फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   fastag helps mumbai police trace gold theft suspects firecracker alert thieves

₹2.5 करोड़ का सोना चोरी: FASTag के जरिए सोलापुर तक पहुंचे 50 पुलिसकर्मी, एक पटाखे से चकमा दे भागे चोर

Wed, 22 Jul 2026 07:28 AM IST
Sunil Mehrotra सुनील मेहरोत्रा
Updated Wed, 22 Jul 2026 07:28 AM IST
सार

कर्नाटक से मुंबई आ रही एक लग्जरी स्लीपर बस में सो रहे दो सेल्समैन का ₹2.63 करोड़ की कीमत का 2 किलो सोना चोरी हो गया। नवी मुंबई की पुलिस ने दिन-रात एक करके बस का पीछा कर रही संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी को पहचाना और टोल नाके के FASTag पेमेंट के जरिए सोलापुर के आरोपी के गांव का सटीक पता लगा लिया। लगभग 50 पुलिसवालों की टीम सादी वर्दी में जब गांव पहुंची, तभी वहां अचानक किसी ने एक जोर का पटाखा फोड़ दिया। 
 

विज्ञापन
fastag helps mumbai police trace gold theft suspects firecracker alert thieves
महाराष्ट्र पुलिस - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पिछले महीने कर्नाटक से मुंबई आ रही एक लग्जरी बस में ढाई करोड़ से ज्यादा की गोल्ड चोरी हुई थी। कई दिनों की मेहनत के बाद मुंबई पुलिस ने कनार्टक के एक टोल नाका के फास्टैग से आरोपियों की शिनाख्त कर ली। कुछ दिन पहले पुलिस आरोपियों के गांव तक भी पहुंची, लेकिन एक पटाखे ने पुलिस की पूरी मेहनत पर पानी फेर दिया।
विज्ञापन


क्या है पूरा मामला? 
मिली जानकारी के अनुसार,मुंबई के कालबादेवी इलाके में रामवाड़ी स्थित 'भवानी गोल्ड' नाम की फर्म से सोने के आभूषणों का थोक व्यापार और मार्केटिंग का काम किया जाता है। इस दुकान के मालिक शेरसिंह राजपूत हैं। यहां पिछले आठ साल से विक्रमसिंह लाखसिंह और तीन साल से हेमराज सुतार बतौर सेल्समैन काम करते हैं। इन दोनों का काम सोने के नए-नए डिजाइनों के सैंपल लेकर महाराष्ट्र और कर्नाटक के अलग-अलग शहरों में जाना, स्थानीय सुनारों को गहने दिखाकर ऑर्डर हासिल करना और सीधे बिक्री करना है।
विज्ञापन


हमेशा की तरह 12 जून को सुबह करीब 6 बजे विक्रमसिंह और हेमराज दुकान से करीब दो किलो सोने के विभिन्न आभूषण एक काले रंग के बैग में रखकर मार्केटिंग के लिए निकले थे। बैग में अंगूठियां, मंगलसूत्र के पेंडेंट, लॉकेट, पूरा मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और बालियों जैसे कई तरीके के गहने मौजूद थे। सबसे पहले दोनों पुणे पहुंचे,वहां का काम निपटाकर उसी दिन सांगली चले गए और रात में वहीं रुके। इसके बाद 13 जून को सांगली, विटा और कराड में काम निपटाया। 14 जून को कराड और जत इलाके में मार्केटिंग की। 15 जून को दोनों कर्नाटक के अथणी और विजापुर पहुंचे।
विज्ञापन
विज्ञापन


विजापुर में दोपहर के वक्त मार्केटिंग खत्म करने के बाद दोनों ने मुंबई लौटने की तैयारी की। हेमराज ने रेड बस ऐप के जरिए डॉल्फिन टूर्स एंड ट्रैवल्स कंपनी की स्लीपर कोच बस में सीट नंबर 7 और 8 बुक की। शाम करीब 7:15 बजे दोनों विजापुर के जेबी गार्डन से मुंबई आने वाली बस में सवार हुए। उनके पास काले रंग के दो पिठ्ठू बैग थे। एक बैग में सोने के गहने, बिल, कपड़े और निजी कागजात थे, जबकि दूसरे बैग में सिर्फ कपड़े और बाकी सामान था।

बस विजापुर से रवाना होकर अथणी, मिरज और सांगली में सवारियां लेते हुए रात करीब 11:30 बजे इस्लामपुर पेठ नाका पर एक होटल में खाने के लिए रुकी। वहां दोनों खाना खाने नहीं उतरे, बल्कि पास ही खड़े एक यात्री से बैग का ध्यान रखने को कहकर वॉशरूम चले गए और तुरंत वापस लौट आए। रात 12:10 बजे बस वहां से आगे के लिए रवाना हुई। रात करीब 1:45 बजे तक बस सातारा पहुंची, तब तक विक्रमसिंह और हेमराज दोनों जागे हुए थे। सातारा निकलने के बाद हेमराज सो गया और कुछ ही देर में विक्रमसिंह को भी नींद आ गई। विक्रमसिंह ने गहनों वाला बैग अपने पैरों के पास वाली रैक और खिड़की के कांच के बीच में सुरक्षित रखा था।

सुबह करीब 5:30 बजे जब बस पुणे-मुंबई एक्सप्रेस हाईवे खत्म होने के बाद नवी मुंबई के कलंबोली में मैकडोनाल्ड्स के सामने रुकी, तब ड्राइवर और क्लीनर ने यात्रियों को आवाज दी। आवाज सुनकर विक्रमसिंह और हेमराज की नींद खुली। उन्होंने तुरंत जब देखा तो रैक से गहनों वाला बैग गायब था, जबकि सिर्फ कपड़ों वाला बैग वहीं पड़ा हुआ था। उस वक्त कलंबोली में उतरने वाले यात्री उतर रहे थे और बस आगे बढ़ने लगी।

बस लेकर ही पहुंचे पुलिस स्टेशन
बैग गायब देखते ही दोनों ने तुरंत शोर मचाया और बस चालक को गाड़ी रोकने को कहा। ड्राइवर ने सड़क किनारे बस रोकी, जिसके बाद हेमराज ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही नवी मुंबई की कामोठे पुलिस मौके पर पहुंची और बस को सीधे पुलिस स्टेशन ले गई। पुलिस ने सभी सवारियों की मौजूदगी में पूरी बस की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन सोने के गहनों वाला बैग कहीं नहीं मिला। जांच में सामने आया कि सातारा से कलंबोली के बीच जब दोनों कर्मचारियों को नींद लग गई थी, उसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने मौका पाकर गहनों वाला बैग पार कर दिया। चोरों ने 2 करोड़ 63 लाख रुपये के 2 किलो सोने के आभूषण चोरी कर लिए थे।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने हमें बताया कि हमने बस ड्राइवर से पूछा कि बस कहां से चली थी। उसके बाद कई दिनों की मेहनत से बस के पूरे रूट्स के सीसीटीवी फुटेज चेक किए। उसी में पुलिस ने नोट किया, कि जिस बस में मुंबई के गोल्ड सेल्समैन बैठे थे, उस बस के पीछे कई किलोमीटर तक एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी थी। बाद में एक स्टाप पर स्कॉर्पियो से उतरकर कुछ लोग बस में चढ़ गए। पुलिस ने जब सीसीटीवी से स्कॉर्पियो  की नंबर प्लेट चेक की, तो वह फर्जी निकली। लेकिन स्कॉर्पियो गाड़ी का कलर पुलिस को मिल गया। फिर उस रंग वाली स्कॉर्पियो की डिटेल कर्नाटक से नवी मुंबई के कलंबोली तक के तमाम टोलनाका से निकाली गई। उसी में पता चला कि जब यह गाड़ी कर्नाटक के एक टोल नाका से निकली, तो  फास्टैग से उसका पेमेंट हुआ। पुलिस ने फिर उस अकाउंट नंबर धारक का डिटेल निकाला, जिससे यह पेमेंट हुआ था। यह अकाउंट धारक सोलापुर का निकला। पुलिस उसके घर पहुंची, तो पता चला कि वह बीमार था और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर एक दिन पहले ही घर लौटा था। उसने बताया कि वह गाड़ी चला ही नहीं रहा था। फिर उससे पूछा कि गाड़ी किसे दी थी, तब उसने अपने एक रिश्तेदार का नाम बताया।


पुलिस को उस रिश्तेदार के गांव का भी अड्रेस मिल गया। नवी मुंबई से फिर करीब 50 पुलिस वालों की फोर्स सादी वर्दी और वर्दी में आरोपियों के एड्रेस पर उनके गांव पहुंच गई। पुलिस को देखते ही किसी ने वहां एक पटाखा फोड़ दिया, जिसकी आवाज से असली चोर अलर्ट हो गए कि पुलिस आ गई और इसके बाद सभी वहां से भाग गए। एक पटाखे ने पुलिस की मेहनत पर पानी फेर दिया। एक महीने के बाद भी पुलिस की आरोपियों की खोजबीन जारी है, लेकिन आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं ।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed