Updates: ओडिशा मुठभेड़ में 27 लाख के दो इनामी नक्सली ढेर, भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज
ओडिशा के गंजम-कंधमाल सीमा के जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो नक्सलियों को मार गिराया। इसमें एक महिला नक्सली है। मुठभेड़ कंधमाल जिले के राइकीया थाना क्षेत्र के कराडा जंगल में हुई।ढकंधमाल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरीश बीसी ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान जगेश (एरिया कमेटी सदस्य) और रश्मि (भाकपा-माओवादी की सदस्य) के रूप में हुई है। दोनों पर कुल 27.50 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, दोनों केकेबीएन (कालाहांडी-कंधमाल-बौध-नयागढ़) डिवीजन से जुड़े थे और जिले में कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे थे। सुरक्षाबलों ने मौके से कई हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर पिछले दो दिनों से इलाके में नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली मारे गए।
भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी पर दुष्कर्म का मामला दर्ज
भुवनेश्वर में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि 15 जनवरी को पीड़िता अपने मित्र के साथ अधिकारी के घर गई थी। जांच में प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद 20 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई। विवाहित महिला ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी थी।
मेघालय में 17 हजार मीट्रिक टन अवैध कोयला जब्त
मेघालय पुलिस ने पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले में 17 हजार मीट्रिक टन से अधिक कोयला और 25.5 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री जब्त की है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि यह कार्रवाई थंगस्कू इलाके में पांच फरवरी को अवैध रूप से संचालित हो रही एक कोयला खदान में हुए विस्फोट के बाद की। हादसे में 34 लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
जंगली हाथी के हमले में एएसआई की मौत
अरुणाचल प्रदेश के लोहित जिले में एक जंगली हाथी के हमले में पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) की मौत हो गई। जिले के पुलिस अधीक्षक थुतन जंबा के अनुसार, सुनपुरा थाने में तैनात मार्टिन लेगो शनिवार सुबह दो दोस्तों के साथ लोहित नदी पर घूमने गए थे। वहां जंगली हाथी ने हमला कर दिया। इस दौरान अन्य लोग भागने में सफल रहे, लेकिन हाथी ने जंबा को कुचलकर मार डाला। वन विभाग हाथी को खोजने और पकड़ने के प्रयास कर रहा है।
तटरक्षकों ने जब्त की 5 करोड़ की विदेशी सिगरेट, 4 ईरानी गिरफ्तार
भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक नाव से पांच करोड़ रुपये की विदेशी सिगरेट जब्त की और उसके चालक दल के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले सभी आरोपी ईरान के निवासी हैं। आईसीजी ने बताया कि यह कार्रवाई शनिवार को द्वारका तट के पास अरब सागर में की गई। उसने संदिग्ध विदेशी नाव अल मुख्तार को रोका। तलाशी के दौरान उसमें लगभग 5 करोड़ रुपये की विदेशी ब्रांड की सिगरेट के 200 कार्टन बरामद किए गए। इसके बाद, बल ने ईरानी चालक दल चारों सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पूछताछ के लिए बाद में पोरबंदर लाया गया। इससे पहले, आईसीजी और गुजरात एटीएस ने 16 फरवरी को एक संयुक्त अभियान में अरब सागर से 200 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध ड्रग्स के साथ दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था।
एआई क्रांति में महिलाओं को इसे विकसित करने की नेतृत्वकारी भूमिका में लाना होगा : गुटरेस
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटरेस ने भारत में हुए वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इम्पैक्ट समिट में विज्ञान, तकनीकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) क्षेत्र की युवा महिलाओं से मुलाकात को बेहद प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को इस क्षेत्र में केवल भागीदार नहीं, बल्कि एआई विकसित करने के नेतृत्व वाली भूमिका में लाना चाहिए। इससे यह सभी के लिए फायदेमंद साबित होगा और लैंगिक समानता को आगे बढ़ाएगा।
सोशल मीडिया पर साझा संदेश में गुटरेस ने कहा कि तेजी से बढ़ती एआई तकनीक के दौर में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि महिलाएं इसके विकास की दिशा तय करें, ताकि यह समावेशी, निष्पक्ष और जिम्मेदार बनी रहे। बता दें कि यूएन 2.0 नीति के तहत गुटरेस नई तकनीकों के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रहे हैं, ताकि नवाचार को मजबूत किया जा सके, ताकि एआई में मौजूद लैंगिक पक्षपात और भेदभाव को दूर किया जा सके और मशीन लर्निंग आधारित विश्लेषण को बढ़ावा मिले। समिट में उन्होंने कहा कि एआई को मानवता के कल्याण के लिए इस्तेमाल करना होगा और इसके खतरों को कम करना होगा। उन्होंने इस क्षेत्र में देशों से सहयोग बढ़ाने, लोगों को तैयार करने, सुरक्षा देने और मानव संसाधन में निवेश करने की भी अपील की। इस दौरान उन्होंने एआई वैज्ञानिक पैनल के गठन का भी जिक्र किया।