Sabarimala Gold Row: सबरीमाला मामले में दो और लोगों की गिरफ्तारी, दोनों कर्नाटक में व्यापारी
Sabarimala Gold Row: सबरीमाला मंदिर से सोने की चोरी के मामले में पुलिस ने कर्नाटक से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले टीडीबी के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एस श्रीकुमार को गिरफ्तार किया गया था।
विस्तार
सबरीमला सोना चोरी मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) ने दौ और लोगों की गिरफ्तारी की है। एसआईटी ने शुक्रवार को स्मार्ट क्रिएशन के सीईओ पंकज भंडारी और गोवर्धन को गिरफ्तार किया। गोवर्धन की कर्नाटक के बेल्लारी में गहनों की दुकान है। केरल पुलिस के डीजीपी रावद चंद्रशेखर ने यह जानकारी दी। इससे पहले बुधवार को त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एस श्रीकुमार को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
बुधवार को सबरीमला सोना चोरी मामले में एसआईटी ने देवस्वोम बोर्ड के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एस श्रीकुमार को गिरफ्तार किया। वर्ष 2019 में जब मंदिर के द्वार पर मूर्तियों से सोने की परत हटाई गई थी, उस समय श्रीकुमार प्रशासनिक अधिकारी के पद पर थे। पुलिस ने बताया कि श्रीकुमार को अपराध शाखा कार्यालय में तलब कर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
श्रीकुमार की गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई, जब दो हफ्ते पहले केरल हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। कोर्ट ने कहा था कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए हैं। उनके साथ ही टीडीबी की पूर्व सचिव एस जयश्री की अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज कर दी गई थी। कोर्ट ने कहा था कि अगर दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी से पहले जमानत दी जाती है, तो मंदिर से सोने के गायब होने से जुड़े पूरे मामले की जांच प्रभावित होगी और प्रभावी जांच 'बेकार' हो जाएगी।
आपको बता दें कोर्ट की ओर से नियुक्त एसआईटी द्वारपालक (रक्षक देवता) मूर्तियों की सोने की प्लेटों और श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों के फ्रेम से सोना गायब होने से जुड़े मामलों की जांच कर रही है। इन दोनों मामलों में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एन वासु और ए पद्मकुमार भी शामिल हैं।