फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 11 May North East West South India Politics Crime National News In Hindi

News Updates: कावेरी नदी में मृत मिले ICAR के पूर्व प्रमुख, मणिपुर में जबरन वसूली करने के आरोप में 11 गिरफ्तार

Sun, 11 May 2025 04:07 PM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Sun, 11 May 2025 04:07 PM IST
विज्ञापन
News Updates 11 May North East West South India Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

बंगलूरू के तीन श्रद्धालुओं ने शनिवार को भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रसिद्ध तिरुपति मंदिर को चार बड़े चांदी के दीपक दान किए। यह दीपक मंदिर की देखरेख करने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को दिए गए। टीटीडी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बारे में जानकारी दी। दीपक दान करने वालों में राधा कृष्ण, श्याम सुंदर शर्मा और शशिधर शामिल हैं, जिन्होंने मंदिर के अधिकारी रामकृष्ण को महाद्वारम (भव्य प्रवेश द्वार) पर दीपक भेंट किए। इससे पहले, टीटीडी के अध्यक्ष बीआर नायडू ने मंदिर निकाय के कर्मचारियों को तिरुमाला और तिरुपति के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए 555 हेलमेट वितरित किए। ये दिल्ली की एक हेलमेट कंपनी के जे. रघुराम और नवीन ने दिए, जिनकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। नायडू ने कहा कि हेलमेट की गुणवत्ता अच्छी रही तो 5,000 और हेलमेट उपलब्ध कराए जाएंगे। 

विज्ञापन


जस्टिस सूर्यकांत एनएएलएसए के कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (एनएएलएसए) का अगला कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। जस्टिस सूर्यकांत की नियुक्ति 14 मई, 2025 से प्रभावी होगी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के दूसरे सबसे वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस बीआर गवई विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष थे। जस्टिस गवई 14 मई को सुप्रीम कोर्ट के 52वें चीफ जस्टिस के तौर पर शपथ लेंगे।

विज्ञापन

1.12 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले दो ठग गुजरात से गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस ने 1.12 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी के मामले में गुजरात के सूरत से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि 29 वर्षीय आरोपी अजीत और 23 वर्षीय विवेक फर्जी एप और सोशल मीडिया ग्रुप के जरिये शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को लालच देते थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 86 खाली चेक, 10 पासबुक, 15 डेबिट कार्ड और पांच मोबाइल फोन बरामद किए। ये कार्रवाई फरीदाबाद के बसेलवा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत के बाद की गई, जिसे उस व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया था, जहां निवेश संबंधी टिप्स शेयर किए जा रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने उसे दो मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड कर शेयर बाजार में निवेश करने को कहा। शिकायतकर्ता ने कई ट्रांजेक्शन के जरिये 1,12,89,135 रुपये का निवेश किया, लेकिन वह रकम निकाल नहीं पाया, जिसके बाद साइबर पुलिस स्टेशन (सेंट्रल) में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मेकअप कलाकार विक्रम का निधन
83, उरी : द सर्जिकल स्ट्राइक जैसी फिल्मों से पहचान बनाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मेकअप आर्टिस्ट विक्रम गायकवाड़ का शनिवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 61 वर्ष के थे। विक्रम को तीन दिन पहले ब्लड प्रेशर की समस्या के कारण भर्ती कराया गया था। विक्रम ने दंगल, सांझू, तान्हाजी, पीके, 3 इडियट्स जैसी फिल्मों में अपनी कला का जादू बिखेरा।

विज्ञापन

मणिपुर : छात्रों के विरोध के बीच रिम्स के डीन और सब-डीन ने दिया इस्तीफा
छात्र-छात्राओं को नग्न होकर डांस करने या आत्महत्या करने की सजा देने के मामले में छात्रों के बढ़ते विरोध के बीच इंफाल स्थित रीजनल इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स ) के डीन डॉ. टी मीरा और सब-डीन लाइश्राम ट्रिनिटी मैतेई ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे के बावजूद छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक निदेशक के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि केवल दो अधिकारियों का इस्तीफा समाधान के लिए पर्याप्त नहीं है। छात्रों का आरोप है कि निदेशक ने उन्हें नग्न होकर नाचने, आत्महत्या करने या फिर कहा कि वह उन्हें फांसी पर लटकाने जैसी बातें कही थीं। छात्रों का कहना है कि ये टिप्पणियां न केवल अपमानजनक थीं, बल्कि इससे उनकी मानसिक स्थिति पर भी गहरा असर पड़ा है।

पीएमबीजेपी योजना में भारत मालदीव को देगा गुणवत्तापूर्ण सस्ती दवाएं
मालदीव की सरकारी संस्था स्टेट ट्रेडिंग ऑर्गनाइजेशन पीएलसी (एसटीओ) ने भारत की प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के तहत एक रणनीतिक समझौता किया है, जिसके तहत  भारत सरकार एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड (एचएलएल) के माध्यम से मालदीव को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराएगा। एचएलएल के जनऔषधि नेटवर्क में 2,000 से अधिक गुणवत्ता-प्रमाणित जेनेरिक दवाएं और 300 सर्जिकल आइटम शामिल हैं। यह मालदीव को विश्व की सबसे कुशल दवा आपूर्ति शृंखलाओं में से एक से जोड़ेगा। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मालदीव के स्वास्थ्य तंत्र ने आवश्यक दवाओं की कमी का सामना किया था। इससे मरीजों की देखभाल बाधित हुई थी और राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना आसंधा पर दबाव बढ़ा था। अप्रैल तक आपातकालीन आयात से 99 प्रतिशत दवाओं की उपलब्धता बहाल हुई, लेकिन यह अल्पकालिक समाधान था।

ठगों को सिम बेचने वालों पर शिकंजा आठ राज्यों में 42 ठिकानों पर छापे
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को आठ राज्यों में 42 ठिकानों पर छापा मारा है। सीबीआई ने इस मामले में केवाईसी मानदंडों का उल्लंघन करते हुए सिम कार्ड बेचने में उनकी संलिप्तता के लिए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और कई अहम दस्तावेज व डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। यह कार्रवाई साइबर अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने और डिजिटल धोखाधड़ी पर अंकुश लगाने के लिए चल रहे प्रयासों का हिस्सा है।

सीबीआई ने ऑपरेशन चक्र-पांच के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने इस ऑपरेशन के तहत विभिन्न टेलीकॉम ऑपरेटरों के पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) एजेंटों के परिसरों पर छापे मारे। आरोप है कि ये एजेंट साइबर अपराधियों और टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं के अधिकारियों के साथ मिलीभगत से सिम कार्ड जारी करने में लिप्त थे। इन सिम कार्ड का इस्तेमाल बाद में डिजिटल गिरफ्तारी, धोखाधड़ी, निवेश धोखाधड़ी और यूपीआई धोखाधड़ी जैसी अवैध गतिविधियों में किया जाता है। 

गल क्लाउड के लिए भारत रणनीतिक और तेजी से बढ़ता हुआ बाजार
गूगल क्लाउड के लिए भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाले और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजारों में से एक बन चुका है। यह देश एक उच्च प्राथमिकता वाला बाजार है,जो न केवल विशाल उपभोक्ता आधार के कारण बल्कि एक वैश्विक निर्माण अर्थव्यवस्था के तौर भी अहम है। यह बात कंपनी के भारत प्रमुख और उपाध्यक्ष बिक्रम सिंह बेदी ने कही।

बेदी ने कहा, हम भारतीय बाजार के दो दृष्टिकोणों से देखते हैं। पहला, इसका व्यापक स्तर, इस पैमाने पर बहुत कम देश काम करते हैं। दूसरा, भारत एक बिल्डर्स इकोनॉमी है, यह दुनिया के लिए बनाता है। उन्होंने बताया कि गूगल क्लाउड कई भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर वैश्विक स्तर पर उपयोगी तकनीकी समाधान विकसित करने में जुटा है। बेदी ने कहा कि गूगल क्लाउड भारत में दो क्लाउड क्षेत्र मुंबई और दिल्ली संचालित करता है। इनको इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने मान्यता दी है।

ये क्लाउड क्षेत्र वित्त, स्वास्थ्य, ई-कॉमर्स और टेलीकॉम जैसे कई क्षेत्रों की कंपनियों को सेवाएं देते हैं। बेदी ने बताया कि कंपनी ने भारत में समुद्र के नीचे केबल परियोजनाओं में भी निवेश किया है। इनमें रमन, मिस्ट और आईएएक्स शामिल हैं। ये परियोजनाएं वैश्विक डाटा कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं।

