01:03 PM, 22-Apr-2026
बंगाल की पहचान से नहीं होगा खिलवाड़- योगी आदित्यनाथ
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा के प्रचार अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जोरासांको विधानसभा क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया और पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया। सभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोलकाता के मेयर के बयान सामने आ रहे हैं, जिसमें उर्दू के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि बंगाल की पहचान के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता। बंगाल की पहचान काबा से नहीं, बल्कि मां कालीबाड़ी से जुड़ी रही है। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर भी सवाल उठाए। योगी ने कहा कि बंगाल में अव्यवस्था का माहौल वैसा ही है जैसा 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में था।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि अब वहां शांति और विकास का माहौल है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में हर जगह उत्सव का माहौल है और लोग 'राम राज्य' के नए दौर में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में एक ही आवाज है, गाय की हत्या नहीं होने दी जाएगी और समाज को बांटने की कोशिशों को रोका जाएगा।
11:39 AM, 22-Apr-2026
तमिलनाडु में टीवीके के खिलाफ शिकायत
तमिलनाडु में चुनावी आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। एक शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजनीतिक दल टीवीके द्वारा मतदान से पहले लागू 48 घंटे की ‘साइलेंस पीरियड’ का उल्लंघन करने की तैयारी की जा रही है। शिकायतकर्ताओं एल. देवसगायम और पी. अडिकेसवन ने तमिलनाडु के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इस संबंध में औपचारिक शिकायत सौंपी है। इसमें दावा किया गया है कि 22 अप्रैल को बड़े स्तर पर एक ऑनलाइन राजनीतिक अभियान चलाने की योजना बनाई गई है, जो चुनावी नियमों के खिलाफ माना जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह गतिविधि जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 128 का उल्लंघन हो सकती है, जिसके तहत तीन महीने तक की सजा का प्रावधान है। शिकायतकर्ताओं ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए संबंधित ऑनलाइन सामग्री को हटाने, अभियान को रोकने और जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई की अपील की है।
09:06 AM, 22-Apr-2026
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: मतदान से पहले आयोग की बड़ी तैयारी
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने राज्यभर में मतदान को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार कुल 75,064 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सभी जरूरी सुविधाओं के साथ प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। हर बूथ पर माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है, जो मतदान प्रक्रिया की रियल टाइम निगरानी करेंगे और किसी भी अनियमितता की तुरंत रिपोर्ट देंगे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छायादार प्रतीक्षालय, स्वच्छ शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप, बेहतर प्रकाश व्यवस्था और स्पष्ट संकेतक जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए बैठने की व्यवस्था भी की गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोटर असिस्टेंस बूथ बनाए गए हैं ताकि मतदाता आसानी से अपनी जानकारी प्राप्त कर सकें, जबकि जागरूकता के लिए आवश्यक पोस्टर भी लगाए गए हैं।
सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक रहेगी और मतदाताओं को फोन बाहर जमा करना होगा। चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद राज्य में साइलेंस पीरियड लागू हो चुका है और आयोग ने सभी तैयारियों पर सख्त निगरानी रखते हुए फील्ड स्टाफ को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
08:55 AM, 22-Apr-2026
Assembly Elections: 'पहचान से नहीं होगा खिलवाड़', बंगाल में CM योगी का तीखा वार; कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
Assembly Election Live Updates: देश के तीन राज्यों असम, केरल और पुदुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब सबकी नजरें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर टिकी हैं, जहां अलग-अलग चरणों में वोट डाले जाएंगे। सभी राजनीतिक दल और गठबंधन अपनी जीत पक्की करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। नेता अलग-अलग मुद्दों के जरिए जनता को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।
अलग-अलग राज्यों में विधानसभा चुनाव से जुड़े सभी अपडेट्स यहां पढ़ें...
कमेंट
कमेंट X