फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates Of 3 July: India News, Politics, Crime, Central Govt; News In Hindi, Hindi News; News Updates

News Updates: असम में प्रेमी के हमले की शिकार युवती की मौत, एक महीने से चल रहा था इलाज

Fri, 03 Jul 2026 05:54 AM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Fri, 03 Jul 2026 05:54 AM IST
विज्ञापन
News Updates Of 3 July: India News, Politics, Crime, Central Govt; News In Hindi, Hindi News; News Updates
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
बंगलूरू में आईटी कंपनी परिसर स्थित डे-केयर सेंटर में छोटे बच्चों को यातना मामले में पुलिस ने शहर के अन्य सेंटरों की जांच कराने का फैसला किया है। पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह भी जांच होगी कि अन्य डे-केयर केंद्रों पर निर्धारित नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। बता दें कि ब्रुकफील्ड स्थित कैपजेमिनी के परिसर में संचालित डे-केयर सेंटर का है, जहां कार्यरत पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनकी पहचान मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु, और बिंदु के रूप में हुई है। घटना का खुलासा सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल होने और चाइल्ड हेल्पलाइन को शिकायत मिलने के बाद हुआ।
विज्ञापन

 

ओडिशा में 1.10 लाख करोड़ रुपये का लगेगा एल्युमिनियम प्रोजेक्ट
ओडिशा सरकार ने राज्य में 1.10 लाख करोड़ का मेगा इंटीग्रेटेड एल्युमिनियम प्रोजेक्ट लगाने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह प्रोजेक्ट यूएई की इंटरनेशनल होल्डिंग कंपनी (आईएचसी) और अदाणी ग्रुप मिलकर लगाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक ओडिशा के इतिहास का सबसे बड़ा प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) है। यह देश के धातु क्षेत्र का भी सबसे बड़ा एफडीआई प्रस्ताव है। समझौता मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ। एमओयू आईएचसी और इंडस्ट्रियल प्रमोशन एंड इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन ऑफ ओडिशा (आईपीआईसीओएल) के बीच साइन हुआ। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि इससे ओडिशा में खनन से लेकर उत्पादन तक की पूरी एल्युमिनियम वैल्यू चेन विकसित होगी। इस प्रोजेक्ट से करीब 53,500 लोगों को रोजगार मिलेगा। लॉजिस्टिक्स को धामरा पोर्ट से सहयोग मिलेगा, जो अदाणी पोर्ट्स एंड एचईजेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

जस्टिस बीवी नागरत्ना बनीं सुप्रीम कोर्ट विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष
देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने जस्टिस बीवी नागरत्ना को सुप्रीम कोर्ट विधिक सेवा समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया है। जस्टिस नागरत्ना की नियुक्ति 29 जून से प्रभावी हो गई है। जस्टिस नागरत्ना, जस्टिस जेके माहेश्वरी की जगह लेंगी, जो 28 जून को सेवानिवृत्त हो गए हैं।
विज्ञापन

एआईएडीएमके के पूर्व विधायक और कार्यकर्ता टीवीके में हुए शामिल
तमिलनाडु के महाबलिपुरम में कई पूर्व एआईएडीएमके विधायक और कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कजगम (टीवीके) में शामिल हो गए। महाबलिपुरम में बृहस्पतिवार को कई वरिष्ठ नेताओं ने टीवीके की सदस्यता ग्रहण की। इनमें पूर्व एआईएडीएमके मंत्री सी. विजयबास्कर, एमआर विजयबास्कर, एमएसएम आनंदन और वालरमती समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं।

केरल- सेवानिवृत्त पुलिस सब-इंस्पेक्टर पॉक्सो में गिरफ्तार
केरलम के कन्नूर के परियाराम में एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न के आरोप में सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान परियाराम निवासी गोपीनाथन (62) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार की है जब पड़ोस में रहने वाली 11 वर्षीय पीड़िता आरोपी के घर गई थी। आरोप है कि गोपीनाथन ने लड़की का यौन उत्पीड़न किया और धमकी दी। हालांकि, घर लौटने पर बच्ची ने पूरी बात अपने माता-पिता को बता दी। इसके बाद बच्ची के माता-पिता की शिकायत पर परियाराम पुलिस ने यौन अपराधों के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसे जल्द ही थालिपरम्बा की अदालत में पेश करेगी।

गुजरात, बिहार व मप्र में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 30 को
निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की। इन सीटों के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा। आयोग ने कहा कि बिहार की बांकीपुर, मध्य प्रदेश की दतिया और गुजरात की मंझलपुर सीट पर उपचुनाव के नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने से बांकीपुर, कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के धोखाधड़ी मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद अयोग्य घोषित होने से दतिया और भाजपा विधायक योगेशभाई पटेल के निधन के कारण मंझलपुर सीट रिक्त हुई है। जबकि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है।

