Uddhav-Raj Thackeray Meeting: 6 साल बाद मातोश्री पहुंचे राज ठाकरे, उद्धव ठाकरे को दी जन्मदिन की बधाई
रविवार को राज ठाकरे मातोश्री पहुंचे तो महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारे में इसकी खूब चर्चा शुरू हो गई। दोनों भाइयों की इस मुलाकात को रिश्तों में जमी बर्फ के तेजी से पिघलने और मनसे और शिवसेना यूबीटी के संभावित गठबंधन से जोड़कर देखा जा रहा है।
विस्तार
20 साल में तीसरी बार मातोश्री पहुंचे राज ठाकरे
राज ठाकरे ने साल 2005 में शिवसेना छोड़ी थी और शिवसेना छोड़ने के बाद से आज से पहले तक राज ठाकरे सिर्फ दो ही बार मातोश्री गए थे। यही वजह है कि जब रविवार को राज ठाकरे मातोश्री पहुंचे तो महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारे में इसकी खूब चर्चा हो रही है। दोनों भाइयों की इस मुलाकात को रिश्तों में जमी बर्फ के तेजी से पिघलने के तौर पर देखा जा रहा है।
Mumbai | MNS chief Raj Thackeray met Shiv Sena UBT leader Uddhav Thackeray at Matoshree today and extended birthday wishes to Uddhav Thackeray
(Source: Shiv Sena-UBT) pic.twitter.com/jLtrNBAsf1 — ANI (@ANI) July 27, 2025
राज ठाकरे का आना मेरे लिए काफी मायने रखता है: उद्धव
शिवसेना यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि आप सभी की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं सचमुच उनकी सराहना करता हूं। राज मेरे जन्मदिन पर आए और मुझे शुभकामनाएं दीं। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है। उनके आने से मेरी खुशी दोगुनी हो गई है। शिवसेना एक ही है। दो शिवसेना नहीं हैं। राज ठाकरे ने बालासाहेब ठाकरे को श्रद्धांजलि भी दी। बहुत लंबे समय के बाद राज यहां आए और मुझे मेरे जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं। यह वास्तव में मेरे लिए बहुत मायने रखता है।
निकाय चुनाव में साथ आने की चर्चा
महाराष्ट्र में मराठी मानुष और तीन भाषा नीति के मुद्दे पर हुई राजनीति ने राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के साथ आने की जमीन तैयार की। एक इंटरव्यू में राज ठाकरे ने मराठी मानुष के मुद्दे पर उद्धव ठाकरे के साथ आने के संकेत दिए। जिस पर उद्धव ठाकरे ने भी सकारात्मक जवाब दिया। हालांकि इसके बाद दोनों पार्टियों की तरफ से हुई बयानबाजी से थोड़ी संशय की स्थिति बनी, लेकिन जैसे ही सरकार ने तीन भाषा नीति के अपने स्टैंड से पीछे हटने का एलान किया तो शिवसेना यूबीटी और मनसे ने इसे अपनी जीत के तौर पर पेश किया। इसके बाद मनसे और शिवसेना यूबीटी की संयुक्त रैली का एलान किया गया। 5 जुलाई को मुंबई में हुई इस रैली में 20 साल बाद दोनों भाई राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे एक मंच पर दिखाई दिए थे।
ये भी पढ़ें- Congress: पहलगाम हमला, ऑपरेशन सिंदूर और ट्रंप का दखल..., सदन में सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस तैयार
बयानों से असमंजस जारी
संयुक्त रैली में साथ आने के बाद जब ऐसा लग रहा था कि दोनों भाई आगामी निकाय चुनाव में गठबंधन कर सकते हैं, तो तभी हाल ही में उद्धव ठाकरे ने एक बयान से चौंका दिया। दरअसल उन्होंने शिवसेना यूबीटी से गठबंधन के सवाल पर कोई टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में गठबंधन का फैसला हालात देखकर किया जाएगा। अब राज ठाकरे के मातोश्री पहुंचने से दोनों पार्टियों के उन कार्यकर्ताओं और समर्थकों को काफी राहत पहुंची होगी, जो मनसे और शिवसेना के बीच गठबंधन चाहते हैं।
राहुल गांधी ने भी उद्धव ठाकरे को जन्मदिन की बधाई दी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और महाराष्ट्र की जनता के लिए उनके साथ मिलकर लड़ने की उम्मीद जताई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा पोस्ट में लिखा कि 'शिवसेना अध्यक्ष और इंडी गठबंधन के सहयोगी उद्धव ठाकरे जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।' लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, 'आप स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और हम महाराष्ट्र की जनता के हितों और अधिकारों के लिए मिलकर लड़ेंगे।'
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.