Maharashtra: डॉक्टर से लोन दिलाने के नाम पर 21 लाख ठगे; कैग ने कहा- आबकारी विभाग की चूक से करोड़ों का नुकसान
आबकारी विभाग की चूक से कई करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ: कैग
भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) ने महाराष्ट्र राज्य आबकारी विभाग की उसके संचालन में गंभीर खामियों के लिए खिंचाई की है। सीएजी रिपोर्ट में बताया गया है कि लाइसेंस नवीनीकरण शुल्क के गलत आकलन के कारण राज्य को 20.15 करोड़ रुपये के राजस्व और 70.22 करोड़ रुपये के ब्याज का नुकसान हुआ। रिपोर्ट के अनुसार, तत्कालीन आबकारी आयुक्त ने राज्य सरकार से पूर्व अनुमोदन प्राप्त किए बिना बीयर के पुराने स्टॉक पर उत्पाद शुल्क में छूट दे दी। वहीं केमिकल एनालिसिस के लिए हल्के बीयर के नमूने देरी से जमा करने के कारण 73.18 करोड़ रुपये की कर वसूली बाधित हुई। कैग ने कहा कि बॉम्बे निषेध (विशेषाधिकार शुल्क) नियम, 1954 के तहत साझेदारी में बदलाव के लिए शुल्क लेने का प्रावधान है। हालांकि सार्वजनिक लिमिटेड कंपनियों की शेयरधारिता में महत्वपूर्ण बदलावों पर ऐसा कोई प्रावधान लागू नहीं था, इससे राज्य को 26.93 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ऑडिट में यह भी पता चला कि कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (सीएसडी) के मामले में 11 उत्पादों या ब्रांडों की उत्पादन लागत को कम आंका गया, जिससे उत्पाद शुल्क में 38.34 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान हुआ।
महाराष्ट्र का इस्लामपुर कस्बा अब कहलाएगा ईश्वरपुर
यूपी की तर्ज पर महाराष्ट्र में जिलों और कस्बों का नाम बदलने का सिलसिला जारी है। इस कड़ी में अब महाराष्ट्र के सांगली जिले का इस्लामपुर कस्बा ईश्वरपुर हो गया है। राज्य सरकार ने विधानमंडल के मानसून सत्र के आखिरी दिन शुक्रवार को घोषित किया कि अब इस्लामपुर अधिकृत रूप से ईश्वरपुर कहलाएगा। हिंदूवादी संगठन शिव प्रतिष्ठान द्वारा सांगली कलेक्टरेट को एक ज्ञापन भेजकर इस्लामपुर का नाम बदलकर ईश्वरपुर करने की मांग के बाद सरकार ने यह कदम उठाया है। महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले को केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रयास बताया है। उन्होंने कहा कि यह उन ऐतिहासिक पहचानों को पुनर्स्थापित करने का एक प्रयास है, जिन्हें कभी जानबूझकर मिटा दिया गया था। वहीं, कांग्रेस विधायक असलम शेख ने महाराष्ट्र सरकार के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि पानी, सड़क और सार्वजनिक स्थलों जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए। शेख ने सवाल किया कि सरकार कब तक इस तरह के कदमों से लोगों को बेवकूफ बनाती रहेगी। इसके अलावा, कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि नाम बदलना वोट हासिल करने और निजी लाभ के लिए धार्मिक संघर्ष भड़काने का एक कमजोर प्रयास है। उन्होंने पूछा कि क्या नाम बदलने से कोई विकास या लाभ होगा? उन्होंने कहा कि नाम बदलकर वे यह संदेश देना चाहते हैं कि वे धर्म के ठेकेदार हैं।
#WATCH | Mumbai | On Islampur to be renamed as Ishwarpur, Congress leader Vijay Wadettiwar says, "... They are not changing any names in UP... Changing names is a feeble attempt to gain votes and spark religious conflicts for personal gain. Is there any development or benefit… pic.twitter.com/ADOIjMQNXe
— ANI (@ANI) July 18, 2025
मुंबई की एक अदालत ने यौन उत्पीड़न के आरोपी को दोषी पाया और उसे 10 साल जेल की सजा सुनाई। आठ साल की सौतेली बहन के यौन उत्पीड़न के अपराधी को 2019 में गिरफ्तार किया गया था। शिवाजी नगर इलाके में अपनी बहन को हवस का शिकार बनाने वाले शख्स को सत्र न्यायालय ने 10 साल की जेल के साथ 10,000 रुपये का जुर्माना भरने का भी निर्देश दिया।
लोनावला के जंगल में घर से भागी महिला से दुष्कर्म
पति से झगड़े के बाद घर छोड़कर गई महिला के साथ लोनावला के पास जंगल में दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पुणे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 38 वर्षीय व्यक्ति को दुष्कर्म के दो दिन बाद पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि पश्चिमी महाराष्ट्र जिले के मावल तहसील में रहने वाली 33 साल की पीड़िता मंगलवार दोपहर (15 जुलाई) को अपने पति से झगड़ा होने के बाद गुस्से में घर छोड़कर चली गई थी। उस समय भारी बारिश हो रही थी। मौका देखकर अज्ञात व्यक्ति महिला को सुनसान वन क्षेत्र में ले गया और उसने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। लोनावाला ग्रामीण पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बालू शिर्के को सीसीटीवी कैमरों की स्कैनिंग के अलावा स्थानीय लोगों से मिली खुफिया सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया।
ठाणे शहर में एक निर्माण स्थल पर खोदाई के दौरान पत्थर की नक्काशी के कुछ टूटे हुए टुकड़े मिले हैं। यह कुछ प्राचीन स्तंभों के हिस्से हैं। इसके बाद अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि अवशेष गुरुवार को टेंभी नाका क्षेत्र में आनंद आश्रम के पास एक निजी भूखंड पर पाए गए। इसके बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया। यह खोज उसी क्षेत्र में स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में खुदाई के दौरान ब्रह्मा की एक दुर्लभ मूर्ति मिलने के कुछ ही समय बाद हुई थी। धरोहर प्रेमी कैलाश महापदी ने जिला कलेक्टर अशोक शिंगारे को इसकी जानकारी दी और उनसे इन अवशेषों के संरक्षण के लिए कदम उठाने का आग्रह किया। कलेक्टर ने पुरातत्व विभाग को इनकी प्रकृति और उत्पत्ति की जांच करने का निर्देश दिया।
पुणे एयरपोर्ट पर विमान में धुआं उठने की नकली स्थिति पर मॉक ड्रिल, 330 कर्मी हुए शामिल
पुणे एयरपोर्ट पर शनिवार को एक फुल-स्केल इमरजेंसी मॉक ड्रिल (आपातकालीन अभ्यास) किया गया, जिसमें एक नकली विमान के कॉकपिट में धुआं उठने की स्थिति को दर्शाया गया। यह अभ्यास नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) की गाइडलाइन्स के अनुसार किया गया था। इस ड्रिल का मकसद हवाई आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी एजेंसियों की तैयारी, समन्वय और कार्यक्षमता की जांच करना था। इस मॉक ड्रिल में भारतीय वायुसेना, एयरक्राफ्ट रेस्क्यू एंड फायरफाइटिंग सर्विस, पुणे नगर निगम और आस-पास के इलाकों से फायर ब्रिगेड की टीमें शामिल हुईं।
समझिए कैसे हुई ड्रिल?
इस ड्रिल में दिखाया गया कि एक आने वाले विमान के कॉकपिट से धुआं उठता है। अलर्ट मिलते ही आपातकालीन योजना को सक्रिय कर दिया गया। फायर यूनिट्स मौके पर पहुंचीं और बचाए गए यात्रियों" को रेस्क्यू कर केयर सेंटर तक पहुंचाया गया।
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के लोनावाला स्थित बंगले में चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने न सिर्फ सामना चुराया बल्कि बंगले के अंदर तोड़फोड़ भी की। यह बंगला अजहरुद्दीन की पत्नी संगीता बिजलानी के नाम पर है। पुणे ग्रामीण पुलिस के अनुसार, चोरी की वारदात सात से 18 जुलाई के बीच हुई। इस दौरान मावल तालुका के तिकोना पेठ स्थित अजहरुद्दीन का बंगला खाली था। घटना के वक्त वहां कोई नहीं था। एक बयान में कहा गया कि अज्ञात बदमाशों ने बंगले के पिछले हिस्से की दीवार की जाली काटकर सेंध लगाई और पहली मंजिल की गैलरी में चढ़ गए। इसके बाद वे खिड़की की ग्रिल को तोड़कर भीतर घुसे और यहां 50 हजार रुपये नकद और लगभग 7,000 रुपये का एक टीवी चुराकर भाग गए। अजरुद्दीन के पीए की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी।