West Bengal Election: बंगाल चुनाव में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, केंद्रीय मंत्री अमित शाह की आज तीन बड़ी रैलियां
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत आज बांकुड़ा और पुरुलिया में तीन जनसभाएं करेंगे, जिससे भाजपा अपने प्रचार अभियान को तेज कर रही है। आइए विस्तार से जानते हैं।
विस्तार
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को राज्य के कई अहम विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
बांकुड़ा और पुरुलिया में होगी रैली
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह सुबह 11 बजे बांकुड़ा जिले के ओंदा विधानसभा क्षेत्र के छातना स्थित रामसागर आंचल मैदान में पहली जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:30 बजे छातना विधानसभा क्षेत्र के एथानी झांटिपहाड़ी में दूसरी रैली करेंगे। दोपहर बाद अमित शाह पुरुलिया जिले पहुंचेंगे, जहां वे बाघमुंडी विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 2 बजे कुशलडीह क्रिकेट ग्राउंड में तीसरी जनसभा को संबोधित करेंगे। इन सभाओं में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय समर्थकों के जुटने की संभावना है।
प्रमुख क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति
भाजपा का यह अभियान राज्य के प्रमुख क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत करने और मतदाताओं तक सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लगातार जनसभाएं और रैलियां कर चुनावी माहौल को धार दी जा रही है।
भाजपा ने जारी किया अपना संकल्प पत्र
इससे पहले शुक्रवार को अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणा पत्र 'संकल्प पत्र' जारी किया था। इस घोषणा पत्र में सत्ता में आने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने और 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया गया है।
भाजाप के घोषणा पत्र में क्या खास?
घोषणा पत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि राज्य की जनता भय और निराशा के माहौल से बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा ने पश्चिम बंगाल में एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाई है और अब वह राज्य में मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठ के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाई जाएगी। इसके अलावा, सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA) सुनिश्चित किया जाएगा और 45 दिनों के भीतर 7वें वेतन आयोग को लागू किया जाएगा।
भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए भी कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी ने सत्ता में आने पर प्रत्येक महिला के बैंक खाते में 3,000 रुपये देने और राज्य सरकार की नौकरियों, जिसमें पुलिस बल भी शामिल है, में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.