'कमजोर पड़ रही भारत की वैश्विक मौजूदगी': पश्चिम एशिया युद्ध पर बोले संजय राउत; PM मोदी की चुप्पी पर उठाए सवाल
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में भारत की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। मुखपत्र सामना में लिखे कॉलम ‘रोकठोक’ में उन्होंने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय संकट में भारत की भूमिका दिखाई नहीं दे रही और देश ने वैश्विक मंच पर अपना वजूद खो दिया है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक इस मुद्दे पर चुप हैं।
शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष में भारत की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। मुखपत्र सामना में लिखे कॉलम ‘रोकठोक’ में उन्होंने कहा कि इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय संकट में भारत की भूमिका दिखाई नहीं दे रही और देश ने वैश्विक मंच पर अपना वजूद खो दिया है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक इस मुद्दे पर चुप हैं।
विस्तार
शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने रविवार को पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध को लेकर केंद्र सरकार पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि इस संकट के बीच भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मौजूदगी और भूमिका लगभग खत्म होती दिखाई दे रही है। राउत ने यह बात शिवसेना (यूबीटी) के मुखपत्र सामना के साप्ताहिक कॉलम ‘रोकठोक’ में लिखी। उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राइल के बीच बढ़े तनाव और अमेरिका की भूमिका के कारण स्थिति बेहद गंभीर हो गई है और भारत एक देश के तौर पर इस स्थिति में पूरी तरह से अपना वजूद खो चुका है।
राउत के मुताबिक, इस पूरे संकट में भारत को आगे आकर युद्ध रोकने की कोशिश करनी चाहिए थी, क्योंकि यह एक बड़ा वैश्विक मुद्दा बन चुका है। लेकिन भारत की तरफ से इस मामले में कोई ठोस पहल नहीं दिखी। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने भारतीय नेतृत्व की कमजोरी भी उजागर हो रही है। राउत ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस गंभीर अंतरराष्ट्रीय संकट पर अब तक एक शब्द भी नहीं कहा है।
ये भी पढ़ें:- PM Modi: 'यह संविधान और लोकतंत्र का अपमान', राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन को लेकर TMC पर बरसे पीएम मोदी
अमेरिका और इस्राइल पर भी बोला तीखा हमला
संजय राउत ने अमेरिका और इस्राइल पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका और इस्राइल दुनिया में दबंगई दिखा रहे हैं और खुद को सबसे ताकतवर समझते हैं। राउत के अनुसार, इन देशों को लगा कि वे ईरान को बहुत आसानी से हरा देंगे। उन्होंने कहा कि इस्राइल और अमेरिका को लगा था कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद युद्ध जल्दी खत्म हो जाएगा। युद्ध के दौरान ईरान के कई बड़े नेता और सैन्य अधिकारी भी मारे गए, लेकिन इसके बावजूद ईरान लगातार जवाबी हमला कर रहा है और युद्ध जारी है।
ये भी पढ़ें:- पश्चिम एशिया में युद्ध का भारत पर क्या असर: तेल-गैस के लिए क्या कदम उठाए गए, संघर्ष में अब तक क्या रही भूमिका?
ग्लोबल बुली की तरह व्यवहार का आरोप
राउत ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इस्राइल दुनिया के ग्लोबल बुली की तरह व्यवहार कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि भारत जैसे बड़े देश, जो पहले अपनी बहादुरी की बात करते थे, अब इन देशों के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। अपने लेख में राउत ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते युद्ध के बीच भारत को मजबूत और स्वतंत्र रुख अपनाना चाहिए था, लेकिन ऐसा होता नहीं दिख रहा है। इसी वजह से उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में भारत की अंतरराष्ट्रीय भूमिका कमजोर नजर आ रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
कमेंट
कमेंट X