Bengal Election: बंगाल में दक्षिण 24 परगना में भाजपा-टीएमसी समर्थकों में झड़प, पुलिसकर्मियों पर भी हमला
पश्चिम बंगाल के बसंती में भाजपा-टीएमसी समर्थक भिड़े, पुलिस पर भी हमला हुआ। दोनों दलों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए, आठ लोग हिरासत में, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात।
विस्तार
पश्चिम बंगाल में चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी पार्टियां पूरी ताकत के साथ प्रचार कर रही है। भाजपा और टीएमसी के बीच यहां मुख्य तौर पर लड़ाई है। लेकिन हालात उस समय खराब हो गए दक्षिण 24 परगना जिले में चुलाव प्रचार के दौरान दोनों दलों के समर्थक आपस में भिड़ गए। हालात को काबू करने की कोशिश कर रही पुलिसकर्मियों पर भी हमला हुआ। यह घटना एससी आरक्षित बसंती सीट पर हुई। यहां 29 अप्रैल को दूसरे और आखिरी चरण में चुनाव होने है।
एक अधिकारी ने बताया कि बसंती सीट से भाजपा उम्मीदवार विकास सरदार इलाके में चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। जिस जगह भाजपा कार्यकर्ता चुनाव प्रचार कर रहे थे वहां एक सड़क कनारे पर जमा हुए टीएमसी समर्थक प्रचार की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रिकॉर्डिंग किए जाने पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते बहस शुरू हुई और फिर हाथापाई शुरू हो गई।
जब पुलिस इस झड़प को रोकने के लिए आगे आई तो पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया। भाजपा उम्मीदवार सरदार ने दावा किया टीएमसी के गुंडों ने हमारे कार्यकर्ताओं पर बिना किसी उकसावे के हमला किया, जबकि हम उस इलाके में शांतिपूर्ण ढंग से प्रचार कर रहे थे। पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
वहीं दूसरा तरफ टीएमसी नेताओं ने भाजपा पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। पुलिस ने इस घटना में आठ लोगों को हिरासत में लिया, और इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।