दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद बैठक: अमित शाह की अध्यक्षता में मीटिंग जारी, पानी-परिसीमन के मुद्दों पर रहेगा फोकस
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दक्षिणी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसमें जल बंटवारा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को चेंगलपेट जिले में दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की 31वीं बैठक की अध्यक्षता की। दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना राज्य और पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप केंद्र शासित प्रदेश शामिल हैं।
बैठक में कौन-कौन शामिल हुआ?
बैठक के दौरान इन राज्यों के मुख्यमंत्री, जिनमें डीके शिवकुमार, चंद्रबाबू नायडू, वीडी सतीशन और रेवंत रेड्डी शामिल है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्री बारी-बारी से परिषद के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हैं।
क्या है दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद?
राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 1956 की धारा 15 से 22 के तहत, दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद सहित पांच क्षेत्रीय परिषदों की स्थापना की गई है। अमित शाह दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद के अध्यक्ष हैं। वहीं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय उपाध्यक्ष हैं।
किन मुद्दे पर होगी चर्चा?
इन परिषदों में कई मुद्दों पर भी चर्चा होती है, जिनमें महिलाओं और बच्चों के साथ बलात्कार के मामलों की त्वरित जांच और शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट (एफटीएससी) का कार्यान्वयन, शिक्षा से संबंधित मुद्दे शामिल हैं।
इसके साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर आम हित के विभिन्न मुद्दों को भी शामिल किया जाता है, जैसे आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम से संबंधित मुद्दे, जल बंटवारे से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाएं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), नागरिक उड्डयन से संबंधित मुद्दे है।
इस बैठक का आयोजन कौन कर रहा है?
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर-राज्य परिषद सचिवालय की ओर से 31 वीं बैठक का आयोजन किया जा रहा है। वहीं, तमिलनाडु सरकार इसकी मेजबानी कर रही है। इसमें दक्षिणी क्षेत्र के सदस्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री/उपराज्यपाल/प्रशासक और प्रत्येक राज्य से दो वरिष्ठ मंत्री शामिल होंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य सरकारों के मुख्य सचिव/सलाहकार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में भाग लेंगे।
कैसे काम करता है क्षेत्रीय परिषद?
क्षेत्रीय परिषद ने मुख्य सचिव स्तर की एक स्थायी समिति का भी गठन किया है। राज्यों की ओर से प्रस्तावित मुद्दों को क्षेत्रीय परिषद की स्थायी समिति के समक्ष चर्चा के लिए पेश किया जाता है। वहां विचार-विमर्श के बाद बाकि मुद्दों को क्षेत्रीय परिषद की बैठक में विचार के लिए रखा जाता है।