Maharashtra: त्र्यंबकेश्वर मंदिर में कुंभ की तैयारी शुरू, रिटायरमेंट से दो दिन पहले एसीपी बने दया नायक
एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक रिटायरमेंट से दो दिन पहले बने एसीपी
महाराष्ट्र के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक को 29 जुलाई को असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ACP) पद पर पदोन्नति दी गई। यह प्रमोशन उनके सेवानिवृत्त होने से दो दिन पहले मिला। दया नायक मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट 9 में इंस्पेक्टर पद पर कार्यरत थे। 31 जुलाई को वे पुलिस सेवा से औपचारिक रूप से रिटायर हो गए। दया नायक ने अपने करियर में कई बड़े अपराधियों का एनकाउंटर किया और अपराध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया।अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सरकारी कर्मचारियों से झड़प हुई।
राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख प्रमीला ताई मेधे का 97 वर्ष की उम्र में निधन
राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व संचालिका प्रमीला ताई मेधे का गुरुवार सुबह नागपुर में निधन हो गया। वह 97 वर्ष की थीं। पिछले तीन महीनों से अस्वस्थ चल रहीं मेधे की हालत बीते 15 दिनों में अत्यंत गंभीर हो गई थी। उन्होंने नागपुर स्थित देवी अहिल्या मंदिर परिसर में सुबह 9.05 बजे अंतिम सांस ली। प्रमीला ताई समिति की चौथी संचालिका थीं। उनके निधन पर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और समिति प्रमुख शांतक्का ने मंदिर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी एक्स पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा कि प्रमीला मौसी ने राष्ट्र सेविका समिति के कार्य को देशभर में विस्तार दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति और नारीशक्ति को जाग्रत करने को समर्पित रहा।
टोयोटा किर्लोस्कर बनाएगी स्कूल की नई इमारत
छत्रपति संभाजीनगर जिले के बिडकिन गांव में टॉयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड एक नई जिला परिषद स्कूल इमारत का निर्माण करेगी। कंपनी यह कार्य अपनी कॉर्पोरेट (CSR) योजना के तहत करेगी। बुधवार को जिला प्रशासन और कंपनी के बीच इसको लेकर एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। बिडकिन गांव की वर्तमान जिला परिषद स्कूल में कक्षा 1 से 10 तक के 800 छात्र मराठी और उर्दू माध्यम में पढ़ाई करते हैं। अब इस स्कूल के लिए एक नई इमारत बनाई जाएगी जिसमें 1,200 छात्रों की क्षमता होगी। कंपनी 30 नए क्लासरूम, एक साइंस लैब, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी, खेल कक्ष, रसोईघर और टॉयलेट ब्लॉक का निर्माण करेगी। यह कार्य 2028 तक पूरा हो जाएगा।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सरकारी कर्मचारियों से झड़प
ठाणे जिले के नवी मुंबई में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सरकारी कर्मचारियों से झड़प करने और काम में बाधा डालने के आरोप में पांच ट्रांसजेंडर लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना 28 जुलाई को रबाले इलाके में हुई, जब नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) की टीम पुलिस के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, जिस जगह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हो रही थी, वह एक मैदान था जो रबाले पुलिस स्टेशन के सामने स्थित है। वहां 10-12 ट्रांसजेंडर मौजूद थे। टीम के पहुंचते ही उन्होंने कर्मचारियों से बहस की, गाली-गलौज की और धक्का-मुक्की भी की। ट्रैफिक में भी बाधा पहुंचाई गई।
पुणे-सतारा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, दो लोगों की मौत
पुणे जिले के खेड़ शिवापुर के पास बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक लेन बदल दी और सामने से आ रहे पांच वाहनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई और एक जीप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजे यह ट्रक सतारा की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार में चलने के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक विपरीत दिशा में चली गई। इस दौरान ट्रक ने पहले एक कंटेनर, फिर एक जीप और बाद में दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में 32 वर्षीय प्रथमेश महादेव रेडेकर और 31 वर्षीय दिव्यम सुनील निकम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। वहीं, जीप चालक संजय खटपे को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
महाराष्ट्र भाजपा में माधव समीकरण का चेहरा रहे अन्ना डांगे ने 23 साल बाद घर वापसी की है। प्रदेश में भाजपा का जनाधार बढ़ाने में अन्ना की बड़ी भूमिका रही। इसलिए जब उन्होंने बुधवार को भाजपा में घर वापसी की तो सीएम देवेंद्र फडणवीस ने खुद उनका स्वागत किया।
ईडी ने सरकार को वापस की ₹380 करोड़ की संपत्ति
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि धन शोधन की कार्यवाही के तहत एक पूर्व विधायक से जुड़े सहकारी बैंक के लगभग 5 लाख जमाकर्ताओं को वितरित करने के लिए 380 करोड़ रुपये की अटैच की गई संपत्ति महाराष्ट्र सरकार के नामित प्राधिकारी को वापस कर दी। यह मामला पनवेल स्थित कर्नाला नगरी सहकारी बैंक लिमिटेड से संबंधित है, जहां यह आरोप लगाया गया था कि इसके पूर्व अध्यक्ष विवेकानंद शंकर पाटिल ने बैंक के अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर ऋणदाता के साथ धोखाधड़ी की और निजी निवेश के लिए धन की हेराफेरी की। शेतकरी कामगार पक्ष पार्टी के चार बार विधायक रहे पाटिल को जून 2021 में ईडी ने गिरफ्तार किया था। ईडी का मनी लॉन्ड्रिंग मामला पुणे पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) द्वारा फरवरी 2020 में दर्ज की गई एफआईआर पर आधारित है।
महाराष्ट्र में 5 लाख सिंधी लोगों को मिलेंगे संपत्ति कार्ड
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को घोषणा की कि ठाणे जिले के उल्हासनगर को छोड़कर, राज्य के 35 शहरों और कस्बों में रहने वाले करीब 5 लाख सिंधी समुदाय के लोगों को संपत्ति कार्ड दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह फैसला पिछले विधानसभा चुनावों में भाजपा द्वारा किए गए वादे के अनुसार लिया गया है। उन्होंने कहा, '1947 में भारत-पाकिस्तान के बंटवारे के बाद, सिंधी समुदाय भारत आ गया था। लेकिन आज तक इनके पास संपत्ति के कानूनी कागज, यानी संपत्ति कार्ड नहीं हैं। अब सरकार ये कार्ड उन्हें देने जा रही है।'
मुलुंड में 65 करोड़ के मिठी नदी घोटाले में ईडी की छापेमारी
मुंबई की मिठी नदी की सफाई के नाम पर हुए करीब ₹65 करोड़ के कथित घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गुरुवार को एक बार फिर कार्रवाई की। ईडी ने मुंबई में ठेकेदारों से जुड़ी करीब 8 जगहों पर छापेमारी की। बताया गया है कि इन ठेकेदारों ने मुंबई महानगरपालिका (BMC) को मिट्टी के निपटान को लेकर फर्जी एमओयू यानी समझौते दिए थे। यह मामला मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा दर्ज की गई FIR से जुड़ा है, जिसमें 2017 से 2023 के बीच मिठी नदी की सफाई के लिए दिए गए ठेकों में गड़बड़ी की बात कही गई थी। आरोप है कि ठेकेदारों और BMC अधिकारियों ने मिलकर टेंडर प्रक्रिया में हेराफेरी की और मशीन सप्लायर को फायदा पहुंचाया। साथ ही, गाद (स्लज) हटाने के नाम पर फर्जी बिल बनाकर लाखों-करोड़ों का घोटाला किया गया।
पुणे रेव पार्टी मामला: पांच आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए
पुणे में हाल ही में सामने आए रेव पार्टी केस में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। यह आदेश पुणे की प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने गुरुवार को सुनाया। जिन आरोपियों को हिरासत में भेजा गया है, उनके नाम हैं: प्रांजल खेवळकर, निखिल पॉपटानी, समीर सय्यद, सचिन भोम्बे और श्रीपाद यादव।
गौरतलब है कि ये सभी आरोपी उस रेव पार्टी में शामिल थे, जिसमें ड्रग्स के इस्तेमाल और अवैध गतिविधियों की शिकायत सामने आई थी। पुलिस ने इस पार्टी में छापेमारी कर इन्हें गिरफ्तार किया था। अब सभी आरोपी 14 दिन तक जेल में रहेंगे, जबकि मामले की जांच जारी है।
पुणे की एक अदालत ने गुरुवार को ड्रग पार्टी मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इन आरोपियों में महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे के दामाद प्रांजल खेवळकर भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश जे. जी. डोरले के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से आरोपियों की पुलिस हिरासत बढ़ाने की मांग की। जांच एजेंसी ने कहा कि आरोपियों के मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक चैट्स और वीडियो मिले हैं, जिनकी जांच की जानी जरूरी है। साथ ही, पुलिस ने ड्रग्स की सप्लाई कहां से हुई, इसका भी पता लगाने की बात कही। वहीं, बचाव पक्ष के वकीलों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जिन दो महिलाओं के पर्स से ड्रग्स मिला था, उन्हें पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, ऐसे में अन्य आरोपियों को पुलिस रिमांड में देना जरूरी नहीं है।
महाराष्ट्र सरकार ने निजी मेडिकल कॉलेजों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के फैसले को वापस ले लिया है। राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बुधवार को निर्णय लिया। सरकार ने स्पष्ट किया कि एमबीबीएस/ बीएएमएस/ बीडीएस/ बीएचएमएस और बीयूएमएस पाठ्यक्रमों के लिए यह आरक्षण तब लागू होगा, जब केंद्र सरकार और संबंधित परिषदें मौजूदा सीटों में वृद्धि करेंगी। चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कहा, एमबीबीएस/ बीडीएस/ बीएएमएस/ बीएचएमएस और बीयूएमएस पाठ्यक्रमों के अलावा अन्य पाठ्यक्रमों के लिए उपलब्ध सीटों पर 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू होगा।
पिछले सप्ताह महाराष्ट्र कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) सेल ने मेडिकल स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू करने की घोषणा की थी तो सूचना विवरणिका में निजी मेडिकल कॉलेजों में 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस आरक्षण के कार्यान्वयन का संकेत दिया गया था। इस निर्णय से छात्रों और अभिभावकों में आशंकाएं पैदा हो गईं, क्योंकि कोटे के फैसले का मतलब था सीटों की संख्या बढ़ाए बिना ओपन कैटेगरी की सीटों की संख्या में भारी कमी करना।