आईसीएआर के पूर्व प्रमुख अय्यप्पन कावेरी नदी में मृत पाए गए
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के पूर्व महानिदेशक और पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित सुब्बान्ना अय्यप्पन श्रीरंगपटना के पास कावेरी नदी में मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि, लोगों ने शनिवार को नदी में उनका शव तैरता हुआ पाया और उसे निकाल लिया गया। वे कृषि और मत्स्य पालन (जलीय कृषि) वैज्ञानिक थे, और आईसीएआर का नेतृत्व करने वाले पहले गैर-फसल वैज्ञानिक थे।

पुलिस के अनुसार, उनका दोपहिया वाहन नदी के किनारे पाया गया और संदेह है कि उन्होंने नदी में छलांग लगा दी होगी। हालांकि, पुलिस ने कहा कि केवल जांच ही उनकी मौत के कारण का पता लगा सकती है। अय्यप्पन मैसूर के विश्वेश्वर नगर औद्योगिक क्षेत्र के निवासी थे और उनके परिवार ने मैसूर के विद्यारण्यपुरम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 7 मई को लापता हो गए थे। पुलिस ने बताया कि वह श्रीरंगपटना में कावेरी नदी के तट पर स्थित साईंबाबा आश्रम में अक्सर ध्यान किया करते थे। भारत की 'नीली क्रांति' में अहम भूमिका निभाने वाले अय्यप्पन के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां हैं।

मणिपुर में स्थानीय लोगों से जबरन वसूली करने के आरोप में 11 उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर के कई हिस्सों से स्थानीय लोगों से जबरन वसूली करने के आरोप में 11 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इंफाल पश्चिम, काकचिंग, बिष्णुपुर और थौबल जिलों से गिरफ्तारियां की गईं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से कई हथियार और गोला-बारूद जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमसी प्रोग्रेसिव) के चार कार्यकर्ता शामिल हैं। उनके पास से दो पिस्तौल और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

News Updates 11 May North East West South India Politics Crime National News In Hindi
कांग्रेस नेता जयराम रमेश - फोटो : एएनआई (फाइल)
डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में आई ब्रह्मोस, शासन में निरंतरता के इस प्रमाण को नकार नहीं सकते: कांग्रेस
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पूर्व पीएम डॉ मनमोहन सिंह के कार्यकाल में ब्रह्मोस मिसाइल साल 2005 में भारतीय नौसेना में शामिल हुई। इसके दो साल के बाद यह थल सेना को भी मिली, जबकि एयरफोर्स को 2012 में ब्रह्मोस का हवाईसंस्करण मिला। उन्होंने 10 साल तक चली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) की सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए रमेश ने कहा, ब्रह्मोस शासन में निरंतरता का प्रमाण है जिसे नकारा नहीं जा सकता। बकौल कांग्रेस महासचिव, 'यह डॉ मनमोहन सिंह का नेतृत्व ही था जिसके कारण 2005 में ऐतिहासिक भारत-अमेरिका परमाणु समझौता हुआ, जिससे ग्यारह साल बाद भारत के मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था में शामिल होने का मार्ग प्रशस्त हुआ।' उन्होंने कहा, उनके कार्यकाल के दौरान ही हैदराबाद में ब्रह्मोस इंटीग्रेशन कॉम्प्लेक्स और ब्रह्मोस एयरोस्पेस तिरुवनंतपुरम लिमिटेड की स्थापना की गई।

रक्षा कर्मियों को संपत्ति कर में छूट मिलेगी; आंध्र प्रदेश सरकार की घोषणा
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा है कि राज्य सरकार भारतीय रक्षा कर्मियों के स्वामित्व वाले घरों को टैक्स में छूट देने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत सीमा के भीतर सेना, नौसेना, वायु सेना, सीआरपीएफ और अर्धसैनिक बलों के साहस और देश सेवा को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने संपत्ति कर में छूट की घोषणा की है। अपने एक्स हैंडल पर लिखे एक पोस्ट में पवन कल्याण ने कहा, टैक्स की यह छूट जो पहले सेवानिवृत्त सैनिकों या सीमाओं पर तैनात लोगों तक सीमित थी। अब सभी सक्रिय कर्मियों को कर में छूट का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसी संपत्ति जिसमें कार्मिक या उनके पति या पत्नी रहते हों या प्रॉपर्टी संयुक्त स्वामित्व वाली हो, टैक्स छूट की पात्र होगी। फैसला सैनिक कल्याण निदेशक की सिफारिश के बाद लिया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed