नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस के प्रदर्शन पर कर्नाटक BJP प्रमुख बोले- अभी उच्च न्यायालय से नहीं मिली क्लीन चिट
कर्नाटक कांग्रेस आज नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर भाजपा के खिलाफ मार्च निकाल रही है। इसे लेकर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा है कि अभी गांधी परिवार को उच्च न्यायालय से नहीं मिली क्लीन चिट नहीं मिली है।
विस्तार
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कांग्रेस पर तीखा हमाल किया है। आज कर्नाटक कांग्रेस भाजपा के खिलाफ नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर प्रदर्शन कर रही है। इसी प्रदर्शन को लेकर बीवाई विजयेंद्र ने कहा, हाई कोर्ट ने गांधी परिवार को क्लीन चिट नहीं दी है और पार्टी पर संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाकर अशांति फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
एनआई से बात करते हुए विजयेंद्र ने कहा, "नेशनल हेराल्ड मामले में हाई कोर्ट ने गांधी परिवार को क्लीन चिट नहीं दी है। चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करके, कांग्रेस पार्टी कर्नाटक और पूरे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है। हताश कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार पर दोष मढ़ने की कोशिश कर रही है।"
राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा पर भी निशाना
विजयेंद्र ने कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा को भी निशाना बनाया और उनके परिवार पर अवैध रूप से जमीन हड़पने का आरोप लगाया। विजयेंद्र ने कहा, "राजस्व मंत्री होने के नाते, वह अवैध रूप से जमीन नहीं ले सकते। कृष्णा बायरे गौड़ा के परिवार ने 21 एकड़ से ज़्यादा ज़मीन पर कब्ज़ा कर लिया है। यह एक गंभीर मामला है, और हम इसे सदन में उठाएंगे।"
मार्च के लिए भारी सुरक्षाबलों का तैनाती
इस बीच, कांग्रेस के मार्च को देखते हुए, तेलंगाना कांग्रेस मुख्यालय, गांधी भवन और हैदराबाद के नामपल्ली में श्यामा प्रसाद मुखर्जी भवन में बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया था।
तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी, जिसमें नेशनल हेराल्ड मामले के संबंध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना का आरोप लगाया गया था।
इस मार्च में टीपीसीसी अध्यक्ष और विधान पार्षद महेश कुमार गौड़, अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ मौजूद होंगे। मार्च गांधी भवन से नामपल्ली में तेलंगाना बीजेपी मुख्यालय तक होना है। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और मार्च के दौरान किसी भी घटना को रोकने के लिए दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया है।