Covid 19: महाराष्ट्र में घातक हो रहा कोरोना , 12 नए मरीजों की हुई पुष्टि; 76 वर्षीय महिला की मौत
महाराष्ट्र में कोरोना फिर धीरे-धीरे पैर पसार रहा है। शनिवार को 12 नए मरीज मिले और कोल्हापुर की 76 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इस साल राज्य में अब तक 2,569 संक्रमित, 41 मौतें और 2,466 लोग ठीक हो चुके हैं। लगातार बढ़ते मामले को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्क रहने की अपील की है।
विस्तार
देशभर में एक बार फिर धीरे-धीरे कोरोना वायरस अपने पैर पसार रहा है। इसी क्रम में शनिवार को भी महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 12 नए मामले सामने आए हैं। इतना ही नहीं एक महिला की मौत हो गई है। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस साल एक जनवरी से अब तक राज्य में कुल 2,569 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और 41 लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को कोल्हापुर की 76 साल की महिला की कोरोना से मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक महिला पहले से कुछ गंभीर बीमारियों से पीड़ित थी, जिससे उसकी हालत और बिगड़ गई।
ये भी पढ़ें:- Maharashtra: 'रैली जीत का जश्न नहीं, बल्कि शोक का नजारा था', सीएम फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को लिया आड़े हाथ
बता दें कि शनिवार को जिन 12 नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, उनमें पुणे से चार मरीज, मुंबई से दो मरीज, ठाणे जिला से दो मरीज, नागपुर से दो मरीज, कोल्हापुर से एक मरीज और गढ़चिरोली से एक मरीज शामिल हैं।कुल मिलाकर मुंबई में इस साल अब तक 1,007 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 551 मरीज जून महीने में मिले और जुलाई के पहले पाँच दिनों में 15 नए मरीज सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें:- Justice Varma Case: 'सुप्रीम कोर्ट की आंतरिक जांच रिपोर्ट का कोई सांविधानिक महत्व नहीं', कपिल सिब्बल का बयान
कितने लोगों में हुआ सुधार?
वहीं बात इस वायरस से संक्रमित लोगों के सुधार की करें तो राज्य में अब तक 2,466 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। यानी ज्यादातर मरीजों की हालत में सुधार हुआ है और वे घर लौट चुके हैं। इस साल अब तक महाराष्ट्र में 32,842 कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं। साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, भीड़-भाड़ से बचें, साफ-सफाई का ध्यान रखें और बीमार महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।