आज के दिन: मेटा और व्हाट्सएप मामले पर सुप्रीम सुनवाई, टी20 विश्वकप में वेस्टइंडीज-जिम्बाब्वे का मैच
नमस्कार! आज है सोमवार 23 फरवरी। इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 23 फरवरी 2026 को शुक्ल पक्ष की षष्ठी है। सोमवार को मेटा प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं, भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बैठक होगी।
मेटा प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप मामले पर सुनवाई
मेटा प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप से संबंधित मामले पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। यह मामला व्हाट्सएप की विवादित प्राइवेसी पॉलिसी और कंपनी पर लगाए गए 213.14 करोड़ रुपये के जुर्माने से जुड़ा है। यह सुनवाई भारत में डिजिटल नागरिकों के डेटा अधिकारों और बिग टेक कंपनियों के एकाधिकार को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
व्यापार समझौते को लेकर भारत और अमेरिका के अधिकारियों के बीच बैठक
भारत और अमेरिका के अधिकारी सोमवार से अमेरिका में दोनों देशों के बीच हुए व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बैठेंगे। तीन दिन चलने वाली इस बैठक का मकसद भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का कानूनी ड्राफ्ट तैयार करना है। इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने एक संयुक्त बयान जारी कर यह घोषणा की थी कि अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तय कर ली गई है।
मुख्यमंत्री योगी का सिंगापुर दौरा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी अदित्यानाथ सिंगापुर के दौरे पर हैं। सोमवार को वह विभिन्न बैठकों, कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मेधा सोमैया मानहानि केस पर फैसला
मुंबई की सत्र अदालत ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत की याचिका पर सोमवार को फैसला आ सकता है। यह मामला भाजपा नेता किरीट सोमैया की पत्नी मेधा सोमैया से जुड़े मानहानि केस का है। पिछले साल सितंबर में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राउत को मानहानि का दोषी मानते हुए 15 दिन जेल की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही 25,000 रुपये का जुर्माना लगाया था। इस फैसले के खिलाफ राउत सत्र अदालत में गए थे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इस सत्र में सरकार पर 9 लाख करोड़ के कर्ज, राज्यसभा चुनाव और अजित पवार के निधन के बाद बने राजनीतिक हालातों पर चर्चा हो सकती है। वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 6 मार्च को 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे। उनके पास वित्त मंत्रालय का भी जिम्मा है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू होगा। जो 20 मार्च तक चलेगा। इस दौरान विधानसभा में कुल 15 बैठकें आयोजित की जाएंगी। सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका सदन को संबोधित करेंगे। उनके अभिभाषण के साथ ही बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत होगी। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
उत्तर प्रदेश में चकबंदी वाले गांवों में सोमवार से चौपाल लगाकर चकबंदी से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण कराने का अभियान शुरू होगा। यह अभियान 28 फरवरी तक जारी रहेगा।
टी20 विश्वकप में सोमवार को सुपर-8 का मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच वेस्टइंडीज और जिम्बॉब्वे के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडिम में शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें भारत के ग्रुप में हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)