ओडिशा सरकार ने हड़ताली डॉक्टरों से काम पर लौटने की अपील की
ओडिशा सरकार ने राज्यभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सरकारी डॉक्टरों से तुरंत काम पर लौटने की अपील की है। सरकार ने कहा कि मरीजों के इलाज को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। सरकार ने भरोसा दिलाया कि डॉक्टरों के काम पर लौटते ही उनकी मांगों पर बातचीत की जाएगी। सरकार का कहना है कि डॉक्टरों की कई पुरानी मांगें पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। हालांकि, यदि हड़ताल से मरीजों की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती हैं तो सरकार आवश्यक कार्रवाई करेगी। OMSA के डॉक्टर 10 सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार से हड़ताल पर हैं।

कोलकाता पहुंचे लोकसभा अध्यक्ष
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला कोलकाता एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार ने वहां उनका स्वागत किया।
 
 

गुजरात में 4.34 करोड़ रुपये का तेल चोरी रैकेट पकड़ा, 11 गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने कच्छ जिले में तेल चोरी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4.34 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। पुलिस ने छह टैंकर, दो लाख किलो से अधिक तेल और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संबंध गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और राजस्थान से है। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कोलकाता गोदाम हादसा: मानवाधिकार आयोग ने लिया संज्ञान, बंगाल सरकार को नोटिस
कोलकाता के तारातला इलाके में 24 जून को एक निर्माणाधीन गोदाम का ढांचा गिर गया था। इस हादसे में 5 मजदूरों की जान चली गई और 20 अन्य घायल हो गए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गोदाम का नक्शा ही दोषपूर्ण था। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने इसे मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन माना है। आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव, कोलकाता पुलिस कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर को नोटिस जारी किया है। NHRC ने दो हफ्ते के भीतर जांच की स्थिति, संरचनात्मक खामियों और पीड़ितों को दिए गए मुआवजे पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। लालबाजार क्राइम ब्रांच इस हादसे की जांच कर रही है। कोलकाता नगर निगम जिम्मेदार आर्किटेक्ट और प्लानर को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी में है। क्रेडाई (CREDAI) बंगाल ने भी घटना पर दुख जताते हुए निर्माण कार्यों में सुरक्षा नियमों के पालन पर जोर दिया है।
 

माडापटना हादसा: मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने जाना घायलों का हाल
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने माडापटना में पत्थर की खदान में हुए हादसे के घायलों से मुलाकात की। माडापटना में चट्टान गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया था। मुख्यमंत्री ने अस्पताल जाकर घायलों का हाल जाना और उनके इलाज के बारे में जानकारी ली। इस दुखद घटना में आठ मजदूरों की जान चली गई थी। वहीं, पांच मजदूर घायल हुए थे जिनका इलाज चल रहा है। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को सांत्वना दी और प्रशासन को घायलों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए।

500 रुपये के नोट को लेकर झगड़ा, दुकानदार की जान गई
कर्नाटक के हावेरी जिले के रत्तीहल्ली में बुधवार शाम एक छोटी सी दुकान पर खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस के अनुसार, अंडों के पैसे देने के दौरान 500 रुपये के नोट को लेकर विवाद शुरू हुआ। वसीम मुल्ला और उसके साथियों का दुकानदार के परिवार से झगड़ा हो गया। बहस के दौरान 55 साल के दुकानदार शिवाजीराव बैरोजीवार के साथ मारपीट हुई। वह बेहोश होकर गिर पड़े और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस हमले में उनका बेटा भरत भी घायल हुआ है। पुलिस ने वसीम मुल्ला, सरफराज और सादिक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सिराज अभी फरार है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
 

चिक्काबल्लापुर में ड्रिलिंग के दौरान धमाका, आंध्र प्रदेश के मजदूर की मौत
चिक्काबल्लापुर जिले के हिरेनागवल्ली पहाड़ी पर स्थित इको सैंड खदान में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ। खदान में ड्रिलिंग का काम चल रहा था, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से 35 साल के मजदूर नागेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। नागेंद्र आंध्र प्रदेश के धर्मावरम के रहने वाले थे। उन्हें तुरंत बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पेरेसंद्रा पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि धमाका किन कारणों से हुआ।

प्रेमी के हमले से घायल युवती की एक महीने बाद मौत

असम के नलबाड़ी में कथित प्रेमी के हमले में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय युवती की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती ने गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में अंतिम सांस ली। 31 मई को युवती अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से घर लौट रही थी, तभी आरोपी आशिक अली उर्फ रोज अली ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में युवती के चचेरे भाई और स्थानीय छात्र नेता मधुर्ज्य बर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी। अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में आरोपी भी मारा गया। युवती की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं और उसकी दो बड़ी सर्जरी की गई थीं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत में पहले सुधार हो रहा था, लेकिन पिछले सप्ताह तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार को उसे वेंटिलेटर पर रखा गया और शुक्रवार सुबह दो बार दिल का दौरा पड़ने के बाद उसकी मौत हो गई।

