व्यापमं घोटाला : सीबीआई की विशेष अदालत ने पीएमटी उम्मीदवार को 5 वर्ष कैद की सजा सुनाई, पढ़ें देश की महत्वपूर्ण खबरें
सीबीआई ने कहा कि ग्वालियर में दर्ज मामले के आधार पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 2015 में एक मामला दर्ज कर जांच की गई, जिसमें आरोप था कि पीएमटी उम्मीदवारअरविंद अग्निहोत्री ने फर्जी तरीके से एमपी-पीएमटी 2009 के जरिये ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। इसलिए उम्मीदवार को अदालत ने पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
विस्तार
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने मंगलवार को ग्वालियर में फर्जी तरीके से एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने से संबंधित व्यापमं घोटाले के एक मामले में एक उम्मीदवार को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।
एक बयान में सीबीआई ने कहा कि ग्वालियर में दर्ज मामले के आधार पर सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में 2015 में एक मामला दर्ज कर जांच की गई, जिसमें आरोप था कि अरविंद अग्निहोत्री ने फर्जी तरीके से एमपी-पीएमटी 2009 के जरिये ग्वालियर के मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। जांच के दौरान आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह प्रवेश परीक्षा में शामिल ही नहीं हुआ था, उसकी जगह दूसरे व्यक्ति ने परीक्षा दी थी। आइए जानते हैं देश की अन्य महत्वपूर्ण खबरें...
रिलायंस कैपिटल के प्रशासक की मदद को तीन सदस्यीय सलाहकार समिति
अनिल अंबानी की रिलायंस कैपिटल के बोर्ड को भंग करने के एक दिन बाद आरबीआई ने मंगलवार को कर्ज में डूबी कंपनी के नवनियुक्त प्रशासक की मदद के लिए तीन सदस्यीय सलाहकार समिति नियुक्त की। सलाहकार समिति के सदस्यों में एसबीआई के पूर्व उप प्रबंध निदेशक (डीएमडी) संजीव नौटियाल, एक्सिस बैंक के पूर्व डीएमडी श्रीनिवास वरदराजन और टाटा कैपिटल लिमिटेड के पूर्व एमडी-सीईओ प्रवीण पी कडले शामिल हैं। केंद्रीय बैंक जल्द ही दिवालिया एवं ऋणशोधन अक्षमता कानून के तहत रिलायंस कैपिटल के खिलाफ दिवालिया कार्यवाही शुरू करेगा। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के पूर्व कार्यकारी निदेशक नागेश्वर राव वाई को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
माल ढुलाई ढांचा मजबूत करने को 19,650 करोड़ निवेश करेगी कोल इंडिया
कोल इंडिया अपने रेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 19,650 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस कदम से 2023-24 तक रेलवे के जरिये कंपनी की कोयला निकासी क्षमता सालाना 33 करोड़ टन अतिरिक्त बढ़ेगी। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने मंगलवार को कहा कि आगामी परियोजनाओं से उसे मौजूदा क्षमता से अधिक, रेल के जरिये कोयले की बढ़ी हुई मात्रा को अपने नए और पुराने खनन क्षेत्रों से भेजने में मदद मिलेगी। इनमें कुछ पहले से ही चालू हैं।
कंपनी अपनी पूंजी से सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड और महानदी कोलफील्ड्स में 7,994 करोड़ रुपये की अनुमानित रकम से तीन महत्वपूर्ण रेलवे लाइनों का निर्माण कर रही है। इनकी कोयला परिवहन क्षमता 17 करोड़ टन सालाना की होगी।
ई-श्रम पोर्टल पर करीब 10 करोड़ असंगठित श्रमिक हुए पंजीकृत
सरकार के ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत असंगठित श्रमिकों का आंकड़ा करीब 10 करोड़ पहुंच गया है। मंगलवार को श्रम मंत्रालय ने यह जानकारी दी। देश में असंगठित श्रमिकों का एक राष्ट्रीय डाटाबेस बनाने के लिए यह पोर्टल विकसित किया गया है।
29 नवंबर 2021 तक पोर्टल पर लगभग 9.7 करोड़ श्रमिकों का पंजीकरण हुआ था। बीते नौ हफ्तों का आंकड़ा देखें तो पोर्टल पर हर सप्ताह 70 लाख श्रमिक बढ़े हैं। 24 से 29 नवंबर तक, छह दिनों में ही 72,53,272 पंजीकरण दर्ज हुए। ई-श्रम पोर्टल इस साल अगस्त में असंगठित श्रमिकों को सरकार की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने के मकसद से लॉन्च हुआ था।
