सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Maharashtra ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra: भिवंडी में 31.8 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त; महाराष्ट्र में होगी 15000 पुलिसकर्मियों की भर्ती

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 12 Aug 2025 03:12 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Pune Education Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक सरकारी योजना की 30 वर्षीय महिला वार्ड समन्वय अधिकारी को एक व्यक्ति से कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। पालघर एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक दादाराम करांडे ने बताया कि भ्रष्टाचार निरोधक इकाई को 32 वर्षीय एक महिला से शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि यहां वाडा क्षेत्र में यूएमईडी (महाराष्ट्र राज्य आजीविका मिशन) कार्यालय का एक लोक सेवक उसके मानदेय का चेक जारी करने के लिए पैसे की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता को राज्य ग्रामीण आजीविका सुधार मिशन की उमेद अभियान योजना के तहत काम के लिए 19,800 रुपये मिलने थे, लेकिन आरोपी ने चेक जारी करने के लिए कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी। एसीबी ने सोमवार को जाल बिछाया और आरोपी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
Trending Videos


भिवंडी में 31.8 करोड़ के नशीले पदार्थ जब्त, दो लोग गिरफ्तार
ठाणे शहर की पुलिस ने भिवंडी में दो वाहनों से 15 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन (नशीला पदार्थ) जब्त किया है जिसकी अनुमानित कीमत 31.8 करोड़ रुपये है। यह नशीला पदार्थ ठाणे से मुंबई ले जाया जा रहा था। इस मामले में पुलिस एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के खिलाफ मामला दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर ड्रग्स के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव ने बताया कि ठाणे शहर पुलिस की अपराध शाखा को भिवंडी बाईपास रोड पर पुलिस की एक टीम ने नौ अगस्त को नासिक-ठाणे राजमार्ग पर रंजनोली के पास जाल बिछाया और दो वाहनों को रोका। कार में मुंब्रा निवासी तनवीर अहमद कमर अहमद अंसारी (23) निवासी मुंब्रा और विट्ठलवाड़ी निवासी महेश हिंदूराव देसाई (35) सवार थे। इन दोनों के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। अंसारी की कार से करीब 11.7 किलोग्राम मेफेड्रोन बरामद किया गया, जबकि देसाई की बीएमडब्ल्यू कार से 4.161 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किया गया।

बीएमडब्ल्यू कार के पीछे ठाणे महानगरपालिका का लोगो लगा था। पुलिस स्टिकर की जांच कर रही है, जबकि अंसारी चोरी की कार चला रहा था। पुलिस के अनुसार, अंसारी भिवंडी में दर्ज कई आपराधिक मामलों में संलिप्त है, जबकि कोल्हापुर के निवासी देसाई के खिलाफ वहां एनडीपीएस अधिनियम और मकोका (महाराष्ट्र संगठित अपराध निवारण अधिनियम) के तहत कई मामले दर्ज हैं।

कैबिनेट ने दी 15000 पुलिस कर्मियों की भर्ती को मंजूरी
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने मंगलवार को राज्य में 15,000 पुलिसकर्मियों की भर्ती को मंजूरी दे दी। इसके अलावा कैबिनेट ने सोलापुर-पुणे-मुंबई मार्ग के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण को भी मंजूरी दी। वहीं कैबिनेट ने सामाजिक न्याय विभाग के विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों द्वारा संचालित योजनाओं के तहत ऋण के गारंटर के लिए मानदंडों में ढील दी।

11 सितंबर से बेमियादी हड़ताल करेंगे राज्य के ट्रांसपोर्टर
महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्टर 11 सितंबर से बेमियादी हड़ताल कर सकते हैं। राज्य के ट्रांसपोर्टरों ने सरकार को चेतावनी दी है। स्कूल बस संचालकों समेत ट्रांसपोर्टरों ने दो महीने पहले भी उन्होंने इसी तरह का विरोध प्रदर्शन किया था। अब यातायात उल्लंघन के लिए ई-चालान प्रणाली और अन्य अनसुलझे मांगों के विरोध में 11 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का एलान किया गया है। सोमवार को स्कूल बस मालिक संघ के नेता अनिल गर्ग ने कहा, वाशी में 500 से अधिक वाहन मालिकों की एक बैठक हुई। हमने 11 सितंबर को चक्का जाम करने का फ़ैसला किया है। स्कूल बस संचालकों समेत सभी ट्रांसपोर्टर इसमें हिस्सा लेंगे।" ट्रांसपोर्टरों ने सोमवार को दावा किया कि सरकारी समिति की दो बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनके मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं। पुणे के ट्रांसपोर्टरों के नेता बाबा शिंदे ने कहा, राज्य सरकार ट्रांसपोर्टरों द्वारा उठाई गई वैध मांगों के संबंध में अपना वादा निभाने में विफल रही है। अब हम हम अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।

कपड़ा दुकान में लगी भीषण आग, जद्दोजहद कर रहे दमकलकर्मी
वाशिम में एक कपड़े की दुकान में सोमवार देर रात आग लग गई। फायर स्टेशन में सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। अग्निशमन अधिकारी कमलेश कोहली ने बताया कि एक कपड़े की दुकान में भीषण आग लगने की सूचना मिलते ही हम पहुंच गए। दो गाड़ियां पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। जरूरत के मुताबिक हमने वाशिम जिले से और गाड़ियां मंगवाई हैं। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। 
 

पुणे में महिला ने की आत्महत्या
ससुराल वालों के कथित उत्पीड़न के कारण पुणे की 26 वर्षीय एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस मामले में उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, स्नेहा जांडगे ने रविवार को अम्बेगांव पठार इलाके में अपने आवास पर रस्सी से फांसी लगा ली। स्नेहा के पिता ने सात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें उन पर अपनी बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पुलिस ने स्नेहा के पति विशाल जांडगे और तीन अन्य को बीएनएस के तहत विभिन्न आरोपों में गिरफ्तार किया था, जिसमें गैर इरादतन हत्या, विवाहित महिला के खिलाफ क्रूरता शामिल थी।

नागपुर में प्रॉपर्टी डीलर के सीने में घोंपा चाकू
महाराष्ट्र के नागपुर की एक दुकान में व्यक्ति ने सिगरेट का धुआं प्रोपर्टी डीलर के चेहरे पर उड़ा दिया। प्रॉपर्टी डीलर ने इसका विरोध किया तो व्यक्ति ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात यशोधरा नगर इलाके में हुई। पीड़ित ललित गणेश मोहदिकर की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 36 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर रात करीब 10:30 बजे सैयद साबिर (35) नामक व्यक्ति की पान की दुकान पर गया था। पुलिस ने बताया कि दुकान पर पहले से ही कुछ लोग मौजूद थे और उनमें से एक ने जानबूझकर मोहदिकर पर सिगरेट का धुआं उड़ाया, जिससे मोहदिकर ने डांट-डपट की। उस व्यक्ति और उसके साथियों की पीड़ित से कहासुनी हो गई और मामला तेजी से बिगड़ गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर मोहदिकर पर लाठियों से हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। जब पीड़ित ने अपनी मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की, तो उन्होंने उसे गाड़ी से धक्का दे दिया और फिर उनमें से एक ने उसके सीने में चाकू घोंप दिया। पुलिस के अनुसार, मोहदिकर को सरकारी मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि यशोधरा नगर पुलिस स्टेशन में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है और दुकान मालिक साबिर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मुंबई में 100 मकड़ियों और रेंगने वाले जीवों के साथ एक गिरफ्तार
मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने उसके पास से 100 मकड़ियां, एक दर्जन रेंगने वाले जीव और स्तनधारी जीव बरामद किए। यह पिछले तीन दिनों में अवैध विदेशी वन्यजीव तस्करी की दूसरी घटना है। एक अधिकारी ने बताया कि सामान में बिस्किट के डिब्बों में टारेंटयुला जैसी लगभग सौ मकड़ियां, इगुआना, मीरकैट, कछुए, स्किंक और अन्य छिपकलियां पाई गईं। यात्री बैंकॉक से हवाई अड्डे पर उतरा था। एक अधिकारी ने बताया कि वन्यजीव कल्याण के लिए रेसक्विंक एसोसिएशन (RAWW) की एक विशेषज्ञ टीम ने जब्त किए गए जानवरों की सुरक्षित देखभाल, स्थिरीकरण और चिकित्सा सहायता में अधिकारियों की सहायता की। अधिकारी ने बताया कि वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और सीआईटीईएस (लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन) के प्रावधानों के अनुसार, उन्हें उनके मूल देश वापस भेजने का आदेश दिया है।

ठाणे में चचेरे भाइयों की हत्या
ठाणे जिले में अज्ञात हमलावरों ने दो चचेरे भाइयों की हत्या कर दी। भिवंडी तालुका पुलिस थाने के निरीक्षक हर्षवर्धन बर्वे ने बताया कि हमलावरों ने सोमवार रात करीब 11.30 बजे भिवंडी क्षेत्र के खारडी गांव की एक सड़क पर तलवार और चाकू से हमला किया। दोनों लोग जमीन पर गिर पड़े। बाद में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हमले के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित प्रफुल्ल तांगड़ी (42) और चेतन तांगड़ी (22) खर्डी गांव के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

ठाणे झील में तैरते समय एक व्यक्ति डूब गया
ठाणे में एक झील में तैरने गया 21 वर्षीय एक युवक डूब गया। ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तड़वी ने बताया कि सोमवार शाम को ओवाला क्षेत्र के पाखंडा झील में पीड़ित तेजस दुधावड़े छत्रपति संभाजीनगर के रहने वाले थे और ओवाला इलाके में एक व्यक्ति से मिलने आए थे। वह झील में तैरने गया था और डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची स्थानीय लोगों की मदद से व्यक्ति को पानी से बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच कर रही है।

मुंबई में बेस्ट बस और कार के बीच फंसकर वृद्धा की मौत
दक्षिण मुंबई के मालाबार हिल इलाके में मंगलवार को एक 75 वर्षीय महिला की इलेक्ट्रिक बेस्ट बस के पिछले पहिये और खड़ी कार के बीच फंसकर मौत हो गई। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सरकारी सह्याद्री गेस्ट हाउस के सामने सुबह करीब 9.10 बजे हुई, जब मुंबई सेंट्रल डिपो की बस कमला नेहरू पार्क की ओर जा रही थी। पीड़िता मालाबार हिल निवासी नीता नितिन शाह, सड़क पर चल रही थी, तभी बस का पिछला बायां पहिया उससे टकराया। वह बस और सड़क किनारे खड़ी एक कार के बीच फंस गई। घायल महिला को राजकीय जेजे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि बस चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामला दर्ज कर लिया गया है।

पूर्व विधायक बच्चू कडू को सरकारी अधिकारी से मारपीट के मामले में तीन महीने की सजा
महाराष्ट्र के पूर्व विधायक और प्रहार जनशक्ति पार्टी के संस्थापक बच्चू कडू को सरकारी अधिकारी से मारपीट के सात साल पुराने मामले में मंगलवार को पुणे की एक सत्र अदालत ने दोषी ठहराते हुए तीन महीने की जेल की सजा सुनाई है। हालांकि अदालत ने उनकी सजा को अगली अपील दायर होने तक के लिए निलंबित कर दिया है और उन्हें जमानत भी मिल गई है। कोर्ट ने उनके ऊपर 10,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

क्या था मामला?
यह घटना 26 सितंबर 2018 की है, जब बच्चू कडू मुंबई में सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के तत्कालीन निदेशक और आईएएस अधिकारी प्रदीप पी. के दफ्तर पहुंचे थे। वहां उन्होंने विभाग की कामकाज को लेकर नाराजगी जताते हुए कथित रूप से अधिकारी के साथ मारपीट और धमकी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed