Maharashtra: कुणाल कामरा पर विशेषाधिकार समिति अगले सत्र में जमा करेगी रिपोर्ट; हनी ट्रैप पर बोले सीएम फडणवीस
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अपमानजनक पैरोडी के मामले में हास्य कलाकार कुणाल कामरा पर विधानमंडल की विशेषाधिकार समिति को अगले सत्र तक का मौका मिल गया है। विधान परिषद ने शुक्रवार को एक प्रस्ताव पारित कर जांच रिपोर्ट को राज्य विधानमंडल के अगले सत्र की अंतिम तिथि तक प्रस्तुत करने की अनुमति दे दी। बता दें कि मुंबई के खार इलाके स्थित ‘यूनिकॉन्टिनेंटल होटल’ के हैबिटेट कॉमेडी क्लब में प्रस्तुति के दौरान कामरा ने 2022 में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को तोड़ने के लिए शिंदे को ‘गद्दार’ कहा था।
मुंबई में दो मंजिला इमारत गिरी, 15 घायल
जिनमें तीन बुजुर्ग शामिल हैं। घायलों में दो बुजुर्ग मोहम्मद अंसारी (68) और रेहाना अंसारी (65) को 50% जलन के चलते केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उन्हें जलन कैसे लगी।12 घायलों को भाभा अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक घायल व्यक्ति डॉक्टरों की सलाह के खिलाफ अस्पताल से चला गया। बाकी सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। घायलों में एक 80 वर्षीय व्यक्ति और दो किशोर भी शामिल हैं। बचाव अभियान में फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी की टीमें लगी हुई हैं। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
महाराष्ट्र में नहीं मिला कोई 'हनीट्रैप' केस, CM फडणवीस ने विधानसभा में दी सफाई
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य में अब तक 'हनीट्रैप' से जुड़ा कोई ब्लैकमेलिंग केस सामने नहीं आया है। उन्होंने बताया कि नासिक में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में उसे वापस ले लिया गया। कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने गुरुवार को दावा किया था कि ठाणे, नासिक और मंत्रालय में तैनात अधिकारियों को 'हनीट्रैप' के जरिए फंसाया जा रहा है। उन्होंने सबूत होने का दावा भी किया और एक पेन ड्राइव विधानसभा में पेश करने की बात कही। स्पीकर राहुल नार्वेकर ने सरकार को शुक्रवार को मानसून सत्र समाप्त होने से पहले जवाब देने को कहा था। सीएम ने स्पष्ट कहा कि यहां ना हनी है, ना ट्रैप।
मीठी नदी सफाई में घोटाले का जांच का दायरा अब 2006 तक बढ़ा
महाराष्ट्र सरकार ने मुम्बई की मीठी नदी की सफाई में हुए कथित घोटाले की जांच का दायरा अब साल 2006 तक बढ़ाने का फैसला किया है। यह जानकारी शहरी विकास मंत्री एकनाथ शिंदे की ओर से विधान परिषद में जवाब देते हुए मंत्री उदय सामंत ने दी। उन्होंने बताया कि 2012 से 2021 तक की अवधि में जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने 3,44,000 डंपर की तस्वीरें खंगालीं, लेकिन इनमें से किसी में मीठी नदी से निकाली गई गाद नहीं दिखी। इससे संदेह और बढ़ गया है कि सफाई सिर्फ कागजों पर ही हुई।
उल्लेखनीय है कि मीठी नदी में समय पर गाद नहीं निकाले जाने की वजह से 2005 में मुम्बई में भारी बाढ़ आई थी। इसीलिए अब जांच का दायरा बढ़ाकर 2006 से 2023 तक कर दिया गया है। भाजपा विधायक प्रसाद लाड ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन्होंने घोटाले से जुड़े दस्तावेज मुंबई पुलिस कमिश्नर और प्रवर्तन निदेशालय को सौंपे हैं। लाड ने मामले में महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) लगाने की भी मांग की।
ठाणे में लापरवाही से पेड़ों की कटाई ने ली 45 से ज्यादा पक्षियों की जान
महाराष्ट्र के ठाणे शहर के कासारवडवली इलाके की एक हाउसिंग सोसायटी में पेड़ों की लापरवाही से की गई छंटाई के कारण 45 से ज्यादा पक्षियों की मौत हो गई और कम से कम 28 पक्षी घायल हो गए। इस घटना के बाद ठाणे महानगरपालिका (TMC) ने सोसायटी पदाधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। सोसायटी ने पेड़ों की छंटाई के लिए नगर निगम से अनुमति ली थी, लेकिन जब ठेकेदार के कर्मचारियों ने बिना किसी सुरक्षा उपायों के पेड़ काटने शुरू किए, तो कई पक्षियों के घोंसले और बच्चे नीचे गिर गए।
कौन-कौन पक्षी मारे गए?
गार्डन विभाग के डिप्टी कमिश्नर मधुकर बोडके और इंस्पेक्टर डॉ. राहुल दुर्गुड़े ने बताया कि गौरैया, मैना, बुलबुल, और बगुला जैसे पक्षी इस घटना में मारे गए हैं। अधिकारी ने बताया कि सोसायटी को केवल सीमित और नियंत्रित छंटाई की अनुमति दी गई थी, लेकिन उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल की अनदेखी की। सोसायटी और ठेकेदार पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है और एफआईआर दर्ज होने वाली है।
महाराष्ट्र में धोखे से लिए गए अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र रद्द होंगे: मुख्यमंत्री फडणवीस
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को विधान परिषद में कहा कि यदि कोई व्यक्ति हिंदू, बौद्ध या सिख धर्म के अलावा किसी अन्य धर्म से होने के बावजूद धोखे से अनुसूचित जाति (SC) का प्रमाणपत्र लेकर सरकारी नौकरी या चुनाव में लाभ ले रहा है, तो उसका प्रमाणपत्र रद्द किया जाएगा और उस पर कार्रवाई भी होगी। फडणवीस ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 26 नवंबर 2024 को अपने फैसले में साफ किया है कि अनुसूचित जाति का आरक्षण केवल हिंदू, बौद्ध और सिख धर्म के अनुयायियों को ही मिल सकता है। अन्य धर्मों के लोगों को नहीं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी ने फर्जी प्रमाणपत्र से सरकारी नौकरी या अन्य लाभ लिए हैं, तो उनसे वसूली की जाएगी और चुनाव जीता है तो चुनाव अमान्य घोषित किया जाएगा। भाजपा विधायक अमित गोरखे ने कहा कि कुछ लोग क्रिप्टो क्रिश्चियन बनकर यानी कागज पर किसी और धर्म में रहते हुए अंदरूनी तौर पर ईसाई धर्म अपना लेते हैं और आरक्षण का लाभ उठाते हैं। वहीं, भाजपा नेता चित्रा वाघ ने एक संगली की घटना का ज़िक्र किया, जहां एक महिला को धोखे से शादी के बाद धर्म बदलने को मजबूर किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
एनसीपी नेता जितेंद्र आव्हाड का आरोप – हमें फंसाया जा रहा है
एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता जितेंद्र आव्हाड ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि पार्टी को जानबूझकर फंसाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक नितिन देशमुख को रिहा करने की बात विधानसभा अध्यक्ष ने कही थी, जिस पर उन्होंने भरोसा किया। आव्हाड ने कहा कि हमें बाद में पता चला कि नितिन देशमुख को थाने ले जाया जा रहा है। जब हमने पुलिस को रोकने की कोशिश की तो हमारे कार्यकर्ताओं को पीटा गया। हमें अब तक नहीं पता कि उन्हें कहां ले जाया गया है। कुछ लोग कह रहे हैं कि उन्हें आजाद मैदान पुलिस स्टेशन ले जाया गया है, इसलिए हम वहीं जा रहे हैं। उन्होंने इस पूरी घटना को साजिश बताया और कहा कि यह लोकतंत्र और विपक्ष की आवाज़ दबाने की कोशिश है।
एनसीपी-एससीपी विधायक रोहित पवार बोले- जितेंद्र आव्हाड को धमकी मिली, सरकार क्या संदेश देना चाहती है?
एनसीपी (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मैं जितेंद्र आव्हाड और हमारे सभी कार्यकर्ता इस समय मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन पर मौजूद हैं। जितेंद्र आव्हाड पर एक ऐसे शख्स द्वारा हमला करने की कोशिश की गई, जिस पर पहले से कई आरोप हैं।
रोहित पवार ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि नितिन देशमुख को सत्र खत्म होते ही रिहा कर दिया जाएगा और जिन चार लोगों पर आरोप हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। लेकिन अब तक सिर्फ एक व्यक्ति को ही गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि जितेंद्र आव्हाड को धमकी भरा एसएमएस मिला है। अंत में रोहित पवार ने सवाल उठाया कि सरकार ऐसे मामलों से विधानसभा में क्या संदेश देना चाहती है?
विपक्ष का दावा- इस साल पांच महीने में 1.60 लाख+ अपराध
महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने गुरुवार को भाजपा की अगुवाई वाली महायुति सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 31 मई 2025 के बीच राज्य में 1.60 लाख से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। दानवे ने कहा कि इन पांच महीनों में राज्य में 924 हत्या के मामले दर्ज हुए हैं यानी हर दिन करीब 6 हत्याएं, वहीं 3,506 दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए यानी हर दिन औसतन 23 दुष्कर्म के मामले। इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इन पांच महीनों में 30,000 चोरी और 156 डकैती के केस भी दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में असफल रही है।
इसके साथ ही दानवे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर का हवाला देते हुए बताया कि वहाँ 10,423 अपराध दर्ज हुए, जिनमें से 6,000 मामले केवल नागपुर शहर में हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि राज्य में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है, अब यह गांवों और छोटे इलाकों तक पहुँच गई है। साथ ही उन्होंने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार बढ़ने का भी आरोप लगाया और कहा कि "सरकार खुद को साफ बताती है, लेकिन हर दिन कोई ना कोई घोटाला सामने आ रहा है।
महिला कर्मचारी ने की 1.9 करोड़ रुपये की हेराफेरी
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में एक फर्म की महिला कर्मचारी द्वारा 1.9 करोड़ रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला कर्मी ने कॉर्पोरेट क्रेडिट कार्ड के अनधिकृत इस्तेमाल और फर्जी वित्तीय रिकॉर्ड के जरिए इस हेराफेरी को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला कर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) (आपराधिक विश्वासघात), 336(2) और 336(3) (जालसाजी), और 340(2) (फर्जी दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल करना) के तहत मामला दर्ज किया है।
ठाणे जिले में नौकरी के नाम पर 23 लाख की ठगी
वहीं, ठाणे जिले में ही रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया कि डोंबिवली निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी), 316(2) (आपराधिक विश्वासघात), 336(2) और 336(3) (जालसाजी) तथा अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक विशाल निवाते ने खुद को रेलवे में क्लर्क बताया और शिकायतकर्ता से उसके बेटे और दो अन्य लोगों के लिए क्लर्क और टिकट चेकर (टीसी) के पद पर नौकरी दिलाने की पेशकश की। अधिकारी ने बताया कि निवाते और उसके दो साथियों ने कथित तौर पर तीन पीड़ितों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर और फर्जी पहचान पत्र सौंपे और पिछले पांच महीनों में उनसे 23 लाख रुपये ले लिए।
महाराष्ट्र में एनसीपी के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि शरद पवार गुट के साथ पार्टी के विलय को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है। छत्रपति संभाजीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में ऐसी कोई स्थिति बनती है, तो भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा करना जरूरी होगा, क्योंकि भाजपा ने ही उन्हें एनडीए में शामिल किया था। तटकरे ने बताया कि कोर ग्रुप में भी इस मुद्दे पर कोई विचार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि हमने एक प्रस्ताव पारित किया है कि हम एनडीए के साथ ही रहेंगे। जो इसे स्वीकार करेगा, वह हमारे साथ रहेगा। जुलाई 2023 में अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने महाराष्ट्र में भाजपा से हाथ मिलाया था।
अकोला में दो गुटों के बीच झड़प, तलवार-चाकू चले; आठ घायल
महाराष्ट्र के अकोला जिले में दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में आठ लोग घायल हो गए। यह घटना गुरुवार को कृषिनगर इलाके में हुई। पुलिस के अनुसार झड़प में तलवारों और चाकुओं का इस्तेमाल किया गया, जबकि मौके से दो जिंदा कारतूस और एक खाली खोल भी बरामद हुआ है।
अकोला पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 'कांवड़ यात्रा' के लिए चंदा इकट्ठा करने को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ। दोनों गुट एक-दूसरे के विरोधी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच जारी है। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को विधान परिषद में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंबई में बीएमसी द्वारा संचालित मराठी स्कूलों को बंद करने का "पाप" मौजूदा सरकार ने नहीं किया। मानसून सत्र के अंतिम दिन विपक्ष द्वारा लाए गए प्रस्ताव पर जवाब देते हुए शिंदे ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों से पहले विपक्ष मराठी भाषा का मुद्दा उठा रहा है, लेकिन महायुति सरकार ने अपने कामों से मराठी के प्रति अपने प्रेम को साबित किया है।
शिंदे ने कहा, हमें कोई मराठी प्रेम नहीं सिखा सकता। हम मराठी में जन्मे, मराठी माध्यम में पढ़े और मराठी के विकास के लिए लगातार प्रयासरत हैं। हमने मराठी स्कूल बंद करके इंटरनेशनल स्कूल शुरू करने का पाप नहीं किया। शिंदे ने कहा कि जबकि विपक्ष लगातार आरोप लगाता रहा है कि मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने की कोशिशें हो रही हैं, सरकार मुंबई को विश्व से जोड़ने के प्रयास कर रही है।
सुनील तटकरे बोले- NCP के एकीकरण का मुद्दा उठा, तो भाजपा से बात करनी होगी
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)के वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे ने शुक्रवार को यहां कहा कि यदि शरद पवार नीत प्रतिद्वंद्वी गुट के साथ विलय की संभावना बनती है, तो राकंपा को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से परामर्श करना होगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा और प्रतिद्वंद्वी राकांपा(एसपी) के एक साथ आने की संभावना दूर की कौड़ी है। उन्होंने कहा, एकीकरण के बारे में कोई चर्चा नहीं चल रही है। लेकिन हमने खुले तौर पर एक प्रस्ताव पारित किया है कि हम राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) के साथ बने रहेंगे। जो इसे स्वीकार करेंगे, वे हमारे साथ शामिल होंगे।