केरल: महिला के यौन उत्पीड़न के आरोप में पादरी गिरफ्तार

पुलिस ने शुक्रवार को चावरा में एक महिला का कई बार यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक ईसाई पादरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फादर डेनिस प्रवीण के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कथित घटनाएं 2022 से 2024 के बीच हुईं। महिला चावरा के एक प्रार्थना केंद्र में आई थी, जहां पादरी से उसकी दोस्ती हुई। आरोप है कि इस दौरान पादरी ने कोल्लम में कई जगह महिला का यौन उत्पीड़न किया। तिरुवनंतपुरम के विझिंजम रिट्रीट सेंटर में तबादला होने के बाद भी उसने उत्पीड़न जारी रखा। हाल ही में चावरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी छिप गया था। शुक्रवार को उसे तिरुवनंतपुरम के एक ठिकाने से गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

राम मंदिर चंदा गबन में आरएसएस की क्लीन चिट शर्मनाक: कांग्रेस
कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि राम मंदिर चंदा गबन मामले में आरएसएस की ओर से दी गई क्लीन चिट बेहद शर्मनाक प्रयास है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने आरएसएस को फर्जी संगठन और मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने इसे भेड़ की खाल में भेड़िया बताया। उन्होंने कहा कि संघ नेटवर्क के लोगों ने ही भारी चंदा चोरी की है। ट्रस्ट का बचाव करके आरएसएस ने साफ कर दिया है कि वह राम भक्तों के बजाय अपने लोगों को बचा रहा है। खेड़ा ने कहा कि आरएसएस महासचिव दत्तात्रेय होसबोले का बयान बड़े मगरमच्छों को बचाने और प्यादों को कुर्बान करने की साजिश है। एसआईटी का गठन एफआईआर से पहले ही हो गया था और रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

उधर होसबोले ने कहा कि दान पेटियों से चोरी की घटना ने राम भक्तों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। आठ लोगों की गिरफ्तारी और चंपत राय व अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद यह आरएसएस की पहली प्रतिक्रिया है। उन्होंने कहा कि कुछ ताकतें घटना का फायदा उठाकर हिंदू धर्म को बदनाम कर रही हैं। होसबोले ने हिंदू समाज से संयम बरतने की अपील की और उम्मीद जताई कि ट्रस्ट कमियों को दूर करेगा।

पीएम मोदी अगले हफ्ते इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का करेंगे दौरा, ‘एक्ट ईस्ट’ नीति पर रहेगा फोकस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को बताया कि इस दौरे के साथ भारत का ध्यान अब हिंद महासागर के पूर्वी हिस्से और ‘एक्ट ईस्ट’ नीति की ओर और ज्यादा बढ़ेगा। दौरे के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी 6 जुलाई को इंडोनेशिया जाएंगे और वहां जकार्ता में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे ऐतिहासिक शहर योग्याकार्ता और प्रंबानन मंदिर परिसर भी जाएंगे, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पूर्व) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की हाल की सेशेल्स यात्रा के बाद अब ध्यान हिंद महासागर के पश्चिमी हिस्से से हटकर पूर्वी हिस्से और ‘एक्ट ईस्ट’ साझेदारी की ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि 2018 में प्रधानमंत्री मोदी की इंडोनेशिया यात्रा के दौरान जो ‘कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप’ शुरू हुई थी, वह अब भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति और ‘महासागर’ विजन का एक बहुत अहम हिस्सा बन चुकी है। इंडोनेशिया हमेशा से मलक्का स्ट्रेट की सुरक्षा और स्थिरता में अहम भूमिका निभाता आया है। यह भारत के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण समुद्री क्षेत्र है, क्योंकि यह भारत और अन्य देशों के लिए समुद्री व्यापार के प्रमुख रास्तों में से एक है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था भी जुड़ी हुई है। इंडोनेशिया 'आसियान' समूह का भी एक महत्वपूर्ण देश है, जो इस क्षेत्र में नियमों पर आधारित व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

विदेश मंत्रालय के सचिव ने बताया, “दोनों देशों के नेता संबंधों की समीक्षा करेंगे और इसे आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे, खासकर समुद्री सहयोग, रक्षा, व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करने पर। साथ ही लोगों के बीच आपसी रिश्तों को भी और गहरा करने पर जोर दिया जाएगा।” दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी दस जुलाई को ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। मेलबर्न में वे भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन के तीसरे संस्करण में हिस्सा लेंगे। यह एक शीर्ष स्तर का संस्थागत मंच है, जिसे 2020 में व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत शुरू किया गया था। इसमें कई मंत्री स्तर की बातचीत होती है, खासकर रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और व्यापार मंत्री स्तर पर। भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के नए क्षेत्रों जैसे कि क्रिटिकल मिनरल्स, साइबर सुरक्षा, सप्लाई चेन की मजबूती और नई तकनीकों पर भी चर्चा होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी 11 जुलाई को न्यूजीलैंड जाएंगे। वहां वे अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन से बातचीत करेंगे। लक्सन 2025 में भारत आए थे और रायसीना डायलॉग 2025 में वे मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता थे।

विदेश मंत्रालय के सचिव ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड के रिश्तों में हाल के समय में तेजी से प्रगति हुई है, जिसका एक बड़ा उदाहरण दोनों देशों के बीच जल्द ही हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का होना है। उन्होंने यह भी बताया कि यह यात्रा ऐतिहासिक रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पिछले 40 वर्षों में यह पहली बार होगा, जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed