Maharashtra: मुंबई में 22वीं मंजिल पर डिलीवरी करने पहुंचा एजेंट, स्वीमिंग पूल में गिरकर मौत
मराठी में बात न करने पर फूड स्टॉल मालिक की पिटाई
ठाणे के भायंदर इलाके में एक खाद्य स्टॉल मालिक की एक क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मराठी में बात न करने पर पिटाई कर दी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें कुछ हमलावर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के चुनाव चिन्ह वाले स्कार्फ पहने हुए दिख रहे हैं। खाना खरीदते समय उनमें से एक ने स्टॉल मालिक से मराठी में बात करने को कहा, जिस पर उसने सवाल किया। इससे आरोपी नाराज हो गया और स्टॉल मालिक पर चिल्लाने लगा। उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोग भी उसके साथ आ गए और स्टॉल मालिक को थप्पड़ मार दिया। स्टॉल मालिक की शिकायत के आधार पर कश्मीरी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है।
पेड़ से टकराई कार, दो लोगों की मौत
गोंदिया जिले में तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकरा जाने से दो लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। चिचगढ़-देवरी रोड पर पारस्तोला गांव के पास चिचगढ़ से देवरी की ओर आ रही कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। पुलिस ने बताया कि राजा भारती (35) और सोहेल शेख (32) की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठा 25 वर्षीय एक अन्य व्यक्ति पीछे और आगे की सीटों के बीच फंस गया और उसे गंभीर चोटें आईं।
कुत्ते का यौन शोषण करने के आरोप में बुजुर्ग पर मुकदमा
वर्धा जिले में पुलिस ने एक कुत्ते का कथित तौर पर यौन शोषण करने के आरोप में 67 वर्षीय एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वृद्ध को सोमवार को अरवी तालुका के मौजा धनोडी गांव में एक स्कूल के पास कुत्ते के साथ दुर्व्यवहार करते देखा गया। कुछ स्थानीय लोगों ने एक पशु कार्यकर्ता को इसकी जानकारी दी, जिसने बाद पुलिस से शिकायत की गई। आर्वी पुलिस ने व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पालघर में बिल्डर ने की आत्महत्या, दो पुलिसकर्मियों और साथियों पर परेशान करने का आरोप
महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में एक बिल्डर ने मंगलवार सुबह अपने घर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जयप्रकाश चव्हाण के रूप में हुई है। परिवार ने दावा किया है कि चव्हाण ने एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें दो पुलिसकर्मियों और उनके सहयोगियों पर उत्पीड़न और धमकी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुसाइड नोट में कहा गया है कि तीनों ने लगातार चव्हाण को धमकाया और अपमानित किया और वित्तीय मामलों को लेकर दबाव डाला। परिवार के अनुसार, चव्हाण ने एक इमारत के निर्माण के लिए पुलिसकर्मियों से 33 लाख रुपये उधार लिए थे। इसमें से 32 लाख रुपये कथित तौर पर अग्रिम भुगतान किए गए थे।
मुंबई में पांच साल की बेटी को सिगरेट से जलाया, केस
मुंबई पुलिस ने एक आदमी के खिलाफ उसकी 5 साल की बेटी को पीटने और सिगरेट से जलाने का केस दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने वाले व्यक्ति को उसकी पत्नी ने एक वीडियो भेजा था। उस वीडियो में आरोपी, जिसका नाम राजेशराम उर्फ भगवान है, अपनी छोटी बेटी के साथ बुरा व्यवहार करते हुए दिख रहा था। वीडियो में बच्ची को बांधते और उसे पीटते हुए दिखाया गया है और उसके गाल पर जलती हुई सिगरेट लगा दी। शिकायतकर्ता ने यह वीडियो पुलिस को दिखाया। इसके बाद एक महिला पुलिस अधिकारी उसके साथ आरोपी के घर गई और जांच शुरू की। जब पुलिस ने बच्ची से धीरे-धीरे बात की, तो उसने बताया कि उसके पापा ने उसे इसलिए मारा क्योंकि वह सो नहीं रही थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उस पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
महाराष्ट्र सरकार वारकरियों को तीर्थयात्रा में दुर्घटना होने पर देगी मदद
महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि अगर मंदिर नगर पंढरपुर की सालाना तीर्थयात्रा के दौरान किसी वारकरी (भगवान विट्ठल के भक्त) की दुर्घटना में मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। राजस्व विभाग द्वारा जारी सरकारी आदेश (जीआर) के मुताबिक, अगर किसी वारकरी को वारी के दौरान हादसे में 40 से 60 फीसदी तक चोट आती है, तो उसे 74,000 रुपये मिलेंगे। अगर चोट 60 फीसदी से ज्यादा है, तो उसे 2.5 लाख रुपये की मदद दी जाएगी। इसके अलावा, अगर किसी वारकरी को इलाज के लिए एक हफ्ते से ज्यादा अस्पताल में रहना पड़ता है, तो उसे 16,000 रुपये मिलेंगे। अगर अस्पताल में भर्ती होने की अवधि एक हफ्ते से कम है, तो 5,400 रुपये दिए जाएंगे। यह योजना 16 जून से 10 जुलाई तक की तीर्थयात्रा अवधि में होने वाली घटनाओं पर लागू होगी।
महाराष्ट्र में ई-चालान के खिलाफ हड़ताल करेंगे ट्रक ड्राइवर
महाराष्ट्र में यातायात उल्लंघन के लिए ई-चालान प्रणाली के विरोध और अन्य मांगों को लेकर ट्रक ड्राइवर मंगलवार आधी रात से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे। हालांकि, स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली बसों सहित अन्य बसों के संचालकों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुरोध पर हड़ताल में अपनी भागीदारी स्थगित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्तों) को असुविधा का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि आषाढ़ी एकादशी नजदीक है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल का संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए परिवहन आयुक्त विवेक भीमनवार के नेतृत्व में 10 सदस्यीय समिति गठित की है।
दो दशक बाद चचेरे भाई उद्धव और राज ठाकरे 5 जुलाई को एक साथ मंच साझा करेंगे। ये दोनों शिवसेना (यूबीटी) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) की ओर से आयोजित संयुक्त विजय रैली में साथ होंगे। त्रिभाषा नीति पर विवादास्पद सरकारी प्रस्तावों (जीआर) को वापस लेने के उपलक्ष्य में मराठी विजय दिवस रैली का आयोजन किया जाएगा।
मुंबई पुलिस ने नासिक में मुद्रा नोट प्रेस (सीएनपी) के सात कर्मचारियों के खिलाफ 2022 में आयोजित एक भर्ती परीक्षा के दौरान फर्जी उम्मीदवारों का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी रविरंजन कुमार, संदीप कुमार, शिशुपाल कुमार, आयुष राज, राजीब सिंह, संदीप कुमार और आशुतोष कुमार बिहार के नालंदा जिले के रहने वाले हैं। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अनियमितताएं तब सामने आईं, जब सत्यापन प्रक्रिया के दौरान उनके शिक्षा प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए।
महाराष्ट्र के मालवणी इलाके में कोडीन युक्त खांसी के सिरप की 700 से अधिक बोतलें जब्त कर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बताया कि नावेद अब्दुल हमीद बतातवाला (27) और रिजवान वकील अंसारी (29) को देसाई गार्डन से गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा गया। उनके पास से बरामद कोडीन सिरप की मात्रा का डॉक्टर के पर्चे के मिलान नहीं हुआ। यह अत्यधिक नशीला होता है। नशे के आदी लोग इसे गलत तरीके से इस्तेमाल करते हैं। आरोपियों पर नार्कोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस कानून के तहत केस दर्ज किया गया है।
महाराष्ट्र की पहली पंप स्टोरेज जलविद्युत परियोजना का आगाज
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को कहा कि राज्य ने सहकारी क्षेत्र के माध्यम से पहली पंप स्टोरेज जलविद्युत परियोजना शुरू की है, जिसमें 1,008 करोड़ रुपये का निवेश और 240 मेगावाट की अनुमानित उत्पादन क्षमता है। फडणवीस ने परियोजना को 'समय पर और आवश्यक पहल' बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में अक्षय ऊर्जा की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने कहा, 'पंप स्टोरेज हमें मांग के आधार पर बिजली उत्पादन को विनियमित करने की अनुमति देता है। यह हमारी दीर्घकालिक ऊर्जा जरूरतों के लिए महत्वपूर्ण है।' उन्होंने बताया कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत तिलारी में विकसित की जाने वाली 240 मेगावाट की परियोजना में कोडाली बांध (कोल्हापुर में चांदगढ़) को ऊपरी जलाशय और केंद्रे बांध (डोडामार्ग, सिंधुदुर्ग) को निचले जलाशय के रूप में उपयोग किया जाएगा। इससे करीब 300 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
ठाणे में नाबालिग लड़की का पीछा करने वाला पकड़ा गया, 24 घंटे में पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट
महाराष्ट्र के ठाणे शहर में 14 साल की लड़की का पीछा करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर चार्जशीट दाखिल कर दी। घटना 29 जून को वर्तक नगर इलाके में हुई थी। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय दिनेश विवेक घग के रूप में हुई है, जो किसान नगर का रहने वाला है।लड़की स्कूल से घर लौट रही थी, तभी एक लाल कार में सवार व्यक्ति ने उसका पीछा किया और कार में बैठने को कहा। लड़की के इनकार करने पर आरोपी वहां से भाग गया। लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 के तहत मामला दर्ज किया।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी को कल्याण के एक बार से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पीड़िता और उसकी मां के बयान दर्ज किए और मजबूत सबूतों के साथ 24 घंटे में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी।
महाराष्ट्र में एनसीपी (एसपी) के पूर्व विधायक और नेता अपूर्व हिराय बुधवार को बीजेपी में शामिल हो गए। मुंबई में बीजेपी के राज्य मुख्यालय पर उन्होंने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी ज्वॉइन की। इस मौके पर महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मंत्री चंद्रकांत पाटिल भी मौजूद रहे। हिराय नासिक जिले से आते हैं और शरद पवार की पार्टी में उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की विकास की सोच और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में समग्र विकास के लिए उन्होंने यह फैसला लिया। वहीं, किसान नेता सावकर मडनाइक भी बीजेपी में शामिल हुए। मडनाइक, किसान आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं और स्वाभिमानी शेतकरी संगठन से जुड़े रहे हैं। महाराष्ट्र में होने वाले आगामी स्थानीय निकाय चुनाव से पहले दोनों नेताओं का बीजेपी में आना अहम माना जा रहा है।
दक्षिण मुंबई के एक रिहायशी टावर में मंगलवार देर रात एक दुखद हादसा हो गया। ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप का 44 वर्षीय एजेंट इमरान अकबर खोझाडा खाना पहुंचाने के लिए इमारत की 22वीं मंजिल पर गया था। इस दौरान फोन पर बात करते हुए वह स्वीमिंग पूल के किनारे फिसलकर पानी में गिर गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11.50 बजे ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित लग्जरी टावर में हुआ। जब खोझाडा स्वीमिंग पूल के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह पानी में गिर पड़ा। घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, जिससे वह मदद मांग पाता। नतीजतन, वह डूब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गमदेवी पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर ली है। मृतक के भाई ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने कहा कि डूबने की घटना की जांच जारी है।