ISRO: GSLV लॉन्च से लेकर गगनयान तक... 2025 में प्रमुख मिशनों के लिए इसरो तैयार, केंद्रीय मंत्री ने की समीक्षा
इसरो ने 2025 की पहली छमाही में प्रमुख अंतरिक्ष मिशन निर्धारित किए हैं, जिनमें दो जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (जीएसएलवी) मिशन, वैश्विक ग्राहक के लिए लॉन्च व्हीकल मार्क-III (एलवीएम3) का एक वाणिज्यिक मिशन और गगनयान का पहला मानवरहित कक्षीय मिशन शामिल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इसरो 2025 में निर्धारित प्रमुख मिशनों के लिए तैयार है। इसमें जीएसएलवी लॉन्च से लेकर गगनयान तक शामिल हैं। गगनयान कार्यक्रम के तहत पहले मानव रहित कक्षीय मिशन की लॉन्चिंग की जाएगी। इसरो के अधिकारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह को समीक्षा बैठक के दौरान इस बारे में जानकारी दी। बैठक में इसरो अध्यक्ष एस सोमनाथ और नामित अध्यक्ष वी नारायणन व मिशन निदेशक मौजूद रहे।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, इसरो ने 2025 की पहली छमाही में प्रमुख अंतरिक्ष मिशन निर्धारित किए हैं, जिनमें दो जियोसिंक्रोनस सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल (जीएसएलवी) मिशन, वैश्विक ग्राहक के लिए लॉन्च व्हीकल मार्क-III (एलवीएम3) का एक वाणिज्यिक मिशन और गगनयान का पहला मानवरहित कक्षीय मिशन शामिल है।
जीएसएलवी-एफ15/एनवीएस-02 में स्वदेशी रूप से विकसित परमाणु घड़ी होगी
विज्ञप्ति में कहा गया है कि साल का पहला मिशन जीएसएलवी-एफ15/एनवीएस-02 होगा, जो एनवीएस श्रृंखला में दूसरा नेविगेशन उपग्रह, एनवीएस-2 प्रक्षेपित करेगा। यह उपग्रह स्थिति, नेविगेशन और समय निर्धारण सेवाएं प्रदान करेगा। इसमें स्वदेशी रूप से विकसित परमाणु घड़ी को शामिल करने के अलावा, एनवीएस श्रृंखला में एल1 बैंड में सिग्नल भी शामिल हैं। श्रीहरिकोटा स्थित इसरो कॉम्प्लेक्स में लॉन्च वाहन का एकीकरण उन्नत चरण में है और जनवरी 2025 के अंतिम सप्ताह के दौरान इसकी लॉन्चिंग निर्धारित है।
12 दिनों में पूरी दुनिया का नक्शा तैयार करेगा निसार
इसके अलावा, जीएसएलवी-एफ16 मिशन में इसरो-नासा संयुक्त मिशन, निसार (नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार) का प्रक्षेपण किया जाएगा। निसार एक उन्नत माइक्रोवेव रिमोट सेंसिंग उपग्रह है, जो 12 दिनों में पूरी दुनिया का नक्शा तैयार करेगा और कृषि, भूकंप, भूस्खलन आदि के संबंध में डेटा प्रदान करेगा। श्रीहरिकोटा में जीएसएलवी वाहन प्रणाली अंतिम एकीकरण के लिए तैयार हो रही है और निसार उपग्रह परीक्षण के अंतिम चरण से गुजर रहा है।
एलवीएम3-एम5 प्रक्षेपण वाणिज्यिक मिशन
एलवीएम3-एम5 प्रक्षेपण एक वाणिज्यिक मिशन होगा, जिसमें ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रहों को लॉन्च किया जाएगा। इस मिशन के लिए न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड (एनएसआईएल) और मेसर्स एएसटी स्पेसमोबाइल इंक, यूएसए के बीच एक वाणिज्यिक समझौता किया गया है। इसरो ने आगे कहा कि श्रीहरिकोटा में एलवीएम3 वाहन प्रणाली उपलब्ध है और मार्च 2025 में प्रस्तावित प्रक्षेपण के लिए वाहन एकीकरण शुरू हो गया है।
गगनयान के लॉन्चिंग श्रीहरिकोटा में चल रही तैयारियां
मंत्री जितेंद्र सिंह को यह भी बताया गया कि इस साल गगनयान कार्यक्रम के तहत पहला मानवरहित कक्षीय मिशन होगा, जिसमें मानव रेटेड लॉन्च व्हीकल मार्क-3 का इस्तेमाल किया जाएगा। इस मिशन में चालक दल मॉड्यूल को ऑर्बिटल मॉड्यूल से अलग किया जाएगा, और यह पृथ्वी के वायुमंडल में पुनः प्रवेश करेगा। इस मिशन के लिए, श्रीहरिकोटा में लॉन्च वाहन एकीकरण शुरू हो गया है और ऑर्बिटल मॉड्यूल तैयारियों के अंतिम चरण से गुजर रहा है।
संबंधित वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.