{"_id":"6af55e4d2032b39ab8001ff8","slug":"india-stands-united-resolute-against-terrorism-mallikarjun-kharge-condemns-killing-of-two-spos-in-kishtwar-2026-11-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"जम्मू कश्मीर: 'भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़', खरगे ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या की निंदा की","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
जम्मू कश्मीर: 'भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़', खरगे ने किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या की निंदा की
Thu, 12 Nov 2026 12:06 PM IST
राहुल कुमार
एएनआई, नई दिल्ली।
एएनआई, नई दिल्ली।
Published by: राहुल कुमार
Updated Thu, 12 Nov 2026 12:06 PM IST
विज्ञापन
मल्लिकार्जुन खरगे
- फोटो : ani
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या की निंदा की। उन्होंने कहा कि आतंकवाद की कोई भी घटना देश की रक्षा करने, अपने लोगों की सुरक्षा करने और शांति बनाए रखने के भारत के सामूहिक संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़ है।
विज्ञापन
खरगे ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में दोनों पुलिसकर्मियों की हत्या पर दुख जताया। यह घटना कुलगाम जिले में आतंकवादी हमले में तीन सीआरपीएफ जवानों के घायल होने के एक दिन बाद हुई है। उन्होंने एसपीओ के साहस और बलिदान को नमन किया और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विज्ञापन
खरगे ने लिखा, किश्तवाड़ में दो बहादुर विशेष पुलिस अधिकारियों की दुखद मौत से बेहद दुखी हूं। यह घटना कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए आतंकवादी हमले के ठीक एक दिन बाद हुई है। मैं अपने बहादुर जवानों के साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को नमन करता हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। उन्होंने कहा, "भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट और दृढ़ है। आतंकवाद की कोई भी घटना देश की रक्षा करने, अपने लोगों की सुरक्षा करने और शांति बनाए रखने के हमारे सामूहिक संकल्प को कमजोर नहीं कर सकती।"
विज्ञापन
किश्तवाड़ जिले के दूरदराज के दच्छन इलाके में बुधवार से लापता दोनों एसपीओ के गोलियों से छलनी शव गुरुवार सुबह बरामद किए गए। उनकी पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है।दोनों पुलिसकर्मी दच्छन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) के साथ तैनात थे। वे बुधवार को अपने शिविर से धरना-मरवाह स्थित सेना की चौकी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे लापता हो गए थे।
किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार ने भी दोनों पुलिसकर्मियों की हत्या पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि दोनों के शव सुबह करीब आठ बजे और नौ बजे बरामद किए गए। परिहार ने कहा, "दो एसपीओ की कथित हत्या की घटना बेहद दुखद है। दक्षिणी क्षेत्र के हमारे दो एसपीओ की हत्या कर दी गई है। वे कल रात से लापता थे और आज सुबह उनके शव बरामद किए गए। एक का शव सुबह करीब आठ बजे और दूसरे का करीब नौ बजे मिला। यह बेहद दुखद है।"
इस बीच, जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने भी इन हत्याओं को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आतंकवाद को समर्थन देने वाला पुराना नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आतंकवादियों ने दूरदराज के दच्छन इलाके के घने जंगल से गुजरते समय दोनों पुलिसकर्मियों का अपहरण किया था। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को समर्थन देने वाले तंत्र के कुछ हिस्से अब भी क्षेत्र में मौजूद हैं। जम्मू-कश्मीर में धीरे-धीरे शांति स्थापित होने के बावजूद आतंकवादी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। शर्मा ने कहा, "देखिए, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जम्मू-कश्मीर में धीरे-धीरे शांति स्थापित हो रही है, लेकिन हताश आतंकवादी अपनी मौजूदगी दिखाने के लिए ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।"
वहीं, कुलगाम जिले में हुई एक अन्य घटना के बाद गुरुवार को करीब 17 घंटे तक बड़े स्तर पर घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाया गया। बुधवार को नौपोरा अखरान में सुरक्षा जांच चौकी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की थी। यह हमला बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुआ। हमलावरों ने सुरक्षा जवानों पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस गोलीबारी में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अनंतनाग जिले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।