फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   IIT Bombay Student Sahil Wakode Regretted Exam Mistake Before Death, Police Say

आईआईटी बॉम्बे: 'मुझसे गलती हो गई', आत्महत्या से पहले महिला मित्र से साहिल ने की थी बात; पुलिस जांच में खुलासा

Mon, 28 Sep 2026 03:19 PM IST
शिवम गर्ग पीटीआई, मुंबई
पीटीआई, मुंबई Published by: शिवम गर्ग Updated Mon, 28 Sep 2026 03:19 PM IST
सार

आईआईटी बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच में पुलिस को उसकी आखिरी बातचीत से जुड़ी अहम जानकारी मिली है। परीक्षा में कथित नकल के बाद उसने दोस्तों से बात की और एक महिला मित्र से गलती पर पछतावा जताया था। अब फोन, सीसीटीवी और जातिगत उत्पीड़न के आरोपों की भी जांच हो रही है। आखिर मौत से पहले क्या हुआ था? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
IIT Bombay Student Sahil Wakode Regretted Exam Mistake Before Death, Police Say
आईआईटी बॉम्बे में छात्र की मौत पर बड़ा खुलासा (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : Amar Ujala Graphics

विस्तार

मुंबई में आईआईटी बॉम्बे के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में पुलिस जांच में कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को परीक्षा में कथित तौर पर नकल करते पकड़े जाने के बाद साहिल ने कई दोस्तों को फोन किया था। इनमें एक महिला मित्र भी शामिल थी, जिससे बातचीत के दौरान उसने परीक्षा में हुई गलती को लेकर पछतावा जताया था।

विज्ञापन


परीक्षा में पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद छात्र ने दी जान
साहिल वाकोडे आईआईटी बॉम्बे में दूसरे वर्ष का छात्र था। 18 सितंबर की शाम उसे छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। पुलिस के अनुसार, इससे कुछ घंटे पहले ही उसे मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने परीक्षा के दौरान ChatGPT की मदद लेने के लिए फोन का इस्तेमाल किया था। पुलिस अब परीक्षा केंद्र में हुई घटना और उसके बाद साहिल की गतिविधियों के बीच की पूरी कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन


महिला मित्र से फोन पर क्या कहा?
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के बाद साहिल ने कई दोस्तों से फोन पर बातचीत की थी। जांच के दौरान सामने आया कि उसने एक महिला मित्र से भी बात की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान साहिल ने थर्मोडायनेमिक्स के पेपर में हुई गलती का जिक्र किया और परीक्षा में कथित नकल की घटना को लेकर पछतावा व्यक्त किया था। उसने अपने प्रदर्शन को लेकर भी निराशा जाहिर की थी। पुलिस ने इस बातचीत और अन्य फोन कॉल्स से जुड़ी जानकारी को जांच का हिस्सा बनाया है।

25 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज
मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच अब तक 25 से अधिक लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें आईआईटी बॉम्बे के छात्र, शिक्षक और हॉस्टल स्टाफ शामिल हैं। जांचकर्ताओं ने उन छात्रों और दोस्तों से भी पूछताछ की है, जिनसे साहिल ने परीक्षा खत्म होने और उसकी मौत के बीच फोन पर बातचीत की थी। पुलिस इन बयानों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि परीक्षा में पकड़े जाने के बाद से लेकर मौत तक घटनाक्रम किस तरह आगे बढ़ा।

आईफोन की फॉरेंसिक जांच, एपल से भी मांगी जा सकती है मदद
पुलिस ने साहिल के आईफोन को तकनीकी जांच के लिए मुंबई की कालिना फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा है। जांच एजेंसियां फोन से डिजिटल लॉग, डिवाइस हिस्ट्री और अन्य उपलब्ध जानकारी हासिल करना चाहती हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अगर स्थानीय फॉरेंसिक विशेषज्ञ फोन को अनलॉक करने या जरूरी डेटा निकालने में सफल नहीं होते हैं, तो एपल से तकनीकी सहायता मांगी जा सकती है। इसके अलावा, पुलिस ने व्हाट्सएप से भी संबंधित अकाउंट की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए औपचारिक अनुरोध किया है।

सीसीटीवी फुटेज से भी घटनाक्रम की जांच
जांच में आईआईटी बॉम्बे परिसर के सीसीटीवी फुटेज को भी अहम माना जा रहा है। पुलिस इन फुटेज के जरिए परीक्षा के बाद साहिल की गतिविधियों और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है।

सीसीटीवी फुटेज को भी कालिना फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है। पुलिस इसे सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्रमाणित कराने की प्रक्रिया में है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे अदालत में साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जा सके।

परिवार ने लगाए जातिगत उत्पीड़न के आरोप
साहिल के परिवार ने उसकी मौत के मामले में संस्थान में जातिगत भेदभाव और उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं। क्राइम ब्रांच इन आरोपों की भी अलग से जांच कर रही है। साहिल के पिता की शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। छात्र की मौत के बाद प्रोफेसर डूला को संस्थान के डीन ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के पद से हटा दिया गया था।

साहिल के पिता ने पुलिस को दिए बयान में दावा किया है कि आखिरी मुलाकात के दौरान उनके बेटे ने प्रोफेसर डूला पर पिछले करीब तीन महीने से जातिगत टिप्पणी और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया था। पिता के मुताबिक, साहिल ने यह भी कहा था कि संस्थान के निदेशक शिरीष केदारे के कहने पर उसके खिलाफ ऐसा व्यवहार किया जा रहा था और उसे झूठे मामले में फंसाए जाने का डर था। पुलिस ने कहा है कि प्रोफेसर डूला का बयान अभी दर्ज नहीं किया गया है। जांच एजेंसी सभी बयानों, तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।


डिजिटल सबूतों से खुलेगी कई सवालों की कड़ी
पुलिस के अनुसार, साहिल के फोन से मिलने वाली जानकारी, व्हाट्सएप से प्राप्त रिकॉर्ड और परिसर की सीसीटीवी फुटेज मामले की टाइमलाइन तैयार करने में महत्वपूर्ण हो सकते हैं। जांच एजेंसी परीक्षा में कथित नकल की घटना से लेकर साहिल की मौत तक के घटनाक्रम को तकनीकी और प्रत्यक्ष साक्ष्यों के आधार पर जोड़ रही है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मामले से जुड़े आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed