Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Sheena Bora Murder Case Trial Reaches Final Stage CBI Closes Evidence Against Accused

शीना बोरा हत्याकांड: 150 गवाह, चार जजों का तबादला और नौ साल का इंतजार; अब अदालत में अंतिम बहस की तैयारी

Wed, 18 Nov 2026 08:31 AM IST
Sunil Mehrotra सुनील मेहरोत्रा
Updated Wed, 18 Nov 2026 08:31 AM IST
सार

शीना बोरा हत्याकांड का बहुचर्चित मुकदमा अपने निर्णायक दौर में पहुंच गया है। सीबीआई ने 150 गवाहों के बयान दर्ज कराने के बाद अदालत को बताया है कि अब उसकी तरफ से कोई और सबूत या गवाह पेश नहीं किया जाएगा। सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत इस मामले में आरोपियों के बयान दर्ज करेगी।

विज्ञापन
Sheena Bora Murder Case Trial Reaches Final Stage CBI Closes Evidence Against Accused
शीना बोरा हत्याकांड - फोटो : ANI

विस्तार

नौ साल का लंबा इंतजार, चार जजों का तबादला, जेल में ही हुआ एक तलाक, शीना के जिंदा होने के चौंकाने वाले दावे, तीनों मुख्य आरोपियों को जमानत और कोरोना महामारी के कारण करीब एक साल तक ठप पड़ी सुनवाई। इन तमाम उतार-चढ़ाव और नाटकीय मोड़ों के बाद देश का सबसे चर्चित शीना बोरा हत्याकांड का मुकदमा आखिरकार अपने निर्णायक और आखिरी दौर में पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही रोजाना सुनवाई के बीच सीबीआई ने 150 गवाहों के बयान दर्ज कराने के बाद मंगलवार को विशेष अदालत को बताया कि उसकी तरफ से अब और सबूत या गवाह पेश नहीं किए जाएंगे। इस मामले में पूर्व मीडिया अधिकारी इंद्राणी मुखर्जी, उनके पूर्व पति पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना मुख्य आरोपी के तौर पर मुकदमे का सामना कर रहे हैं।
विज्ञापन


सीबीआई की ओर से सबूत पेश करने का सिलसिला थमने के बाद अब अदालत इस मामले में आरोपियों के बयान दर्ज करेगी। इसके लिए आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 313 के तहत आरोपियों से मुकदमे के दौरान सामने आए सबूतों और गवाहों की बातों के आधार पर सीधे सवाल पूछे जाएंगे। हालांकि, इससे पहले आरोपियों को अपने बचाव में गवाह पेश करने का मौका भी मिलेगा। इसके बाद सरकारी और बचाव पक्ष के वकील अदालत में अपनी अंतिम दलीलें रखेंगे। दोनों पक्षों की बहस पूरी होते ही अदालत इस हाई-प्रोफाइल मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख सकती है।
विज्ञापन


सीबीआई की जांच के मुताबिक, इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी, संजीव खन्ना और ड्राइवर श्यामवर राय ने मिलकर इंद्राणी की पहली शादी से हुई बेटी शीना बोरा के अपहरण और हत्या की साजिश रची थी। एजेंसी का आरोप है कि 24 अप्रैल 2012 को इंद्राणी, संजीव और ड्राइवर राय ने एक कार में शीना का अपहरण किया। कार में ही उसे नशीला पदार्थ दिया गया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के इरादे से बाद में उसके शव को रायगढ़ जिले के पेन इलाके के जंगल में ले जाकर ठिकाने लगा दिया गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस सनसनीखेज हत्याकांड का राज करीब तीन साल बाद अगस्त 2015 में खुला था। उस समय खार पुलिस अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार ड्राइवर श्यामवर राय से पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान राय टूट गया और उसने शीना की हत्या का पूरा सच उगल दिया। इसके तुरंत बाद पुलिस ने इंद्राणी और संजीव खन्ना को गिरफ्तार कर लिया। नवंबर 2015 में पुलिस ने इन तीनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की और इसी दौरान पीटर मुखर्जी को भी हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में यह केस सीबीआई को सौंप दिया गया, जहां ड्राइवर श्यामवर राय सरकारी गवाह बन गया और उसने अदालत में पूरी साजिश की परतें खोलीं।

जनवरी 2017 में विशेष अदालत ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, सबूत मिटाने, आपराधिक साजिश और पुलिस को गुमराह करने के आरोप तय किए थे। इंद्राणी और संजीव खन्ना पर इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा की हत्या की कोशिश करने का आरोप भी लगा, हालांकि पीटर मुखर्जी को इस आरोप से अलग रखा गया। सभी आरोपियों ने अदालत में खुद को बेकसूर बताया था। सीबीआई ने इस हत्या के पीछे सबसे बड़ी वजह पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और शीना के प्रेम संबंधों को बताया था। एजेंसी का दावा था कि पीटर और इंद्राणी इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, लेकिन इसके बावजूद दोनों ने सगाई कर ली थी और 2012 में शादी करने वाले थे।

इस लंबे मुकदमे में कई बेहद अहम लोगों ने गवाही दी। इनमें शीना के जैविक पिता सिद्धार्थ दास, इंद्राणी के बेटे मिखाइल बोरा, इंद्राणी और संजीव की बेटी विधि मुखर्जी, पीटर के बेटे राहुल मुखर्जी और इंद्राणी की पूर्व सहायक काजल शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा इंद्राणी के पूर्व घरेलू सहायक प्रदीप वाघमारे और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी देवेन भारती के बयान भी दर्ज हुए। सीबीआई की तरफ से पेश होने वाले 150वें और आखिरी गवाह इस मामले के जांच अधिकारी के.के. सिंह रहे। वहीं, दिसंबर 2023 में सीबीआई ने अदालत को 23 ऐसे गवाहों की सूची भी दी थी, जिनसे उसने पूछताछ नहीं करने का फैसला किया था। इस सूची में मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर राकेश मारिया का नाम भी शामिल था, जिन्होंने शुरुआती दौर में इस जांच की निगरानी की थी।

मुकदमे की शुरुआत फरवरी 2017 में पुलिस अधिकारी गणेश दलवी की गवाही से हुई थी। जब दलवी ने ड्राइवर श्यामवर राय के इकबालिया बयान का जिक्र किया, तो बचाव पक्ष के वकीलों ने इस पर कड़ा कानूनी ऐतराज जताया। उनका तर्क था कि कानूनन पुलिस के सामने दिया गया बयान अदालत में सबूत के तौर पर मान्य नहीं होता। इस कानूनी पेच के कारण सुनवाई कुछ समय के लिए थम गई थी। इसके बाद जुलाई 2017 में सरकारी गवाह बने श्यामवर राय की गवाही हुई, जो काफी निर्णायक साबित हुई। उसने कार के अंदर शीना की हत्या करने और फिर जंगल में शव ठिकाने लगाने का पूरा घटनाक्रम विस्तार से बताया। साल 2020 तक इस मामले में 67 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके थे।

मुकदमे के दौरान आरोपियों की निजी जिंदगी और कानूनी स्थिति में भी कई बड़े बदलाव आए। अक्टूबर 2019 में जेल में रहते हुए ही इंद्राणी और पीटर ने आपसी सहमति से तलाक लेकर अपनी 17 साल पुरानी शादी खत्म कर ली। मार्च 2020 में कोरोना लॉकडाउन लगने से ठीक पहले बॉम्बे हाई कोर्ट ने पीटर मुखर्जी को जमानत दे दी। लॉकडाउन के कारण करीब एक साल तक अदालत की कार्यवाही रुकी रही, जो फरवरी 2021 में हैंडराइटिंग एक्सपर्ट की अधूरी जिरह के साथ दोबारा शुरू हुई।

दिसंबर 2021 में इस केस में उस समय नया मोड़ आया, जब इंद्राणी ने सीबीआई को पत्र लिखकर दावा किया कि भायखला जेल की एक महिला कैदी ने उसे बताया है कि शीना बोरा जिंदा है और कश्मीर में रह रही है। इस दावे से काफी हलचल मची, लेकिन सीबीआई ने इसे महज कल्पना की उपज बताकर खारिज कर दिया। मई 2022 में सुप्रीम कोर्ट से इंद्राणी मुखर्जी को भी जमानत मिल गई। जेल से बाहर आने के बाद इंद्राणी ने इस पूरे मामले पर एक किताब लिखी, ओटीटी डॉक्यूमेंट्री में नजर आईं और नाटकों में भी काम किया। इसके अगले ही महीने जून 2022 में हाई कोर्ट ने संजीव खन्ना को भी जमानत दे दी।


मुकदमे की रफ्तार को साल 2024 के आखिर में एक बार फिर झटका लगा, जब सुनवाई कर रहे जज का तबादला हो गया। इसके बाद मार्च 2025 में विशेष सीबीआई जज जे.पी. दरेकर ने कमान संभाली और हाई कोर्ट के आदेश पर 10 मार्च से रोजाना सुनवाई शुरू की। एच.एस. महाजन, जे.सी. जगदाले और एस.पी. नाइक-निम्बालकर के बाद दरेकर इस मामले की सुनवाई करने वाले चौथे जज हैं। अब 150 गवाहों की गवाही पूरी होने के साथ ही नौ साल से चल रही यह कानूनी लड़ाई अपने अंतिम पड़ाव पर आ गई है, जहां आरोपियों के बयान और अंतिम बहस के बाद अदालत का फैसला आना बाकी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed