Lionel Messi Bengal: अरूप बिस्वास ने मांगी अग्रिम जमानत, मेसी कार्यक्रम में टिकट की कालाबाजारी का आरोप
लियोनेल मेसी के ‘गोएट इंडिया टूर’ कार्यक्रम से जुड़े कथित टिकट कालाबाजारी और तोड़फोड़ मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने बारासात जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने आज उत्तर 24 परगना जिले की एक अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की। यह याचिका बारासात जिला न्यायालय में दाखिल की गई है, जो पिछले सप्ताह उनके खिलाफ दर्ज की गई प्राथमिकी के बाद दायर की गई है।
यह मामला 13 दिसंबर 2024 को साल्ट लेक स्थित युवा भारती क्रीड़ांगन में आयोजित फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के ‘गोएट इंडिया टूर’ कार्यक्रम के दौरान हुई कथित तोड़फोड़ और अव्यवस्था से संबंधित है। इस संबंध में उत्तर 24 परगना जिले के बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने में बिस्वास के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
हालांकि अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है, लेकिन मामले की पहली सुनवाई की तारीख अभी निर्धारित नहीं की गई है।
पुलिस ने 30 मई की रात को कार्यक्रम के मुख्य आयोजक सतद्रु दत्ता द्वारा 17 मई को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर यह प्राथमिकी दर्ज की थी।
अरूप बिस्वास दक्षिण 24 परगना जिले की टॉलीगंज विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के चार बार विधायक रह चुके हैं। हालांकि 2026 के चुनाव में उन्हें इसी सीट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार और पहली बार विधायक बनी पापिया अधिकारी ने उन्हें छह हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।
इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान पुलिस ने युवा भारती क्रीड़ांगन प्रकरण में कार्यक्रम आयोजक सतद्रु दत्ता को गिरफ्तार किया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। 17 मई को दत्ता ने अरूप बिस्वास और कुछ अन्य व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने ने पूर्व मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
30 मई की रात एफआईआर दर्ज होने के बाद दत्ता ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी, राज्य के वर्तमान खेल मंत्री निशीथ प्रमाणिक तथा राज्य के पुलिस महानिदेशक सिद्ध नाथ गुप्ता का आभार व्यक्त किया। अपनी शिकायत में दत्ता ने आरोप लगाया है कि मेसी कार्यक्रम के लगभग 22,000 टिकटों की कथित रूप से कालाबाजारी की गई थी। पुलिस ने इन आरोपों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।