{"_id":"6a4e40babe503f5a010b08d1","slug":"baruipur-encounter-victim-s-family-expresses-faith-in-the-police-2026-07-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"बारुईपुर मुठभेड़: पीड़ित परिवार ने जताया पुलिस पर भरोसा, पत्नी बोली- अगर अपराध किया है तो परिणाम भुगतने होंगे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बारुईपुर मुठभेड़: पीड़ित परिवार ने जताया पुलिस पर भरोसा, पत्नी बोली- अगर अपराध किया है तो परिणाम भुगतने होंगे
Wed, 08 Jul 2026 05:52 PM IST
राहुल कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता।
अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता।
Published by: राहुल कुमार
Updated Wed, 08 Jul 2026 05:52 PM IST
विज्ञापन
बारुईपुर के आरोपी का एनकाउंटर
- फोटो : IANS
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में नाबालिग बच्ची से कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मुख्य आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस मुठभेड़ में मौत को लेकर राज्य में राजनीतिक विवाद तेज है। हालांकि, पीड़ित परिवार ने पुलिस और सरकार की कार्रवाई पर भरोसा जताया है। वहीं, आरोपी की पत्नी और मां ने भी उसका बचाव करने से इनकार कर दिया है।
विज्ञापन
पीड़िता के पिता ने कहा कि घटना के बाद पुलिस और सरकार ने जो आश्वासन दिया था, उसी के अनुरूप कार्रवाई हो रही है। अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और उन्हें उम्मीद है कि सभी दोषियों को कानून के तहत सजा मिलेगी। उन्होंने कहा, पुलिस और सरकार ने हमसे जो कहा था, वही हो रहा है। हमें जांच और कार्रवाई पर पूरा भरोसा है। हालांकि, उन्होंने एनकाउंटर पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह उस समय मौके पर मौजूद नहीं थे, इसलिए इस बारे में कुछ नहीं कह सकते।
विज्ञापन
बारुईपुर के सूरजपुर इलाके में हुई इस घटना के बाद पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया था। पुलिस ने प्रभास मंडल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात घटनास्थल के पुनर्निर्माण (क्राइम सीन रीक्रिएशन) के दौरान प्रभास मंडल ने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने और फायरिंग करने की कोशिश की। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
विज्ञापन
प्रभास मंडल की पत्नी ने भी उसका बचाव करने से इनकार किया
इस बीच, प्रभास मंडल की पत्नी ने भी उसका बचाव करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वह यह दावा नहीं कर सकतीं कि उनके पति ने अपराध नहीं किया। उनके अनुसार, शादी के बाद उन्होंने उसके व्यवहार के कई ऐसे पहलू देखे थे, जिनसे वह लंबे समय से परेशान थीं। उन्होंने कहा, "अगर उसने अपराध किया है तो उसे उसके परिणाम भुगतने होंगे।" उन्होंने यह भी कहा कि परिवार जो फैसला करेगा, वह उसी के साथ रहेंगी।
इससे पहले प्रभास मंडल की मां ने भी बेटे के प्रति किसी तरह की सहानुभूति दिखाने से इनकार करते हुए कहा था कि "उसने जो किया, उसका फल उसे मिल गया।" उन्होंने यह भी कहा कि परिवार का कोई सदस्य उसका शव लेने नहीं जाएगा। बारुईपुर एनकाउंटर को लेकर जहां राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, वहीं पीड़ित परिवार और आरोपी के परिजनों की प्रतिक्रियाओं ने इस पूरे मामले को एक अलग मानवीय और सामाजिक आयाम दे दिया है।
उल्लेखनीय है कि बारुईपुर के सूरजपुर इलाके से शनिवार को लापता हुई नाबालिग बच्ची का शव रविवार को एक तालाब से बरामद हुआ था। मामले में सामूहिक दुष्कर्म और हत्या का आरोप है। पुलिस ने जांच के दौरान प्रभास मंडल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस का दावा है कि प्रभास मंडल ने ही जांचकर्ताओं को उस स्थान तक पहुंचाया था, जहां बच्ची का शव फेंका गया था। उसकी मुठभेड़ में मौत के बाद अन्य आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।