सब्सक्राइब करें

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
Hindi News ›   India News ›   news updates today north east west south india pm modi politics crime assembly election

Updates: सोशल मीडिया कंपनी स्नैप में 1,000 लोगों की छंटनी, ओडिशा में स्कूल का गेट गिरने से दो छात्राओं की मौत

न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: Nirmal Kant Updated Wed, 15 Apr 2026 02:27 PM IST
विज्ञापन
news updates today north east west south india pm modi politics crime assembly election
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
मिजोरम सरकार ने स्थायी शांति की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए मंगलवार को हमार पीपल्स कन्वेंशन-डेमोक्रेटिक (एचपीसी-डी (एलएफ)) के लालहमिंगथांगा सनाते के नेतृत्व वाले गुट के साथ एक 'समझौता ज्ञापन' पर हस्ताक्षर किए, जिससे राज्य में वर्षों से चली आ रही उग्रवाद की समस्या का प्रभावी रूप से अंत हो गया। गृह विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस समझौते में उत्तरी और पूर्वोत्तर मिजोरम के हमार-बहुल सिनलुंग हिल्स काउंसिल क्षेत्र के लिए एक व्यापक विकास रोडमैप की रूपरेखा तैयार की गई है।
Trending Videos


इस योजना में बजट आवंटन में वृद्धि, एक विशेष विकास पैकेज, बुनियादी ढांचे का उन्नयन और बेहतर कनेक्टिविटी शामिल है। इस समझौते पर मिजोरम सरकार की ओर से गृह विभाग के सचिव डेविड लालथांतलुआंगा और इस समूह का प्रतिनिधित्व करते हुए एचपीसी-डी (एलएफ) के अध्यक्ष लालहमिंगथांगा सनाते ने हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर समारोह में विधायक और मुख्यमंत्री के सलाहकार (राजनीतिक) लालमुआनपुइया पुंते, और पुलिस उप महानिरीक्षक (उत्तरी रेंज) रोडिंगलियाना चावंगथू सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए लालमुआनपुइया पुंते ने कहा कि जब विकास की उम्मीदें पूरी नहीं होतीं, तो अक्सर अशांति फैल जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह समझौता सार्थक प्रगति का मार्ग प्रशस्त करेगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस समझौते पर साकवरदाई में सार्वजनिक रूप से हस्ताक्षर करना कितना अहम है, यह पिछली संधियों से अलग है, जिनके बारे में जनता को सीमित जानकारी ही मिल पाती थी। पुंते ने मिजोरम में हमार समुदाय के भीतर गुटीय विभाजन के समाप्त होने का भी स्वागत किया।

आंध्र प्रदेश में गैस सिलेंडर फटने से तीन लोगों की मौत
आंध्र प्रदेश के श्री सत्यसाई जिले में बुधवार को एक बड़ा हादसा हुआ। यहां के कादिरी मंडल के कम्मर वारीपल्ली गांव में दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आने से दो घर जमींदोज हो गए। पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस सतीश ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है। जिस घर में यह धमाका हुआ, उसमें तेलंगाना के कुछ मजदूर रह रहे थे। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि मौके पर हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।

 

ओडिशा: सरकारी विद्यालय में भोजन करने के बाद 100 से अधिक छात्र बीमार, एक की मौत

ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित एक सरकारी जनजातीय आवासीय विद्यालय में कथित तौर पर भोजन करने के बाद 100 से अधिक छात्र बीमार पड़ गए और एक छात्रा की मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह उस समय हुई,जब छात्रों ने स्कूल में भोजन किया था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

अधिकारियों ने बताया कि काकबंधा आश्रम विद्यालय के छात्रों ने रविवार सुबह अस्वस्थता की शिकायत की और बीमार पड़ गए।
यह घटना उस भोजन के बाद हुई, जो अधिकृत मेन्यू में शामिल नहीं था। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों ने खट्टा चावल (पखाला), मैश किए हुए आलू और आम की चटनी खाई थी। इसके बाद उन्हें दस्त और उल्टी की शिकायत होने लगी। 

उन्होंने बताया कि 100 से अधिक छात्रों को तुरंत स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। उनमें से 67 छात्रों को गंभीर हालत में बारिपदा स्थित पीएमआर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भेजा गया। मयूरभंज के जिला कलेक्टर हेम कांत साय ने बताया कि कक्षा पांचवीं की छात्रा रूपाली बेसरा को सोमवार को अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती करना पड़ा। लगातार इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई।
 

बंगाल में डॉक्टर का अनोखा एलान जय श्रीराम कहिए, फीस में देंगे 500 रुपये की छूट

कोलकाता में एक हृदय रोग विशेषज्ञ के अनोखे ऑफर ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है। कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. प्रकाश कुमार हाजरा ने घोषणा की है कि जो मरीज उनकी क्लीनिक में जय श्रीराम का नारा लगाएगा, उसे फीस में 500 रुपये की छूट दी जाएगी। कुछ लोग इसका लाभ लेने पहुंच भी रहे हैं। इस पर तृणमूल कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

पूर्व राज्यसभा सांसद शांतनु सेन ने इसे चिकित्सा नैतिकता के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को बिना भेदभाव इलाज करना चाहिए। धार्मिक नारे के आधार पर छूट देना पेशे की शपथ के खिलाफ है। वहीं, डॉ. हाजरा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की विचारधारा से प्रेरित हैं। डॉक्टर का कहना है कि जय श्रीराम अब केवल धार्मिक नारा नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतीक भी बन चुका है।

भारत ने अफगानिस्तान भेजी 13 टन चिकित्सा सामग्री व वैक्सीन

भारत ने अफगानिस्तान को 13 टन बीसीजी वैक्सीन और चिकित्सा सामग्री भेजी है। इससे वहां टीबी से बचाने के लिए बच्चों के टीकाकरण अभियान को मजबूती मिलेगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि यह खेप काबुल के सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपी गई है। यह सहायता भारत की ओर से अफगानिस्तान को दी जा रही निरंतर मानवीय सहायता का हिस्सा है। 

जनगणना महारजिस्ट्रार का राज्यों को सख्त निर्देश...भ्रामक सूचनाओं पर रखें 24 घंटे नजर

जनगणना को लेकर सोशल मीडिया पर चल रहे गलत तथ्यों के बाबत जनगणना महारजिस्ट्रार ने राज्यों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। महारजिस्ट्रार व जनगणना आयुक्त ने राज्यों के जनगणना निदेशालयों को निर्देश दिए हैं कि वे सोशल मीडिया पर सही जवाब देने के लिए प्रभावी टीमें नियुक्त करें, जो दिन-रात काम करें। जैसे ही मकान सूचीकरण काम शुरू होगा, तब सोशल मीडिया पर आने वाली नकारात्मक टिप्पणियों, गलत प्रचार सामग्री या फर्जी धारणा बनाने वाले कंटेंट पर 24 घंटे नजर रखना बेहद जरूरी होगा।

वायरल भ्रामक जानकारी...एक अप्रैल से जनगणना के पहले चरण के लिए स्वगणना का काम शुरू हुआ है। यह पहले से तय है कि नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर इस बार तैयार नहीं किया जाएगा, पर नागरिकता छीनने की भी गलत बातें कही जा रही हैं। जनगणना अधिकारियों को गलत जानकारी देने पर जेल भेजने की झूठी बात भी फैलाई जा रही है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही गलत धारणाओं को गलत बताने व जनता को जागरूक करने के लिए कहा गया है। 

त्रिपुरा: मंत्री ने अपनी ही पार्टी के विधायक के खिलाफ दर्ज कराया केस
त्रिपुरा के वन मंत्री अनिमेष देबबर्मा ने अपनी ही पार्टी टिपरा मोथा के विधायक रंजीत देबबर्मा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि विधायक ने उनके खिलाफ चुनाव प्रचार के दौरान झूठे और आपत्तिजनक बयान दिए।

मंत्री के वकील के अनुसार, यह याचिका पश्चिम त्रिपुरा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) अदालत में दाखिल की गई है। याचिका में कहा गया है कि त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (टीटीएएडीसी) चुनाव प्रचार के दौरान विधायक ने मंत्री पर दो फ्लैट और एक प्लॉट खरीदने तथा दिल्ली में भी संपत्ति लेने की बात कही थी। इसके अलावा, मंत्री पर वन विभाग के बंगलों में पार्टियां करने जैसे आरोप भी लगाए गए। 

प. एशिया संकट : 9.55 लाख भारतीय सुरक्षित लौटे, यूएई-कतर से आज 110 उड़ानों में होंगे रवाना

पश्चिम एशिया में गहराते युद्ध के बादलों के बीच भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए अब तक का सबसे बड़ा कूटनीतिक और व्यावहारिक अभियान शुरू किया है।

विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि 28 फरवरी से अब तक 9.55 लाख भारतीय नागरिक सुरक्षित स्वदेश लौट चुके हैं। वहीं, कुवैत में हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण नागरिकों को सड़क मार्ग से सऊदी अरब के दम्मम ले जाया जा रहा है, जहां से विशेष उड़ानें संचालित हो रही हैं। यूएई और कतर से भी आज 110 उड़ानों की संभावना है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर खुद इस विश्वव्यापी अभियान की कमान संभाल रहे हैं। वो कुवैत, इस्राइल, सिंगापुर और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों से सीधे संपर्क कर क्षेत्रीय सुरक्षा और भारतीय समुदाय के कल्याण पर चर्चा कर रहे हैं। मंत्रालय ने बताया कि हवाई मार्ग बाधित होने के बावजूद वैकल्पिक रास्तों से लोगों को निकाला जा रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि नागरिकों को सलाह है कि वे स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करें। दूतावास के निरंतर संपर्क में रहें। मंत्रालय ने बताया कि ईरान में फंसे 2,313 भारतीयों को अर्मेनिया और अजरबैजान के रास्ते सुरक्षित निकाला गया। इनमें 600 से अधिक मछुआरे और छात्र शामिल हैं।

भगोड़े नीरव के प्रत्यर्पण के लिए सीबीआई टीम लंदन पहुंची

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के करोड़ों रुपये के घोटाले के मुख्य आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी को जल्द भारत लाया जा सकता है। प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार, इस ऑपरेशन को अमलीजामा पहनाने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम पहले से लंदन में है।

सूत्रों ने बताया कि ब्रिटेन में प्रत्यर्पण के खिलाफ नीरव मोदी के लगभग सभी कानूनी विकल्प समाप्त हो चुके हैं। सीबीआई टीम की लंदन में मौजूदगी इस बात का स्पष्ट संकेत है कि अब मामला कानूनी बहस से निकलकर निष्पादन के चरण में है। भारत में नीरव को 6,498 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में त्वरित सुनवाई का सामना करना होगा।
 

जगन्नाथ मंदिर में 15 अप्रैल को चार घंटे बंद रहेंगे दर्शन
ओडिशा के पुरी में स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर 15 अप्रैल (बुधवार) को श्रद्धालुओं के लिए चार घंटे बंद रहेगा। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम को मंदिर में एक विशेष अनुष्ठान होना है। इस धार्मिक अनुष्ठान की वजह से भक्तों को मंदिर में प्रवेश नहीं मिलेगा। अनुष्ठान पूरा होने के बाद ही श्रद्धालु फिर से भगवान के दर्शन कर सकेंगे।

नारा लोकेश बने टीडीपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष
आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी ने उनके नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। अब वह संगठन में बड़ी जिम्मेदारी संभालेंगे। इस फैसले से पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

स्नैप में 1,000 कर्मियों की छंटनी, एआई पर निवेश बढ़ाने की तैयारी

सोशल मीडिया कंपनी स्नैप ने लागत घटाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जरिए कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए अपने कुल कार्यबल के 16 फीसदी यानी करीब 1,000 कर्मचारियों को निकालने का एलान किया है। कंपनी ने 300 खाली पदों को भी समाप्त करने का निर्णय लिया है। निवेशक आइरेनिक कैपिटल मैनेजमेंट के दबाव के बीच लिए गए इस फैसले से स्नैप को साल 2026 की दूसरी छमाही तक सालाना 50 करोड़ डॉलर की बचत होने की उम्मीद है।

नगालैंड से हथियार तस्करी मामला, NIA ने बिहार के आरोपी पर कसा शिकंजा

नगालैंड से हथियारों की तस्करी कर नक्सलियों तक पहुंचाने के मामले में एनआईए ने मुजफ्फरपुर के कुंदन कुमार उर्फ कुंदन भगत के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किया है। जांच के मुताबिक, कुंदन नगालैंड से एके-47 जैसे प्रतिबंधित हथियारों की अवैध खरीद और तस्करी कर बिहार में नक्सलियों व अपराधियों को सप्लाई करता था। इस मामले में अब तक कुल छह आरोपियों के खिलाफ पटना की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।

बंगलूरू: सड़क पर कचरा फेंकना ब्लिंकिट को पड़ा भारी, लगा 80 हजार का जुर्माना

बंगलूरू राष्ट्रीय परिषद ने ब्यातरायनपुरा डिवीजन में सार्वजनिक स्थान पर अवैध रूप से कचरा डंप करने के लिए निजी कंपनी ब्लिंकिट पर 80,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। वार्ड-9 की रेलवे पैरेलल रोड पर निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। कॉर्पोरेशन के आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य को खतरा पहुंचाने वाली गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।

ओडिशा: मासूमों पर गिरा स्कूल का गेट, दो छात्राओं की दर्दनाक मौत

ओडिशा के गजपति जिले में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय का लोहे का भारी-भरकम गेट गिरने से दो छात्राओं की दबकर मौत हो गई। हादसा नुआगढ़ा ब्लॉक के रूबुडीसिंह स्कूल में उस वक्त हुआ, जब स्कूल खत्म होने के बाद 10 वर्षीय बेकीलेश और 9 वर्षीय इदांती प्रवेश द्वार के पास खेल रही थीं। अचानक गेट और पिलर उखड़कर मासूमों पर गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में तनाव व्याप्त है और ग्रामीणों ने मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को 3-3 लाख रुपये की सहायता देने का एलान किया है।

समंदर के बीच नौसेना का मिशन लाइफ', मौत से लड़ रहे मरीज को 110 किमी दूर रिग से किया एयरलिफ्ट

भारतीय नौसेना ने बुधवार को केरल तट के पास समंदर के बीच एक ऑयल रिग पर फंसे 42 वर्षीय दिल के मरीज को सुरक्षित बचाकर साहस की मिसाल पेश की। कोच्चि तट से लगभग 110 किलोमीटर दूर 'ग्रेटड्रिल छाया' नामक ऑयल रिग पर कर्मचारी की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही दक्षिणी नौसेना कमान ने तत्काल आईएनएस गरुड़ से मेडिकल टीम के साथ एडवांस लाइट हेलिकॉप्टर रवाना किया। नौसेना के जांबाज दस्ते ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मरीज को एयरलिफ्ट किया और सुबह करीब 7 बजे कोच्चि लाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां अब उसका उपचार जारी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed