सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   India News ›   News Updates of 3 March, India News, Congress, RS Polls, West Bengal Elections, Sabarimala Case, News in Hindi

Update: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस स्थानीय उम्मीदवारों को देगी वरीयता; मस्कट के लिए आज से एअर इंडिया की उड़ान

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Tue, 03 Mar 2026 02:14 PM IST
विज्ञापन
News Updates of 3 March, India News, Congress, RS Polls, West Bengal Elections, Sabarimala Case, News in Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
कांग्रेस ने तय किया है कि वह राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हिमाचल में स्थानीय उम्मीदवारों को वरीयता देगी। राज्यसभा चुनावों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की अहम बैठक के बाद सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक अभिषेक मनु सिंघवी इकलौता उम्मीदवार होंगे, जिन्हें तेलंगाना से फिर से राज्यसभा के चुनावी समर में पार्टी हाथ का साथ देगी। महाराष्ट्र, हरियाणा, तेलंगाना, हिमाचल और छत्तीसगढ़ में उम्मीदवारों के नामों को लेकर विस्तार से चिंतन के बाद मंगलवार को उम्मीदवारों के नामों का एलान कर सकती है।
Trending Videos

दरअसल, पिछले राज्यसभा चुनावों में हिमाचल में बाहरी बनाम स्थानीय के मुकाबले में बहुमत के बाद भी मुंह खाने के बाद इस बार फूंक-फूंक कर कदम रख रही। इस क्रम में पार्टी ने पहले चुनावी राज्यों के साथ बैठक की। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व ने बैठक की और आज एक दौर की चर्चा की है। इस कारण कहा जा रहा कि हिमाचल से प्रतिभा सिंह और आनंद शर्मा का नाम है। इनमें आनंद के चुने जाने की अधिक संभावना है। चुनाव आयोग ने 10 राज्यों की 37 सीटों पर चुनाव का एलान किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एक वोट से ही सही, लेकिन जीतूंगी जरूर- ममता बनर्जी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए कहा कि वह अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर से चाहे एक वोट से ही सही जीतें, लेकिन जीतेंगी जरूर। होली कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में ममता ने एसआईआर के बाद मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम कटने पर नाराजगी जताई। आरोप लगाया कि कई वास्तविक मतदाताओं के नाम जानबूझकर हटाए गए हैं। भवानीपुर सीट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में करीब 2.6 लाख मतदाता हैं, लेकिन बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं। अंतिम सूची में 47 हजार से अधिक नाम कटे हैं और 14 हजार से ज्यादा नाम अब भी विचाराधीन श्रेणी में हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपनी जीत का भरोसा जताया।
 

बंगाल सरकार ने सीमा पर बाड़बंदी के लिए भू-हस्तांतरण प्रस्ताव को दी सैद्धांतिक मंजूरी
पश्चिम बंगाल सरकार ने सीमा पर बाड़बंदी के लिए केंद्र को 105 एकड़ भूमि हस्तांतरित करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। लंबे समय से भू-हस्तांतरण का मामला लंबित है। अब इसे अंतिम मंजूरी के लिए मंत्रिमंडल के समक्ष रखा जाएगा। एक अधिकारी ने बताया कि एक मंत्रिस्तरीय समूह ने शुक्रवार को सचिवालय में बैठक की और सैद्धांतिक रूप से भू- हस्तांतरण संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार बांग्लादेश सीमा के 17 किलोमीटर लंबे हिस्से पर बाड़ लगाने की योजना बना रही है। इसके लिए उसने राज्य सरकार से जमीन मांगी थी। बीएसएफ को भी इस क्षेत्र में नौ सीमा चौकियों के निर्माण के लिए जमीन की आवश्यकता है। मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद सीमा बाड़बंदी और चौकियों के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।

टीडीबी सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश पर कोर्ट में देगा हलफनामा
सबरीमाला मंदिर के पहाड़ी तीर्थस्थल में मासिक धर्म वाली उम्र की महिलाओं के प्रवेश से जुड़ी याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के विचार करने के दौरान ही त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) वहां की मौजूदा परंपराओं को संरक्षित रखने के लिए अदालत में हलफनामा दाखिल करेगा। टीडीबी के अध्यक्ष के जयकुमार ने सोमवार को मीडिया से कहा कि हलफनामा दाखिल करने के मामले पर बोर्ड की बैठक में चर्चा हुई और प्रचलित परंपरा को बनाए रखने का फैसला लिया गया। सबरीमाला में प्रचलित प्रथा के मुताबिक, भगवान अयप्पा मंदिर में मासिक धर्म यानी पीरियड्स वाली महिलाओं के प्रवेश पर रोक है। जयकुमार ने आगे कहा कि इस मामले पर बोर्ड में कोई मतभेद नहीं है। टीडीबी का गठन मंदिर और उसकी परंपराओं की रक्षा को अनिवार्य बनाने वाले नियमों के तहत किया गया है।

सबरीमाला सोना चोरी टीडीबी के पूर्व सदस्य की जमानत याचिका खारिज
केरल की कोल्लम की एक अदालत ने सोमवार को सबरीमाला सोना चोरी से जुड़े दो मामलों में त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के एक पूर्व सदस्य की जमानत याचिका खारिज कर दी। कोल्लम सतर्कता अदालत के न्यायाधीश मोहित सीएस ने आरोपी केपी शंकर दास के चिकित्सकीय रिकॉर्ड की जांच के बाद उनकी याचिका खारिज की। आरोपी की ओर से पेश वकील के मुवक्किल दास को सेहत से जुड़ी दिक्कतों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकीय आधार पर ही उन्होंने जमानत मांगी थी, लेकिन अदालत ने अनुरोध खारिज कर दिया।

केरल हाईकोर्ट के सात अतिरिक्त न्यायाधीशों को मिली पदोन्नति
केंद्र सरकार ने केरल हाईकोर्ट के सात अतिरिक्त न्यायाधीशों को पदोन्नत कर स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया है। कानून मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, जस्टिस मुल्लापल्ली अब्दुल अजीज अब्दुल हकीम, जस्टिस श्याम कुमार वडक्के मुदावक्कट, जस्टिस हरिशंकर विजयन मेनन, जस्टिस मनु श्रीधरन नायर, जस्टिस ईश्वरन सुब्रमणि, जस्टिस मनोज पुलम्बी माधवन, और जस्टिस मरक्कपराम्बिल भार्गवन स्नेहलता को पदोन्नत किया गया है।

मस्कट के लिए एअर इंडिया की उड़ान आज से
एअर इंडिया एक्सप्रेस ने घोषणा की है कि वह 3 मार्च से मस्कट के लिए अपनी उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करेगी। इंडिगो भी जेद्दा से तीन मार्च को 10 उड़ानें शुरू करने की जानकारी दी है। एअर इडिया एक्सप्रेस ने बताया कि मस्कट से दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली के लिए निर्धारित उड़ानें संचालित की जाएंगी। मस्कट से पहली उड़ान तिरुचिरापल्ली के लिए स्थानीय समयानुसार सुबह 10:25 बजे रवाना होगी।

भारत में ईरान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशकों पर नजर रखने के निर्देश
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों से कहा है कि वे ईरान समर्थक कट्टरपंथी उपदेशकों के भड़काऊ बयानों पर नजर रखें, जो ईरान पर इस्राइल-अमेरिका के हमले के बाद हिंसा का कारण बन सकते हैं।
अधिकारियों के अनुसार, सभी राज्यों को भेजे गए पत्र में मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चरमपंथियों तथा वैश्विक आतंकवादी समूहों के सोशल मीडिया खातों की गतिविधियों पर भी कड़ी निगरानी रखने को कहा है। मंत्रालय ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी है कि कोई भी कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न न हो। साथ ही सतर्कता बढ़ाने को कहा गया है, क्योंकि वैश्विक घटनाओं का देश में भी असर पड़ सकता है। पत्र में राज्यों से अपने अधिकार क्षेत्र में स्थित अमेरिका व  इस्राइल के वाणिज्य दूतावासों, दूतावासों व अन्य राजनयिक कार्यालयों के साथ-साथ अन्य संस्थाओं की सुरक्षा बढ़ाने को कहा गया है।

भारत हमेशा दुनिया में चाहता है शांति- आरएसएस
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध पर गहरी चिंता जताते हुए शांति कायम करने का रास्ता निकालने पर जोर दिया है। पत्रकार होली मिलन समारोह में संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेकर ने कहा कि भारत हमेशा दुनिया में शांति चाहता है। युद्ध नहीं होना चाहिए, युद्ध हो तो सच्चाई के लिए हो। अपने-अपने स्वार्थों को साधने के लिए युद्ध नहीं होना चाहिए। उन्होंने होली के त्योहार के दौरान मध्य पूर्व में युद्ध के कारण फंसे भारतीय नागरिकों के लिए चिंता भी जाहिर की। अंबेकर ने कहा कि भारत का रुख इस संदर्भ में हमेशा से साफ रहा है। हमने कभी नहीं चाहा की युद्ध हो। भारत चाहता है कि इस विवाद का शांति से हल निकले तो अच्छा। इस दौरान उन्होंने संघ के पंच परिवर्तन कार्यक्रम को देश और समाज के हित में बताया। उन्होंने कहा कि शताब्दी समारोह में संघ का लक्ष्य समाज के सभी वर्गों तक अपनी विचारधारा को पहुंचाने का है।

सरकार के रुख का समर्थन
ईरान के खिलाफ इस्राइल और अमेरिका की संयुक्त सैन्य कार्रवाई पर भारत के रुख का संघ ने समर्थन किया। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि अब भारत उस स्थिति में पहुंच गया है, जब वह ऐसी परिस्थितियों में अपने लिए निर्णय ले सकता है। वर्तमान में कई ताकतवर देश भी अपने लिए निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं। विदेश नीति में बड़े परिवर्तन की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपने हित में निर्णय लेता है। जो हमारे साथ है, हम उसके साथ खड़े रहेंगे।

पति की बीमारी से दुखी बुजुर्ग महिला ने खुद को आग लगाई, मौत
केरल के नेय्यत्तिनकारा में एक 65 साल की महिला ने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि महिला ने सोमवार को खुद को आग लगा ली थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती भर्ती कराया गया था। हालांकि, मंगलवार को महिला की मौत हो गई। वह अपने पति की लंबी बीमारी की वजह से काफी परेशान थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि महिला ने घर के पीछे चिता बनाई और उस पर बैठ गई। हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, महिला ने अपने घर के पीछे के आंगन में रखे सूखे कचरे और लकड़ियों के पास खुद पर मिट्टी का तेल डाला और आग लगा ली। यह घटना सोमवार सुबह की है। महिला उस समय अस्पताल से घर लौटी थी, जहां उसका पति भर्ती है। इस हादसे में महिला 90 फीसदी तक जल गई थी। पुलिस ने असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed