Politics: भाजपा सांसद का बड़ा आरोप, सत्ता के लिए उत्तर-दक्षिण भारत में दुश्मनी पैदा कर रही कांग्रेस
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण ने कांग्रेस पर सत्ता के लिए उत्तर और दक्षिण भारत में दुश्मनी पैदा करने का संगीन आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नजदीकी और कांग्रेस के प्रमुख नेता प्रवीण चक्रवर्ती ने एक ट्वीट करके दक्षिण भारतीय लोगों को उत्तर भारतीयों से 'सुपीरियर' बताया है। यह देश के दो हिस्सों के लोगों को आपस में लड़ाने की साजिश है। यह सत्ता हासिल करने के लिए कांग्रेस नेता द्वारा खेला गया गंदा खेल है, जिससे देश की सुरक्षा और एकता खतरे में पड़ सकती है। भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी को अपने करीबी कांग्रेस नेता के इस बयान पर सफाई देनी चाहिए। उन्होंने प्रवीण चक्रवर्ती से इस ट्वीट के लिए माफी की भी मांग की।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य डॉ. के. लक्ष्मण ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि कांग्रेस सत्ता प्राप्ति के लिए बांटो और राज करो की नीति अपनाती रही है। वह इस समय भी वही कर रही है, वह उत्तर दक्षिण भारतीय लोगों में वैमनस्य पैदा कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने उत्तर भारतीयों पर अभद्र टिप्पणी करते हुए यहां तक कहा है कि उत्तर भारत में साक्षरता कम होने, महिला श्रम शक्ति में कम भागीदारी, हिंदी का अधिक उपयोग, अधिक जनसंख्या, मांस खाने के प्रति कम सहनशीलता के कारण लोग भाजपा को वोट देना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा कि उनके इन बयानों से उनके मानसिक स्तर को जाना जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान शर्मनाक और देश को तोड़ने वाला है। कांग्रेस को अपने ऐसे नेताओं पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा का प्रदर्शन
दक्षिणी एवं उत्तर पूर्वी राज्यों के चुनावों में भाजपा ने बेहतर प्रदर्शन किया है। उत्तर-पूर्व के छह राज्यों में भाजपा गठबंधन की सरकारें हैं। दक्षिण में तेलंगाना में दो उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की थी। हैदराबाद निगम चुनाव में भाजपा के 48 पार्षद जीतकर आए थे। इस चुनाव में कांग्रेस के केवल दो पार्षद ही जीत पाए थे। तेलंगाना के 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को एक ही सीट पर जीत मिली थी, लेकिन 2023 में वह आठ सीटों पर जीत हासिल की। 2018 में भाजपा ने 7 फीसदी मत हासिल किए थे, जबकि 2023 में लगभग 14 फीसदी मत हासिल किए।