साथ ही अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा भी करेंगी।
लाल बहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि
आज के दिन ही 1966 में देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का ताशकंद में निधन हो गया था। 1965 के युद्ध और खाद्यान्न संकट के दौर में उन्होंने 'जय जवान, जय किसान' का नारा दिया था।
इंदौर में कांग्रेस का जागरूकता अभियान
रविवार को कांग्रेस इंदौर में जागरूकता अभियान शुरू करेगी। कांग्रेस पार्टी इंदौर की गलियों में जाकर जनता को जागरूक करेगी। दरअसल, इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से 18 लोगों की जान गई थी। इसी को लेकर कांग्रेस यह अभियान शुरू करने जा रही है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)