Maharashtra: शरद पवार को अस्पताल से मिली छुट्टी, महाराष्ट्र में कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए सख्त होगा कानून
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार को बुधवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक से छुट्टी मिल गई है। उनकी तबीयत अब पूरी तरह ठीक है। अस्पताल के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ और चेयरमैन डॉ. पुरवेज ग्रांट ने बताया कि पवार की सेहत अब स्थिर है और वह मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। 85 साल के शरद पवार को रविवार को हल्का डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) होने के बाद इस निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉ. ग्रांट ने जानकारी दी कि पवार साहब की सभी मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आई हैं और उन्हें किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है। इलाज के दौरान उनकी सेहत में तेजी से सुधार हुआ। डॉक्टरों ने पहले ही उम्मीद जताई थी कि उन्हें 48 घंटों के भीतर घर भेज दिया जाएगा। अस्पताल प्रशासन ने उनकी सेहत पर संतोष व्यक्त किया है। अब पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है। वह अब पूरी तरह ठीक हैं और अपने घर लौट रहे हैं।
महाराष्ट्र में कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए सख्त होगा कानून, स्वास्थ्य मंत्री का एलान
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर ने बुधवार को विधानसभा में बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट को और ज्यादा मजबूत करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य लड़के और लड़कियों के लिंग अनुपात में सुधार करना है। एनसीपी (एसपी) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने इस मुद्दे पर ध्यानाकर्षण नोटिस दिया था। इस पर जवाब देते हुए मंत्री ने बताया कि राज्य में लिंग अनुपात में सुधार हो रहा है। साल 2023 में 1,000 लड़कों पर 907 लड़कियां थीं। यह संख्या 2024 में बढ़कर 912 हो गई और अब यह 913 तक पहुंच गई है।
मंत्री ने जानकारी दी कि इस कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए 90 स्टिंग ऑपरेशन के जरिए नकली केस का इस्तेमाल करके, 627 केस दर्ज किए गए, और 129 डॉक्टरों के रजिस्ट्रेशन कैंसिल कर दिए गए हैं। जितेंद्र आव्हाड ने मांग की कि इस अपराध को संगठित अपराध माना जाए और दोषियों पर मकोका (MCOCA) जैसा सख्त कानून लगाया जाए। इस पर मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मौजूदा नियमों को और कड़ा किया जाएगा। उन्होंने इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए जागरूकता बढ़ाने और मिलकर प्रयास करने पर भी जोर दिया।
रेलवे पुलिस भर्ती के दौरान अभ्यर्थी की मौत
मुंबई के घाटकोपर क्षेत्र में सरकारी रेलवे पुलिस की भर्ती प्रक्रिया के दौरान 30 वर्षीय अभ्यर्थी अक्षय मिसाल की मौत हो गई। वह बुलढाणा जिले का निवासी था। पुलिस के अनुसार, 1600 मीटर की दौड़ पूरी करने के कुछ ही समय बाद वह अचानक गिर पड़ा। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि वह पहले दो प्रयासों में असफल रहा था और इस वर्ष तीसरी बार परीक्षा दे रहा था। मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।
छह साल की बच्ची की मौत पर घोड़ा संचालक को दो साल की सजा
सत्र न्यायालय ने 2017 में दक्षिण मुंबई में घुड़सवारी के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में घोड़ा संचालक सोहन जायसवाल को दो वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने पाया कि आरोपी के पास वैध लाइसेंस नहीं था और उसने बच्ची को आवश्यक सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध नहीं कराए थे। घुड़सवारी के दौरान बच्ची गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी और अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई थी। अदालत ने भारतीय दंड संहिता की धारा 304-II के तहत दोषी ठहराया।
बेटे ने की मां के गहनों की चोरी, तीन घंटे में गिरफ्तारी
लातूर जिले में एक युवक ने अपनी ही मां के घर से सोने के गहने चोरी कर लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी विश्लेषण व स्थानीय सूचना के आधार पर तीन घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। चोरी के गहने उसके ही घर की अलमारी से बरामद कर मां को वापस सौंप दिए गए।
महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नरवेकर ने दिवंगत पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की स्मृति में विधानसभा परिसर में स्मारक बनाने की घोषणा की है। शोक प्रस्ताव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पवार एक प्रभावशाली जननेता थे और नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने के लिए स्मारक आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री और संबंधित पक्षों के समक्ष रखा जाएगा, जिसके बाद उचित निर्णय लिया जाएगा। गौरतलब है कि 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में विमान हादसे में अजित पवार समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी।
मुंबई एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए 3 यात्रियों से 23 करोड़ का गांजा जब्त
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग (कस्टम) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मंगलवार को विभाग ने बैंकॉक से लौटे तीन यात्रियों के पास से उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 23.59 करोड़ रुपये आंकी गई है। एडवांस पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम की मदद से पहचान कर की गई इस कार्रवाई में कुल 23.59 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।
इसी अभियान के दौरान विभाग ने सोने की तस्करी के भी तीन मामले दर्ज किए। इनमें यात्रियों से 85.35 लाख रुपये का 591.9 ग्राम सोना बरामद किया गया। इसके अलावा अवैध रूप से दवाइयों का निर्यात करने की कोशिश कर रहे एक यात्री को पकड़ा गया। कस्टम अधिकारियों के अनुसार तस्करी के इन अंतरराष्ट्रीय गिरोह को तोड़ने के लिए निगरानी और अधिक सख्त कर दी गई है।
महाराष्ट्र भाजपा में संगठनात्मक फेरबलदल
महाराष्ट्र भाजपा ने संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) पार्षद नवनाथ बन को प्रदेश भाजपा का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र चव्हाण ने मंगलवार को अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें मुख्य प्रवक्ता, महासचिव, सचिव, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष सहित युवा मोर्चा सहित अन्य प्रकोष्ठ के महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।
चव्हाण ने बताया कि अब तक पार्टी में मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी निभा रहे नवनाथ बन मुख्य प्रवक्ता बनाए गए हैं। वहीं, प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रहे केशव उपाध्ये को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इनके अलावा, विधायक मिहिर कोटेचा प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
भाजपा ने जुलाई 2025 में चव्हाण को महाराष्ट्र प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। चव्हाण ने बताया कि इसके तुरंत बाद आचार संहिता लागू हो गई और स्थानीय निकाय चुनाव शुरू हो गए। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं ने निर्णय लिया कि प्रदेश कार्यकारिणी और पदाधिकारियों को घोषणा चुनाव के बाद की जाएगी। इन नियुक्तियों को अंतिम रूप देने से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, संगठन मंत्री बीएल संतोष, सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश के साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र के अन्य नेताओं से विस्तृत चर्चा की गई।