सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   pm modi new record congress opposition leaders reactions inflation petrol diesel price hikes Indian economy

Congress: PM मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल पर कांग्रेस हमलावर, सुरजेवाला बोले- जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Wed, 10 Jun 2026 10:06 AM IST
विज्ञापन
सार

Congress And Opposition Leaders Reaction: मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने भाजपा पर महंगाई को लेकर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस और जरूरी सामान की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की हालत खराब कर दी है। वहीं कांग्रेस नेता कुलदीप सिंह राठौर ने नरेंद्र मोदी और जवाहरलाल नेहरू की तुलना को गलत बताया और कहा कि इतिहास काम से याद रखता है, कार्यकाल की लंबाई से नहीं। आइए, विस्तार से जानते हैं कि बाकी के कांग्रेस नेताओं ने क्या कुछ कहा...

pm modi new record congress opposition leaders reactions inflation petrol diesel price hikes Indian economy
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार

केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कांग्रेस ने भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार “अमृतकाल” और विकास के दावे कर रही है, लेकिन जमीन पर आम आदमी महंगाई से परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल, डीजल, गैस और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार विज्ञापनों में अर्थव्यवस्था चमका रही है, जबकि जनता महंगाई की मार झेल रही है।


सुरजेवाला ने महंगाई को लेकर क्या कहा?

कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पिछले कुछ महीनों में जरूरी सामान की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने दावा किया कि अरहर दाल 110 रुपये से बढ़कर 165 रुपये किलो तक पहुंच गई है। सरसों तेल 200 रुपये लीटर के करीब बिक रहा है। चावल और आटे की कीमतों में भी बड़ा उछाल आया है। सुरजेवाला ने कहा कि पेट्रोल 105 रुपये लीटर और घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये तक पहुंच गया है। उनका आरोप है कि इससे आम परिवार का मासिक बजट बिगड़ गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

कांग्रेस ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाए?

सुरजेवाला ने कहा कि डबल इंजन सरकार की वजह से जनता पर डबल मार पड़ रही है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने से परिवहन खर्च बढ़ गया और इसका असर हर चीज की कीमत पर पड़ा। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि पहले जिस पैसे में पूरे महीने का राशन आ जाता था, अब उसी रकम में कम सामान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं खुद बता रही हैं कि अब उन्हें दाल, तेल और चीनी जैसी चीजें कम मात्रा में खरीदनी पड़ रही हैं।
विज्ञापन
Trending Videos

नेहरू-मोदी की तुलना पर कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस विधायक और प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि किसी प्रधानमंत्री का मूल्यांकन उसके कार्यकाल की लंबाई से नहीं, बल्कि देश के लिए किए गए काम से होना चाहिए। राठौर ने कहा कि नेहरू ने आजाद भारत की नींव रखी, पंचवर्षीय योजनाएं शुरू कीं और बड़े शिक्षण संस्थान बनाए। उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास सरकारों को उनके लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और जनता के हित में किए गए कामों के आधार पर याद रखता है।

जयराम रमेश बोले- लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं पीएम मोदी




कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भले ही स्वघोषित और संदिग्ध उपलब्धि हासिल कर ली हो, लेकिन वह देश की गर्दन पर चक्की का पाट बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के दौर में लोकतंत्र, संस्थाओं और सामाजिक न्याय को कमजोर किया गया है। कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मोदी सरकार पर कई गंभीर सवाल उठाए।
  • जयराम रमेश ने नेहरू के कार्यकाल को लेकर क्या कहा?
जयराम रमेश ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री बने थे और उनके साथ सरदार पटेल, डॉ. भीमराव आंबेडकर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, सी. राजगोपालाचारी और मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे बड़े नेता थे। उन्होंने कहा कि 1947 से 1952 के बीच आधुनिक भारत की नींव रखी गई। इसी दौरान 560 से ज्यादा रियासतों का भारत में विलय हुआ, संविधान बना, अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षण लागू हुआ और बड़े सिंचाई तथा बिजली प्रोजेक्ट शुरू किए गए। कांग्रेस का दावा है कि उस दौर में भारत ने विज्ञान, तकनीक और वैश्विक राजनीति में मजबूत पहचान बनाई।
  • लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर कांग्रेस ने क्या आरोप लगाए?
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि आज वही लोकतांत्रिक संस्थाएं खतरे में हैं, जिन्हें आजादी के बाद मजबूत बनाया गया था। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र चुनाव आयोग और पवित्र मतदाता सूची जैसी व्यवस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। जयराम रमेश ने दावा किया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव बढ़ा है और सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने मोदी सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया।
  • शिक्षा और आरक्षण को लेकर क्या सवाल उठाए गए?
कांग्रेस ने शिक्षा व्यवस्था और आरक्षण नीति पर भी सरकार को घेरा। जयराम रमेश ने कहा कि वैज्ञानिक सोच को खत्म किया जा रहा है और शिक्षा संस्थानों को कमजोर किया गया है। उन्होंने हाल के NEET और CBSE विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा प्रणाली पर लोगों का भरोसा कम हुआ है। कांग्रेस का आरोप है कि निजीकरण और नॉट फाउंड सूटेबल जैसी व्यवस्थाओं के जरिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़े वर्गों के आरक्षण को कमजोर किया जा रहा है।
  • 2024 जनादेश को लेकर कांग्रेस ने क्या कहा?
जयराम रमेश ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने 1952, 1957 और 1962 के चुनावों में स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी को 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा के दम पर अकेले बहुमत नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि पीएम मोदी को सरकार बनाने के लिए एनडीए सहयोगियों का सहारा लेना पड़ा। कांग्रेस नेता ने कहा कि 2024 का जनादेश व्यक्तिगत रूप से पीएम मोदी के पक्ष में नहीं था।

12 साल पूरे होने पर जश्न मना रही भाजपा

भाजपा देशभर में पीएम मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में जुटी है। वहीं कांग्रेस लगातार बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक हालात को लेकर सरकार को घेर रही है। राजनीतिक जानकार मानते हैं कि आने वाले समय में महंगाई और आर्थिक मुद्दे विपक्ष के बड़े चुनावी हथियार बन सकते हैं। फिलहाल भाजपा विकास और बुनियादी ढांचे के काम गिना रही है, जबकि विपक्ष जनता की जेब पर पड़ रहे असर को मुद्दा बना रहा है।

आखिर मोदी ने कौन सा रिकॉर्ड तोड़ा?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू के 4399 दिनों के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। मोदी पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटे। हालांकि कांग्रेस का कहना है कि सिर्फ लंबे समय तक पद पर बने रहना ही उपलब्धि नहीं होता, बल्कि देश और लोकतंत्र के लिए किए गए काम असली पैमाना होते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed