{"_id":"69e6e2832284eb289900c336","slug":"amit-shah-bengal-rallies-update-union-home-minister-to-address-four-key-election-public-meeting-today-2026-04-21","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Amit Shah In Bengal: 'कभी लौह अयस्क का केंद्र रहा कुल्टी, TMC राज में बंदी की कगार पर'; रैली में शाह की हुंकार","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Amit Shah In Bengal: 'कभी लौह अयस्क का केंद्र रहा कुल्टी, TMC राज में बंदी की कगार पर'; रैली में शाह की हुंकार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Shivam Garg
Updated Tue, 21 Apr 2026 02:11 PM IST
विज्ञापन
सार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दार्जिलिंग के बाद कुल्टी में आयोजित जनसभा में कहा कि कभी लौह अयस्क का केंद्र रहा कुल्टी आज मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।
अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन
विस्तार
पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल तेज हो चुका है और दार्जिलिंग के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा के दौरान राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कभी कुल्टी देश में लौह अयस्क उत्पादन का बड़ा केंद्र हुआ करता था, लेकिन मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण यह क्षेत्र अब बंद होने की कगार पर पहुंच गया है।
Trending Videos
अमित शाह ने आरोप लगाया कि राज्य में औद्योगिक विकास की अनदेखी की गई है, जिससे कई पारंपरिक उद्योगों पर संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सही नीतियां अपनाई जातीं, तो कुल्टी जैसे क्षेत्र आज भी देश की अर्थव्यवस्था में अहम भूमिका निभा सकते थे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल भाजपा उम्मीदवार को विधायक बनाने या पार्टी कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पूरे बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कराना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
अमित शाह ने जनता से अपील करते हुए कहा कि 23 तारीख को कमल के निशान पर वोट दें और चार मई को भाजपा की सरकार बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में मौजूद हर घुसपैठिए की पहचान कर उसे हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
ग्राफिक्स में पढ़ें अमित शाह की बड़ी बातें...
दीदी को हटाने का समय आ गया- दार्जिलिंग की रैली में बोले शाह
दार्जिलिंग आयोजित जनसभा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की राजनीतिक स्थिति पर तीखा बयान दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की मांग अब तेज हो रही है और जनता परिवर्तन की दिशा में सोच रही है। अमित शाह ने गोरखा समुदाय से जुड़े मुद्दों पर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो गोरखा बहनों और भाइयों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
अमित शाह ने अपने संबोधन में दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद छह महीनों के भीतर गोरखा समुदाय से जुड़ी पुरानी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों के जीवन में संतोष और स्थिरता आ सके।
दीदी को हटाने का समय आ गया- अमित शाह
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों पर गोरखा समुदाय और दार्जिलिंग क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप रहा है। शाह के अनुसार, इन समस्याओं का समाधान भाजपा अपनी सरकार बनने के बाद तय समयसीमा में करने का प्रयास करेगी।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने उत्तर बंगाल के लोगों से अपील की कि एक बार फिर भाजपा को अवसर दिया जाए, ताकि विकास और समाधान की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा 'उत्तर बंगाल वालों, एक बार भाजपा सरकार बना दीजिए। तीन चुनावों से दार्जिलिंग तो कमल फूल पर वोट कर ही रहा है, लेकिन इस बार पूरा बंगाल तय कर बैठा है कि दीदी को हटाने का समय आ गया है।'
बजट आवंटन को लेकर भेदभाव- शाह
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में बजट आवंटन को लेकर भेदभाव किया जा रहा है। अमित शाह ने कहा कि तृणमूल सरकार ने उत्तर बंगाल, आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्रों के लिए करीब 2000 करोड़ रुपये का आवंटन किया है, जबकि मदरसों और अल्पसंख्यक क्षेत्रों के लिए 5800 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताया और कहा कि उत्तर बंगाल और गोरखा समुदाय के साथ न्याय की शुरुआत अब से होगी।
कानून-व्यवस्था पर सवाल
शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के शासन में कई महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने विशेष रूप से संदेशखाली मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने पूरे बंगाल को शर्मसार किया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि बंगाल में अपराध करने वाले हर व्यक्ति को कानून के दायरे में लाया जाएगा और भाजपा की सरकार बनने पर ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होगी।
चार जगहों पर होंगी रैलियां
शाह की पहली जनसभा सुबह 10:30 बजे दार्जिलिंग क्षेत्र के कुर्सियोंग स्थित सुकना हाई स्कूल मैदान में होगी। इसके बाद वे दोपहर 12:45 बजे पश्चिम बर्धमान के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में बाल्टोरिया के गणेश पूजा मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे।
इसके बाद कार्यक्रम का रुख मेदिनीपुर की ओर होगा। तीसरी सभा दोपहर 2:15 बजे पश्चिम मेदिनीपुर के सालबोनी में बिल्ला स्टेडियम मैदान में आयोजित की जाएगी। दिन की आखिरी रैली पूर्व मेदिनीपुर के चांदीपुर में शाम 3:45 बजे बिनॉय स्मृति फुटबॉल मैदान में होगी।

कमेंट
कमेंट X