NIA: जेल में नए आतंकियों की भर्ती व ट्रेनिंग, साजिश रचने वाले पाकिस्तानी संगठन के सात आरोपियों को 7 साल की सजा
बेंगलुरु जेल कट्टरपंथीकरण मामले में एनआईए अदालत ने टी नसीर समेत सात आरोपियों को 7 साल की सजा और जुर्माना सुनाया। आरोपियों ने जेल में भर्ती, ट्रेनिंग और आतंकी साजिश रचने की बात स्वीकार की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की एक विशेष अदालत ने 2023 के बेंगलुरु जेल कट्टरपंथीकरण (लश्कर-ए-तैयबा) मामले में मुख्य साजिशकर्ता और पाकिस्तानी आतंकी संगठन के सदस्य टी नसीर समेत कुल सात आरोपियों को सजा सुनाई है। सात साल के कठोर कारावास के अलावा आरोपियों पर 48000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। इन आरोपियों ने जेल में नए आतंकियों की भर्ती व ट्रेनिंग आदि की साजिश रची थी।
नसीर के अलावा, अदालत ने आरोपी सैयद सुहैल खान, मोहम्मद उमर, जाहिद तबरेज़, सैयद मुदस्सिर पाशा, मोहम्मद फैसल रब्बानी और सलमान खान को आईपीसी, यूए (पी) एक्ट, आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है।
उक्त सभी आरोपियों ने एनआईए द्वारा दायर मामले आरसी-28/2023/एनआईए/डीएलआई में लगाए गए आरोपों को स्वीकार कर लिया था। यह मामला टी नसीर द्वारा बेंगलुरु के परप्पन्ना अग्रहारा केंद्रीय जेल के अंदर रची गई लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ी आतंकी साजिश से संबंधित है। इस साजिश में जेल में बंद भोले-भाले युवाओं की पहचान, भर्ती, प्रशिक्षण, धर्मांतरण और कट्टरपंथीकरण शामिल था, ताकि उन्हें भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा सके।
यह मामला शुरू में जुलाई 2023 में बेंगलुरु केंद्रीय अपराध शाखा (सीसीबी) द्वारा आदतन अपराधियों से हथियार, गोला-बारूद और डिजिटल उपकरण जब्त किए जाने के बाद दर्ज किया गया था। अपराधियों ने प्रतिबंधित लश्कर-ए-तैयबा आतंकी संगठन के हिंसक भारत-विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए बेंगलुरु शहर में आतंकी हमले करने की योजना बनाई थी। इस मामले को एनआईए ने अपने हाथ में लिया, जिसने कई आतंकी मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे टी नसीर को जेल से अदालत जाते समय भागने में मदद करने की एक बड़ी साजिश का खुलासा किया। नसीर उस समय 2008 के बेंगलुरु सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में विचाराधीन कैदी था।
गहन जांच के बाद, एनआईए ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों और जुनैद अहमद नाम के एक फरार आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था। इनमें से आरोपी सलमान खान को एनआईए और रवांडा की संबंधित एजेंसियों के समन्वित प्रयासों के परिणामस्वरूप रवांडा गणराज्य से सफलतापूर्वक प्रत्यर्पित किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। जुनैद अहमद को ट्रैक करने और गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

कमेंट
कमेंट X