तेज रफ्तार थार का कहर: गोवा घूमने गया परिवार हादसे का शिकार, 65 वर्षीय पर्यटक की मौत, बाल-बाल बचा नवजात
गोवा में छुट्टियां मनाने गए भोपाल के 65 वर्षीय पर्यटक की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं। तेज रफ्तार किराए की थार ने उनकी कार को पीछे से ऐसी टक्कर मारी कि परिवार के सामने ही उनकी जान चली गई। इस हादसे में परिवार के दो सदस्य घायल हुए, जबकि नवजात बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ड्राइवर बदलने की कोशिश के आरोपों ने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। आइए पूरा घटनाक्रम जानते हैं।
विस्तार
गोवा के असगांव इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भोपाल के 65 वर्षीय पर्यटक भगत राम शर्मा की मौत हो गई। यह हादसा हैप्पी बार जंक्शन पर हुआ, जब तेज रफ्तार एसयूवी ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, भगत राम शर्मा अपने परिवार के साथ हुंडई आई20 कार में यात्रा कर रहे थे। तभी पीछे से आ रही किराए की महिंद्रा थार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही शर्मा को मृत घोषित कर दिया गया।
हालांकि कार में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। कार में मौजूद पांच महीने का एक शिशु सुरक्षित बच गया। एहतियात के तौर पर उसे भी मेडिकल निगरानी में रखा गया है।
ये भी पढ़ें:- क्या है हेक्सागॉन अलायंस: भारत को क्यों इसका हिस्सा बनाना चाहता है इस्राइल, पश्चिम एशिया के लिए क्या है मकसद?
हादसे के बाद प्रत्यक्षदर्शी का आरोप
वहीं इस मामले में प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद थार में सवार लोग ड्राइवर बदलने की कोशिश कर रहे थे। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में थार में बैठा एक युवक फोन पर बात करते हुए सुनाई दे रहा है, जिसमें वह अपने पिता से कहता है कि पापा, मैं चौराहे पर था। इतना ही नहीं वायरल वीडियो में दोनों गाड़ियों को हुए नुकसान को भी साफ देखा जा सकता है। साथ ही एसयूवी की पिछली सीट पर तीन महिलाएं बैठी नजर आ रही हैं।
ये भी पढ़ें:- NCERT किताब विवाद: न्यायपालिका से जुड़ी सामग्री हटाएगी सरकार, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद फैसला; जानिए मामला
पुलिस ने एसयूवी जब्त कर जांच शुरू की
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि थार में सवार लोग असली चालक को बचाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि पुलिस ने कहा है कि इन आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस ने किराए की एसयूवी को जब्त कर लिया है और लापरवाही से गाड़ी चलाकर मौत का मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और वायरल वीडियो की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के समय गाड़ी कौन चला रहा था।
अन्य वीडियो
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.