Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   cyclone akwan hits odisha gopalpur third storm in 24 days rain alert

24 दिन में तीसरा चक्रवात झेल गया ओडिशा: कोई बड़ा नुकसान नहीं; पहाड़ों पर बर्फबारी से मैदानों में बढ़ी ठंड

Fri, 20 Nov 2026 07:54 PM IST
राकेश कुमार पीटीआई, भुवनेश्वर।
पीटीआई, भुवनेश्वर। Published by: राकेश कुमार Updated Fri, 20 Nov 2026 07:54 PM IST
सार

शुक्रवार को चक्रवात 'अकवान' 70-80 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया, जो 24 दिनों में राज्य में आया तीसरा तूफान है। प्रशासन की तैयारी से जान-माल का बड़ा नुकसान टला और 3.72 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। तूफान के कारण कई राज्यों में बारिश हो रही है, 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी है और कई ट्रेनें व उड़ानें रद्द की गई हैं।
 

विज्ञापन
cyclone akwan hits odisha gopalpur third storm in 24 days rain alert
जिले में चक्रवात ‘अकवान’’ का असर, ठंड के मौसम में बरसात जैसे हालात

विस्तार

चक्रवात 'अकवान' शुक्रवार को ओडिशा के गोपालपुर के पास तट से टकराया। पिछले 24 दिनों के भीतर ओडिशा तट पर आने वाला यह तीसरा समुद्री तूफान है। हालांकि, प्रशासन की मुकम्मल तैयारी और पर्याप्त व्यवस्था की वजह से इस बार भी जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। किसी के हताहत होने की भी कोई खबर नहीं है।
विज्ञापन


कैसे बदला तूफान ने अपना रास्ता? 
शुरुआत में मौसम वैज्ञानिकों ने इस तूफान के आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान लगाया था। लेकिन बाद में तूफान ने अपना रास्ता बदल लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूर्वाह्न 11.20 बजे अपना बुलेटिन जारी किया। इसके मुताबिक, शुक्रवार सुबह 7.30 बजे से 8.30 बजे के बीच अकवान ने गोपालपुर के पास दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश को पार किया। इस दौरान 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिनके झोंकों की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। तट से टकराने के बाद अब यह कमजोर होकर गहरे दबाव के क्षेत्र में बदल गया है।
विज्ञापन


बारिश, अलर्ट और मौसम विभाग की चेतावनी
चक्रवात के असर से ओडिशा के अलावा झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश जारी है। ओडिशा में भारी बारिश हो रही है और गंजाम जिले के पात्रापुर में सबसे अधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि दक्षिणी ओडिशा में भारी बारिश हो रही है और अब उत्तरी हिस्से में भी भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, शनिवार से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही मछुआरों को शनिवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


बचाव, राहत और आश्रय स्थलों की व्यवस्था
तूफान से निपटने के लिए ओडिशा सरकार ने बड़े पैमाने पर राहत इंतजाम किए हैं। राज्य में कुल 3.72 लाख लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। संवेदनशील इलाकों में बचाव और राहत कार्यों के लिए 423 दल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा लोगों के ठहरने के लिए 9,341 आश्रय स्थल बनाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: चक्रवात अकवान: वंदे भारत समेत कई ट्रेनें निरस्त, कई पुनर्निर्धारित, सफर शुरू करने से पहले जांच कर लें यात्री


ट्रेन, उड़ान और मंदिरों को लेकर क्या बदला
खराब मौसम का असर रेल और हवाई यातायात पर भी पड़ा है। एहतियात के तौर पर पूर्वी तट रेलवे ने बृहस्पतिवार को 41 ट्रेनें रद्द कर दीं और 29 अन्य ट्रेनों के समय में बदलाव किया। वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे ने भी कम से कम 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। इनमें से ज्यादातर ट्रेनें शुक्रवार को पुरी जाने वाली या वहां से होकर गुजरने वाली हैं। इसके अलावा कोलकाता-भुवनेश्वर रूट की छह उड़ानें भी रद्द कर दी गई हैं। उधर, पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहा, लेकिन मंदिर प्रशासन ने भक्तों से मौसम संबंधी परामर्श को ध्यान में रखकर ही दर्शन की योजना बनाने का आग्रह किया है। वहीं, गुंडिचा मंदिर 21 नवंबर तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा।

बर्फबारी से बढ़ी मैदानी इलाकों में ठिठुरन
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो रही है। इसका सीधा असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है और वहां ठंड काफी बढ़ गई है। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर में शुक्रवार सुबह राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, नागौर और माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मध्य प्रदेश के शाजापुर में भी तापमान गिरकर 7.1 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। ठंड बढ़ने के साथ ही दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed