सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   JDU will return to its agenda of secularism to get old status expected to confront BJP in future

पुराना रुतबा पाने के लिए धर्मनिरपेक्षता के अपने एजेंडे पर लौटेगा जदयू, भविष्य में भाजपा से टकराव के आसार

हिमांशु मिश्र, नई दिल्ली Published by: देव कश्यप Updated Tue, 29 Dec 2020 04:58 AM IST
विज्ञापन
JDU will return to its agenda of secularism to get old status expected to confront BJP in future
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (फाइल फोटो) - फोटो : PTI
विज्ञापन

विधानसभा चुनाव के झटके से उबरने के लिए जदयू फिर से अपने सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के पुराने एजेंडे पर लौटेगा। रविवार को हुई पार्टी की राष्ट्रीय परिषद में आम राय थी कि गठबंधन में भाजपा के मूल मुद्दे हावी रहने का पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा। पार्टी ने भविष्य में पिछड़े मुसलमानों को फिर से साधने और भाजपा के हिंदूवादी एजेंडे से अपना अलग रुख तय करने का फैसला किया है।

Trending Videos


अरुणाचल प्रदेश में जदयू विधायकों के पाला बदल कर भाजपा में जाने के बाद हुई इस बैठक में खासतौर पर विधानसभा चुनाव में प्रदर्शन की समीक्षा हुई। बैठक में आम राय थी कि नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) पर पार्टी अलग रुख पेश नहीं कर सकी। इसके कारण जदयू के साथ रहने वाला मुसलमानों का एक वर्ग इस बार विपक्षी महागठबंधन और एआईएमआईएम के साथ चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन



हिंदूवादी एजेंडे पर टकराव तय
जदयू के रुख के बाद हिंदूवादी एजेंडे पर भाजपा से खींचतान तय है। जदयू ने धर्मांतरण विरोधी कानून के खिलाफ स्वर बुलंद करने की रणनीति बनाई है। रविवार की बैठक में पार्टी महासचिव केसी त्यागी ने इसे समाज में घृणा फैलाने वाला कानून बताया। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित प्रदेश भाजपा के कई नेता ऐसा ही कानून बिहार में बनाने की मांग कर रहे हैं। जबकि जदयू इस मुद्दे पर सख्त रुख अपना कर मुसलमानों को सकारात्मक संदेश देना चाहता है।

इसलिए दबाव बना रहे नीतीश
कम सीट हासिल करने के बावजूद नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने के बाद भाजपा अब मंत्रिमंडल में आनुपातिक आधार पर ज्यादा हिस्सेदारी चाहती है, लेकिन नीतीश ऐसा नहीं चाहते। नीतीश पहले की तरह बराबर की भागीदारी चाहते हैं। चूंकि भाजपा गठबंधन में खुद को बड़ा भाई बनने का सियासी संदेश देना चाहती है, लेकिन पार्टी इस मामले में समझौता नहीं करना चाहती। ऐसे में नीतीश अपने नेतृत्व में सरकार चलाने के लिए भाजपा पर दबाव बना रहे हैं।

क्यों चिंतित है जदयू
जदयू की चिंता का कारण विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन है। नीतीश को लगता है कि भविष्य में अनुकूल परिस्थितियां आते ही भाजपा राज्य में अपना मुख्यमंत्री बना लेगी। भाजपा की इस रणनीति की काट के लिए नीतीश नई रणनीति पर काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि बीते चार चुनावों में जदयू का वोट लगातार घट रहा है। 2005 में 25 फीसदी, 2010 में करीब 23 फीसदी, 2015 में 17 फीसदी और इस चुनाव में करीब 15 फीसदी मत मिले।

घटक दलों के अनुरोध पर नीतीश ने सीएम बनना स्वीकार किया : मोदी
नीतीश कुमार के उस दावे को कि वह मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे, भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने सही ठहराया है। सुशील मोदी का कहना है कि नीतीश ने राजग के घटक दलों जदयू, भाजपा और वीआईपी नेताओं के अनुरोध पर मुख्यमंत्री बनना स्वीकार किया था।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे। मोदी ने कहा, भाजपा और जदयू नेताओं ने उनसे आग्रह किया कि वे उनके नाम पर चुनाव में उतरे थे और लोगों ने उनके लिए मतदान किया था। तब वह मुख्यमंत्री बनने को तैयार हुए।

उन्होंने कहा कि जदयू के नेता पहले ही कह चुके हैं कि अरुणाचल प्रदेश में जो कुछ हुआ उससे बिहार में गठबंधन और सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बिहार में हमारा गठबंधन अटूट है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा करेगी। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed