सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Oinam Sunil Singh appointed as Chief Minister's Media Advisor; he has previously held important positions.

मणिपुरः ओइनाम सुनील सिंह मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नियुक्त, पहले भी निभा चुके हैं महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

डिजिटल ब्यूरो ,अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अस्मिता त्रिपाठी Updated Fri, 20 Feb 2026 05:20 PM IST
विज्ञापन
सार

मणिपुर सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्य मुख्य सूचना आयुक्त ओइनाम सुनील सिंह को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार नियुक्त किया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सुनील सिंह तत्काल प्रभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

Oinam Sunil Singh appointed as Chief Minister's Media Advisor; he has previously held important positions.
ओइनाम सुनील सिंह - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मणिपुर सरकार ने वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व राज्य मुख्य सूचना आयुक्त ओइनाम सुनील सिंह को मुख्यमंत्री का मीडिया सलाहकार नियुक्त किया है। राज्य सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सुनील सिंह तत्काल प्रभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उनकी नियुक्ति को राज्य सरकार और मीडिया जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ओइनाम सुनील सिंह राष्ट्रीय मीडिया में लंबे समय तक सक्रिय रहे हैं। पूर्वोत्तर भारत के जटिल सामाजिक, राजनीतिक और सुरक्षा मुद्दों पर उनकी गहरी पकड़ रही है। उन्होंने राष्ट्रीय दैनिक ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के पूर्वोत्तर ब्यूरो प्रमुख के रूप में गुवाहाटी से कार्य करते हुए मणिपुर समेत सभी आठ पूर्वोत्तर राज्यों की खबरों को राष्ट्रीय मंच पर प्रमुखता दिलाई।

Trending Videos


सरकार से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सुनील सिंह की प्रशासनिक समझ, सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों में अनुभव और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर गहन दृष्टि को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय को उम्मीद है कि उनके अनुभव से सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचेगी। सूचना आयोग में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण फैसले दिए, जिनमें से कुछ को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सूचना आयोग द्वारा प्रकाशित लैंडमार्क जजमेंट्स की पुस्तक में शामिल किया गया। वे नेशनल फेडरेशन ऑफ इंफॉर्मेशन कमीशन इन इंडिया (एनएफआईसी) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य भी रहे। राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में उनकी नियुक्ति को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और नीतिगत पहलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में उनका अनुभव अहम भूमिका निभाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन


ओइनाम सुनील सिंह: एक विस्तृत परिचय
ओइनाम सुनील सिंह का वर्तमान पता 63 बी, वांगखेई योंग्लान लेइराक, इंफाल ईस्ट जिला, मणिपुर है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सैनिक विद्यालय इम्फाल से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित हंस राज कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। वे ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के पूर्वोत्तर ब्यूरो प्रमुख रहे और गुवाहाटी संस्करणका नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड,मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय और सिक्किम सहित सभी आठ पूर्वोत्तर राज्यों में उग्रवाद, जातीय संघर्ष, चुनाव, सरकार गठन और नीतिगत मामलों की व्यापक रिपोर्टिंग की। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उन्हें उल्लेखनीय अनुभव प्राप्त है। जनवरी 2014 में उन्होंने अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी, न्यूयॉर्क और लॉस एंजेलिस में
आयोजित “काउंटर टेररिज्म एंड लॉ एनफोर्समेंट” रिपोर्टिंग टूर में भाग लिया, जिसका आयोजन अमेरिकी विदेश विभाग ने किया था। इस दौरान उन्होंने दक्षिण एशिया में आतंकवाद-रोधी प्रयासों, संयुक्त राष्ट्र की काउंटर टेररिज्म कमेटी की भूमिका और 26/11 मुंबई हमले के बाद लॉस एंजेलिस पुलिस विभागद्वारा अपनाए गए सुरक्षा उपायों पर विस्तृत लेख लिखे।

नवंबर-दिसंबर 2017 में वे दक्षिण कोरिया गए, जहां उन्होंने कोरियाई प्रायद्वीप संकट पर रिपोर्टिंग की। उसी दौरान उत्तर कोरिया द्वारा अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किए जाने की घटना पर उन्होंने विशेष रिपोर्ट तैयार की। उन्होंने सियोल में आम जनता की प्रतिक्रिया, दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच संवाद, तथा उत्तर कोरियाई शरणार्थियों के अनुभवों पर भी लेख लिखे।
जुलाई 2015 में उन्होंने म्यांमार के मंडाले में आयोजित “साउथ ईस्ट एशियन कंट्रीज टूरिज्म एंड इंडिया’s एक्ट ईस्ट पॉलिसी” विषयक आठवें अंतरराष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने म्यांमार में पर्यटन संभावनाओं और इंफाल के जरिए व्यापारिक मार्ग के विकास से दोनों देशों को होने वाले संभावित लाभों पर लेखों की श्रृंखला लिखी।

वर्ष 2018 में उन्हें मणिपुर सूचना आयोग का राज्य सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया। आयोग में उनके उल्लेखनीय कार्य को देखते हुए वर्ष 2019 में उन्हें राज्य मुख्य सूचना आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई। अपने कार्यकाल में उन्होंने पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देने वाले कई महत्वपूर्ण निर्णय दिए। ओइनाम सुनील सिंह का करियर पत्रकारिता, प्रशासन और जनसंचार के क्षेत्र में
बहुआयामी अनुभव का उदाहरण है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के रूप में उनकी नई भूमिका राज्य सरकार और जनता के बीच संवाद को और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed