न्यूज डायरी: ओडिशा में खनन विरोधी आंदोलन पर कार्रवाई; शख्स ने पत्नी का सिर काटा; पिता को भी मार डाला
हत्यारोपी को राहत, सीजेपी नेताओं की हिरासत बढ़ाई जा रही: दिपके
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने हत्या के एक दोषी की सजा पर इलाहाबाद हाईकोर्ट की रोक और पार्टी के दो सह-संयोजकों की न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ाए जाने के विरोधाभास का मुद्दा उठाया। सोशल मीडिया पर दोनों खबरें साझा करते हुए दिपके ने लिखा, एक तरह हत्यारोपी को राहत दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर सीजेपी नेताओं की हिरासत बढ़ाई जा रही है। दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 2017 के हत्या मामले में पिछले साल दोषी ठहराए गए नंदलाल राय उर्फ बबलू राय की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाई है। राय 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। वहीं, सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास को सोमवार को दो दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दोनों को 13 अक्तूबर को जंतर-मंतर में जबरन प्रवेश करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाने के मामले में हिरासत में लिया गया था। दिपके ने दोनों नेताओं के त्याग की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बेहतर देश बनाने की उम्मीद में सफल करियर और आर्थिक सुरक्षा छोड़ी। सीजेपी ने हिरासत को चुनौती देने और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।जंक फूड पर नियमों की स्पष्टता मांगेगा केरलम
केरलम सरकार बच्चों में अस्वास्थ्यकर खानपान की आदतों पर रोक लगाने के लिए जंक फूड की बिक्री नियंत्रित करना चाहती है। स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने कहा कि राज्य खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) से जंक फूड की पहचान और नियमन से जुड़े प्रस्तावित नियमों को जल्द अंतिम रूप देने की मांग करेगा। प्रस्ताव के तहत अधिक वसा, चीनी और नमक वाले खाद्य पदार्थों की सीमा तय होगी। इससे स्कूल परिसरों में ऐसे उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। राज्य में 2,500 स्कूलों में सुरक्षित और पौष्टिक भोजन संबंधी कार्यक्रम चलाया जा रहा है।विजयादशमी पर मोहन भागवत ने किया शस्त्र पूजन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन किया। उन्होंने नागपुर में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
VIDEO | Nagpur: RSS chief Mohan Bhagwat performs Shastra Pujan (weapon worship) on Vijayadashami. (Source: Third Party) (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/RI8ovhJdi9
— Press Trust of India (@PTI_News) October 20, 2026
कोलकाता के पांच दुर्गा पूजा पंडालों में तैनात होंगे डॉक्टर
कोलकाता में भगदड़ से 19 लोगों की मौत के बाद पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने पांच प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों में डॉक्टर तैनात करने का फैसला किया है। ये टीमें 19 से 21 अक्टूबर तक शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक ड्यूटी करेंगी। संतोष मित्र स्क्वायर, ताला प्रतय, कॉलेज स्क्वायर, एकडालिया एवरग्रीन और चेतला अग्रणी में डॉक्टर तैनात रहेंगे। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अस्पतालों को इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सर्जरी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को उत्तर कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की मौत और 25 लोग घायल हुए थे।
आदिवासी आंदोलन से जुड़े दो कार्यकर्ता गिरफ्तार, नागरिक संगठन ने जताया विरोध
ओडिशा के रायगढ़ा जिले में खनन विरोधी प्रदर्शन के दौरान अप्रैल में हुई हिंसा के मामले में आदिवासी अधिकार कार्यकर्ता डॉ. रैंडल सिक्वेरा और लक्ष्मण नायक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों पर हत्या के प्रयास, दंगा और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का आरोप है कि उन्होंने आदिवासियों को सुरक्षाकर्मियों पर हमला करने के लिए उकसाया। वहीं, नागरिक संगठन कंसर्न्ड सिटिजन्स कमेटी ने गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई दबाने की कोशिश बताया है।
चेन्नई में नए सचिवालय के निर्माण पर विवाद, पीएमके ने जताई ट्रैफिक जाम की आशंका
पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास ने तमिलनाडु सरकार की अन्ना सलाई स्थित पल्लवन इल्लम में नया सचिवालय बनाने की योजना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि इससे यातायात जाम और पर्यावरण संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं। उनके मुताबिक, कोऊम नदी के किनारे 20 लाख वर्ग फुट का भवन बनाना बाढ़ का खतरा भी बढ़ाएगा। उन्होंने सरकार से चेन्नई के बाहरी इलाके में 500 से 1,000 एकड़ में एकीकृत प्रशासनिक शहर विकसित करने की अपील की।
केरल के अलुवा में चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में युवक की मौत
केरल के अलुवा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार तड़के चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में 35 वर्षीय अल्ताफ की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, ट्रेन का स्टेशन पर ठहराव नहीं था, इसलिए युवक ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन के नीचे आ गया। घटना सुबह करीब तीन से चार बजे के बीच हुई। पुलिस ने बताया कि मामले में पंचनामा की कार्रवाई जारी है।
कोलकाता के बाजार में भीषण आग, दमकल की 15 गाड़ियों ने पाया काबू
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बाघा जतिन इलाके में मंगलवार सुबह एक बाजार में आग लग गई। दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद 15 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। करीब एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
नशा तस्करी पर सख्त कानून की मांग, केंद्र और राज्यों की बैठक बुलाने की अपील
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एनडीपीएस कानून को और सख्त बनाने की मांग की है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर सभी राज्यों के गृह मंत्रियों की बैठक बुलाने का अनुरोध किया। चेन्निथला ने कहा कि राज्य में 'ऑपरेशन तूफान' के दौरान नशा तस्करी के व्यापक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। उन्होंने बार-बार अपराध करने वालों के लिए कठोर सजा, तस्करों की संपत्ति जब्त करने और जांच एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत बताई।
नवरात्र और दुर्गा पूजा सनातन परंपरा के जीवंत प्रतीक: बंगाल के मुख्यमंत्री
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नवरात्र और दुर्गा पूजा को सनातन परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक बताया। नवमी के अवसर पर उन्होंने कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और लोगों की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। उन्होंने 17 अक्टूबर को चोरबागान दुर्गा पूजा के दौरान मची भगदड़ में 19 लोगों की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी के कारण वह सभी उत्सवों में शामिल नहीं हो रहे हैं।
सीएम विजय पर कथित अपमानजनक टिप्पणी, डीएमके नेता के खिलाफ केस दर्ज
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में डीएमके की चेन्नई निगम पार्षद सुधा दीनदयालन और पार्टी पदाधिकारी मुरलीधरन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर को पार्टी कार्यक्रम में की गई टिप्पणियों को लेकर टीवीके नेता उदयकुमार ने शिकायत दी थी। सत्तारूढ़ टीवीके ने डीएमके पर राजनीतिक मंचों का इस्तेमाल व्यक्तिगत हमलों के लिए करने का आरोप लगाया। डीएमके ने कहा कि कनिमोझी और पीके शेखर बाबू ने बाद में पार्षद को राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की सलाह दी थी। मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
असम में तीन जिलों में 638 हेक्टेयर जमीन से हटाया गया अतिक्रमण
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि गोलाघाट, होजाई और नगांव जिलों में हाल के दिनों में अतिक्रमण हटाने के अभियान चलाए गए। इन अभियानों के दौरान 638 हेक्टेयर से अधिक जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। अधिकारियों के अनुसार, संरक्षित वन क्षेत्रों में अवैध कब्जे हटाने के लिए पिछले सप्ताह कार्रवाई की गई थी। इस दौरान करीब 1,000 परिवारों को इन क्षेत्रों से हटाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार राज्य के हितों की रक्षा के लिए काम करती रहेगी।
वीना जॉर्ज के पूर्व गनमैन पर होगी कार्रवाई, मंत्री ने लगाए झूठे बयान के आरोप
केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने कहा कि पूर्व मंत्री वीना जॉर्ज के पूर्व गनमैन के खिलाफ कथित तौर पर गलत बयान देने के मामले में कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के मुताबिक, विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने गनमैन ने स्वीकार किया कि फरवरी में कन्नूर में काले झंडे के प्रदर्शन के दौरान वीना जॉर्ज पर जानलेवा हमले की बात गलत थी और उसने कथित तौर पर पूर्व मंत्री के निर्देश पर ऐसा बयान दिया था। इस मामले में पांच केएसयू कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था। जून में आरोपपत्र दाखिल होने के दौरान हत्या के प्रयास सहित गंभीर आरोप हटा दिए गए थे। अब मामले की आगे जांच की जा रही है।
केरल के सरकारी दफ्तरों को फर्जी बम धमकी देने वाला तमिलनाडु का इंजीनियर गिरफ्तार
तिरुवनंतपुरम, 20 अक्टूबर (पीटीआई)। केरल में सरकारी कार्यालयों को फर्जी बम धमकी वाले ईमेल भेजने के आरोप में तमिलनाडु के 37 वर्षीय इंजीनियर शरथ सुब्रमणियन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के साइबर सेल के अनुसार, आरोपी के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में 36 मामले दर्ज हैं और उसने इनमें से 34 अपराध स्वीकार किए हैं। धमकी वाले ईमेल सचिवालय, लोक भवन, अदालत परिसरों और क्लिफ हाउस जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को भेजे गए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने डार्क वेब का इस्तेमाल किया था। उसने कथित तौर पर तमिलनाडु की एक राजनीतिक पार्टी से नाराजगी के कारण ऐसा किया। मामले की आगे जांच जारी है।
दुर्गा पूजा भगदड़ में मौतों का गलत आंकड़ा फैलाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
कोलकाता, 20 अक्टूबर (पीटीआई)। पश्चिम बंगाल पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में कूचबिहार के ऐनुल हक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम हुई भगदड़ में 19 लोगों की मौत हुई थी और 25 लोग घायल हुए थे। सोशल मीडिया पर मृतकों की संख्या 60 बताई जा रही थी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाली गलत सूचनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
असम में ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से मारी टक्कर, दो बहनों समेत तीन की मौत
तेजपुर, 20 अक्टूबर (पीटीआई)। असम के बिश्वनाथ जिले में सोमवार रात एक सड़क हादसे में दो नाबालिग बहनों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, गोहपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर एक 12 पहियों वाले ट्रक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 12 वर्षीय हृतिका गुप्ता, कृतिका गुप्ता और उनके मामा चंदन शाह की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक गोहपुर से बिश्वनाथ चरियाली की ओर जा रहा था। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
त्रिपुरा के दुर्गाबाड़ी मंदिर में महानवमी पर पशु बलि की परंपरा निभाई गई
त्रिपुरा की राजधानी अगरतला स्थित दुर्गाबाड़ी मंदिर में महानवमी के अवसर पर धार्मिक परंपरा के तहत एक भैंसे और कुछ बकरियों की बलि दी गई। मंदिर के पुजारी जयंत भट्टाचार्य के अनुसार, करीब 149 साल पुरानी यह परंपरा मंत्रोच्चार के बीच निभाई गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार, बलि स्थल को आम लोगों की नजरों से ढका गया था। वर्ष 2019 में त्रिपुरा हाईकोर्ट ने मंदिरों में पशु-पक्षियों की बलि पर रोक लगाई थी, लेकिन बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उस आदेश पर रोक लगा दी थी और कुछ शर्तें निर्धारित की थीं। दुर्गा पूजा का आयोजन माणिक्य राजवंश की ओर से पश्चिम त्रिपुरा जिला प्रशासन करता है।
पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का सिर काटकर हत्या कर दी और धारदार हथियार से अपने पिता की भी जान ले ली। पुलिस ने आरोपी मंगल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार रात दामोदर नदी के किनारे नट लालबाबा मनाचार इलाके में हुई। आरोपी ने अपनी 39 वर्षीय पत्नी रूपा चौधरी की कथित तौर पर हत्या करने के बाद उसका सिर मंदिर में रख दिया। इसके बाद उसने अपने करीब 60 वर्षीय पिता राजेंद्र चौधरी को भी मार डाला। आरोपी ने अपने भाई पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बचकर निकल गया।
सूचना मिलने पर सोनामुखी और कांकसा थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। हत्या के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस तांत्रिक अनुष्ठानों से संभावित संबंध समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है। घायल उंगली के उपचार के लिए आरोपी अस्पताल में भर्ती है।