{"_id":"6ac4de2729b47d72000142a3","slug":"father-asked-ai-how-to-destroy-evidence-of-daughter-s-murder-washed-blood-stained-clothes-in-washing-machine-2026-10-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"AI से पूछा- बेटी की हत्या के सबूत कैसे मिटाएं?: पिता ने वॉशिंग मशीन में धोए खून से सने कपड़े, सुनाई झूठी कहानी","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
AI से पूछा- बेटी की हत्या के सबूत कैसे मिटाएं?: पिता ने वॉशिंग मशीन में धोए खून से सने कपड़े, सुनाई झूठी कहानी
Tue, 06 Oct 2026 05:10 PM IST
सुनील मेहरोत्रा
अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
Published by: सुनील मेहरोत्रा
Updated Tue, 06 Oct 2026 05:10 PM IST
सार
महाराष्ट्र के सातारा से हत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस हत्याकांड़ में आरोप पिता ने एआई से अपनी बेटी के हत्या के सबूत मिटाने की तरकीब पूछी थी। पढ़ें क्राइम की एक दहला देने वाली स्टोरी।
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
महाराष्ट्र के सातारा शहर में पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी 17 साल की बेटी की हत्या के आरोप में एक शिक्षक पिता को गिरफ्तार किया गया है। सातारा के गोडोली इलाके के स्वराज्यनगर में हुई इस वारदात के बाद आरोपी ने अपने जुर्म के सबूत मिटाने के लिए एआई की मदद लेने की कोशिश की। उसने एआई से पूछा कि बेटी की हत्या के बाद सबूत कैसे मिटाए जा सकते हैं।
विज्ञापन
ऐसे छिपाए हत्या के सबूत
हालांकि, एआई ने आपराधिक काम में मदद करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद ही सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने खून से सने कपड़े वॉशिंग मशीन में तीन बार धोए, फर्श से खून साफ किया और हत्या में इस्तेमाल बल्ले को छत पर छिपा दिया। बाद में पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन फॉरेंसिक जांच में उसकी कहानी सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान आर्या पुरुषोत्तम कदम (17) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसके पिता पुरुषोत्तम कदम को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस की जांच के अनुसार, शनिवार की आधी रात गोडोली स्थित घर में टीवी देखने, मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने और अशिष्ट व्यवहार को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसी दौरान आर्या ने गुस्से में अपनी छोटी बहन के साथ मारपीट कर दी। घर का माहौल बिगड़ता देख मां अपने दो छोटे बच्चों को लेकर बेडरूम में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
विज्ञापन
क्यों पिता ने की हत्या?
इसके बाद घर के दूसरे कमरे में आर्या और उसके पिता के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आर्या ने अपने पिता पर हमला करने की कोशिश की। इससे गुस्साए पुरुषोत्तम ने घर में रखा लकड़ी का क्रिकेट बैट उठाया और आर्या के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, बेटी की मौत का एहसास होते ही पुरुषोत्तम घबरा गया। इसके बाद उसने अपने मोबाइल फोन से एआई की मदद लेने की कोशिश की। उसने एआई से पूछा कि उससे अनजाने में बेटी की हत्या हो गई है और इस अपराध के सबूत कैसे मिटाए जा सकते हैं। एआई ने सुरक्षा और नैतिक नियमों के तहत उसे ऐसी जानकारी देने से इनकार कर दिया।
एआई से मदद नहीं मिलने के बाद आरोपी ने खुद ही सबूत मिटाने की कोशिश शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, उसने आर्या के खून से सने टी-शर्ट को वॉशिंग मशीन में डालकर तीन बार धोया। इसके बाद कमरे के फर्श पर लगे खून के धब्बों को पानी से साफ किया। हत्या में इस्तेमाल खून से सने क्रिकेट बैट को भी उसने घर की छत पर ले जाकर छिपा दिया।
ये कहानी सुनाकर पुलिस को किया गुमराह
इसके बाद पुरुषोत्तम ने पुलिस की 112 हेल्पलाइन पर फोन किया और घटना की अलग कहानी बताई। पुलिस के अनुसार, उसने दावा किया कि आर्या ने गुस्से में खुद अपना सिर दीवार पर पटक लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की तो मौके से मिले सबूत उसकी बताई कहानी से मेल नहीं खा रहे थे।
जांच के दौरान पुलिस को हत्या में इस्तेमाल क्रिकेट बैट और अन्य महत्वपूर्ण सबूत मिले। फॉरेंसिक जांच और पुलिस की पूछताछ में घटनाक्रम सामने आने के बाद पुलिस ने पुरुषोत्तम कदम को गिरफ्तार कर लिया।