सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Bakrid Celebrated Across India with Joy and Harmony Prez Murmu PM Modi and Leaders Extend Greetings

बकरीद पर बंगाल से तमिलनाडु तक उल्लास: मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़े लोग, PM मोदी और मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Thu, 28 May 2026 12:32 PM IST
विज्ञापन
सार

बकरीद के मौके पर देशभर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।

Bakrid Celebrated Across India with Joy and Harmony Prez Murmu PM Modi and Leaders Extend Greetings
देशभर में मनाई गई बकरीद। - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार

देशभर में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। पश्चिम बंगाल से लेकर तमिलनाडु और राजस्थान तक मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने विशेष नमाज अदा की। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत कई नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
Trending Videos


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिया प्रेम और समरसता का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, समर्पण और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति ने लोगों से समाज में प्रेम, भाईचारा और समरसता को मजबूत करने की अपील भी की।
विज्ञापन
विज्ञापन


पीएम मोदी बोले- समाज में भाईचारा और खुशियां बढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को बकरीद की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ईद-उल-अजहा का यह पावन अवसर समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और मजबूत करे। प्रधानमंत्री ने सभी के अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।
विज्ञापन

तमिलनाडु: राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर और CM विजय समेत नेताओं ने दी शुभकामनाएं
तमिलनाडु में बकरीद का त्योहार गुरुवार को श्रद्धा, उल्लास और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। इस मौके पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय, डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन और एआईएडीएमके नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी समेत कई नेताओं ने मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं दीं और शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर ने अपने संदेश में कहा कि ईद-उल-अजहा त्याग, करुणा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह पर्व समाज में एकता, आपसी सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। राज्यपाल ने लोगों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने कहा कि बकरीद पैगंबर इब्राहिम के त्याग और ईश्वर के प्रति समर्पण की याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार प्रेम, समानता, मानवता और धार्मिक सौहार्द का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने समाज में आपसी सम्मान और भाईचारे को मजबूत करने की अपील भी की।



डीएमके प्रमुख एम.के. स्टालिन ने अपने संदेश में कहा कि बकरीद जरूरतमंदों की मदद और दान की भावना को बढ़ावा देने वाला पर्व है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डीएमके और मुस्लिम समाज के बीच संबंध हमेशा मजबूत बने रहेंगे। वहीं एआईएडीएमके महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने कहा कि बकरीद लोगों को त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देती है। उन्होंने सभी से समाज में शांति, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

इस बीच, तमिलनाडु भर में मुस्लिम समुदाय ने मस्जिदों, ईदगाहों और खुले मैदानों में विशेष नमाज अदा कर बकरीद मनाई। सुबह से ही लोग पारंपरिक परिधानों में नमाज के लिए पहुंचने लगे थे। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।

बंगाल में शुभेंदु अधिकारी ने दी बधाई
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में शांति और समृद्धि लेकर आए। साथ ही उन्होंने लोगों और उनके परिवारों की खुशहाली की कामना की।


यूपी में बकरीद का पर्व उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक आस्था, उल्लास और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने राज्य के अलग-अलग जिलों में स्थित मस्जिदों और ईदगाहों में विशेष नमाज अदा की और देश में शांति, समृद्धि और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। त्योहार के मौके पर घरों में पारंपरिक व्यंजन, सेवइयां और अन्य पकवान तैयार किए गए। पूरे दिन मेहमाननवाजी और आपसी मिलन का सिलसिला जारी रहा, जिससे माहौल और भी खुशनुमा बना रहा।


अयोध्या में विशेष नमाज के बाद अमन-चैन की दुआ
अयोध्या जिले में भी बकरीद का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार सुबह से ही लोग मस्जिदों में पहुंचने लगे, जहां विभिन्न स्थानों पर विशेष नमाज अदा की गई। शहर की मुख्य नमाज सिविल ईदगाह में सुबह 8 बजे अदा की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। नमाज के दौरान इमाम ने देश में अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की की विशेष दुआ कराई। हजारों लोगों ने एक साथ हाथ उठाकर मुल्क की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। नमाज के बाद लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को ईद की बधाई दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद परंपरागत रूप से कुर्बानी की रस्में शुरू हुईं, जो इस्लामी परंपरा का अहम हिस्सा मानी जाती हैं। गर्मी को देखते हुए ईदगाह के बाहर नमाजियों और राहगीरों के लिए शरबत और ठंडे पानी की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे लोगों को राहत मिली। पूरे जिले में त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

दिल्ली में कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई नमाज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में अदा की गई। दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, त्वरित कार्रवाई दल और एंटी-रायट वाहनों की तैनाती की थी। उत्तर-पूर्वी और उत्तरी दिल्ली के कई इलाकों में सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी गई ताकि किसी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलने से रोका जा सके।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने देशवासियों और दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में समाज में शांति, भाईचारा और करुणा की भावना और अधिक मजबूत होने की कामना की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पवित्र पर्व समाज में एकता और आपसी सद्भाव का संदेश लेकर आता है। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की भी कामना की। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बकरीद का यह अवसर लोगों के बीच प्रेम, भाईचारे और करुणा की भावना को और अधिक सशक्त करे। उन्होंने अंत में सभी को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद भी दी।



उत्तर-पूर्वी दिल्ली के डीसीपी राहुल अलावल ने बताया कि जिले में करीब 1100 पुलिसकर्मियों और अतिरिक्त सुरक्षा कंपनियों की तैनाती की गई थी। मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील स्थलों पर सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई थी। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी न दी जाए और साफ-सफाई के नियमों का पालन हो। प्रशासन ने एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड और बिजली विभाग के साथ मिलकर पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था भी की। उत्तरी दिल्ली के सदर बाजार, ईदगाह, कुरैश नगर और कुतुब रोड जैसे इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति और भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।

राजस्थान में धार्मिक नेताओं ने दिया भाईचारे का संदेश
राजस्थान में भी बकरीद के अवसर पर धार्मिक नेताओं ने शांति, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया। मौलाना मुमताज अहमद कासमी ने कहा कि इस्लाम का सबसे बड़ा संदेश इंसानियत और त्याग है। उन्होंने लोगों से समाज में नफरत खत्म कर प्रेम और एकता को बढ़ावा देने की अपील की।

वहीं अजमेर शरीफ के सज्जादानशीन सैयद नसीरुद्दीन चिश्ती ने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी साझा संस्कृति और आपसी सौहार्द में है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाने की अपील की।

झारखंड में मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी भीड़
झारखंड में बकरीद का त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने पहुंचे। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।



राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने कहा कि यह पर्व त्याग और आस्था का प्रतीक है, जो मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में कहा कि बकरीद लोगों को समर्पण और बलिदान का संदेश देती है और यह सभी के जीवन में शांति, सुख और खुशियां लेकर आए। त्योहार के मद्देनजर रांची और अन्य जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला। अल्बर्ट चौक, करबला चौक, लालपुर और हिंदपीढ़ी समेत कई इलाकों में सुरक्षा बल तैनात रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed