नौसेना नाविक ने क्यों खत्म किया परिवार?: पत्नी-बच्चों के बाद खुद फंदे से लटका; रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
मुंबई के नेवी नगर में नौसेना के 30 वर्षीय नाविक पुरणमल मेहरा की कथित आत्महत्या के साथ उनकी पत्नी और दो बच्चों की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस को पत्नी और बच्चों की मौत जहरीले पदार्थ से होने की आशंका है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जबकि पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं की जांच जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुंबई में भारतीय नौसेना के एक नाविक की कथित आत्महत्या और उसकी पत्नी व दो बच्चों की मौत के मामले में पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांचकर्ताओं को मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नाविक ने कथित तौर पर अपने परिवार को कौन सा पदार्थ या जहर दिया था। पुलिस के अनुसार, मृतक नाविक की पहचान पुरणमल शंभूलाल मेहरा (30) के रूप में हुई है। वह दक्षिण मुंबई के नेवी नगर इलाके में नौसेना के आवासीय परिसर में रहता था। भारतीय नौसेना ने रविवार को घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। नौसेना के मुताबिक, मामले की जांच पुलिस कर रही है और वह जांच में हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है।
कैसे सामने आया पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को पुरणमल ने अपने आवास में छत से फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ओमा (28), तीन वर्षीय बेटे यश और दो महीने के बच्चे की मौत भी हुई। तीनों के शव घर में एक बिस्तर पर मिले थे। प्रारंभिक जांच में पत्नी और दोनों बच्चों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, मौत की सही वजह और कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए पदार्थ की पहचान मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
क्या परिवार और पड़ोसियों से भी पूछताछ होगी?
पुलिस अब मृतक के परिचितों, सहकर्मियों और पड़ोसियों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है। जांचकर्ताओं का उद्देश्य घटना से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम को समझना है। पुलिस इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह रही। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दंपती के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस को आशंका है कि घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई होगी।
किसने दी घटना की जानकारी?
घटना का पता तब चला जब पुरणमल के पिता शंभूलाल मेहरा ने बेटे को कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने नौसेना के कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर नौसेना के जवान परिवार के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने पुरणमल को फंदे से लटका पाया, जबकि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे बिस्तर पर मृत मिले।
क्या मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज?
पुलिस के मुताबिक, फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं। अब कफ परेड पुलिस अंतिम मेडिकल और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन रिपोर्टों से यह स्पष्ट करने में मदद मिलेगी कि परिवार की मौत किस पदार्थ के कारण हुई और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच को आगे बढ़ाया जा सकेगा।
चार साल पहले हुई थी पुरणमल और ओमा की शादी
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के रहने वाले पुरणमल और ओमा की शादी करीब चार साल पहले हुई थी। शुरुआती जांच में दंपती के बीच लगातार विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, घटना की पूरी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुरणमल और उसकी पत्नी के परिवारों ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया।