Congress: LPG गैस के दाम बढ़ने पर कांग्रेस ने विदेश नीति पर उठाए सवाल, महिला कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
LPG Price Hike: घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी के बाद कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की नाकामी का बोझ जनता पर डाला जा रहा है।
विस्तार
घरेलू रसोई गैस यानी एलपीजी सिलिंडर की कीमत बढ़ने के बाद सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की नाकामी का खामियाजा देश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। पार्टी का कहना है कि पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम होने का फायदा लोगों को नहीं दिया गया और अब अचानक गैस की कीमत बढ़ाकर जनता को महंगाई का झटका दिया गया है।
एलपीजी की कीमत बढ़ने पर कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर पर करीब 115 रुपये का मुनाफा कमाया जा रहा है। खरगे ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें कम थीं तब सरकार ने जनता को उसका लाभ नहीं दिया। अब जब लोग पहले से महंगाई की मार झेल रहे हैं, तब गैस की कीमत बढ़ाकर उनकी परेशानी और बढ़ा दी गई है।
घरेलू LPG सिलिंडर में ₹60 का इजाफ़ा,
— Mallikarjun Kharge (@kharge) March 7, 2026
Commercial LPG में कमाया ₹115 का मुनाफ़ा,
पहले कम अंतर्राष्ट्रीय दामों का लाभ जनता से छीना,
अब महँगाई के बोझ से जनता का निकाला पसीना,
जंग होने पर "सब चंगा सी" वाली दावेबाज़ मोदी सरकार,
पर्याप्त तेल-गैस, Fertilizer मुहैया कराने में… pic.twitter.com/3rEr2TMUWb
सरकार के दावों पर विपक्ष ने क्यों सवाल उठाए?
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि सरकार पहले दावा कर रही थी कि देश में ऊर्जा की पर्याप्त आपूर्ति है और अमेरिका, इस्राइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष का भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। लेकिन इसके बावजूद अचानक एलपीजी के दाम बढ़ा दिए गए। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि पश्चिम एशिया में युद्ध का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ें- CJI: 'कानूनी सुधार और न्यायिक अनुशासन से मजबूत हुई मध्यस्थता', सीजेआई सूर्यकांत ने विवाद समाधान पर कही ये बात
ऊर्जा आपूर्ति और खाड़ी देशों को लेकर क्या कहा गया?
सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि भारत की बड़ी ऊर्जा आपूर्ति खाड़ी देशों से आती है। अगर वहां संकट बढ़ता है तो इसका असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्रालय की मासिक रिपोर्ट में भी इस बात का जिक्र किया गया है। श्रीनेत ने दावा किया कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य भारत के लिए भी पूरी तरह खुला होता तो गैस की कीमतों में इतनी बढ़ोतरी नहीं होती।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर क्या आशंका जताई गई?
कांग्रेस ने कहा कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों की नीतियों की कीमत आखिर देश की जनता क्यों चुकाए। कांग्रेस का कहना है कि सरकार को महंगाई से परेशान लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
महिला कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन क्यों हुआ?
एलपीजी की कीमत बढ़ने के विरोध में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने कहा कि सरकार का यह फैसला जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाला है। संगठन का कहना है कि देश की जनता पहले ही महंगाई से परेशान है और ऐसे समय में गैस की कीमत बढ़ाना जनविरोधी फैसला है। महिला कांग्रेस ने मांग की कि सरकार तुरंत इस निर्णय को वापस ले।
अन्य वीडियो-
कमेंट
कमेंट X