तेलंगाना विधानसभा: तीन भाजपा विधायकों को शेष बजट सत्र के लिए किया गया निलंबित, बजट पढ़ने में डाल रहे थे बाधा
भाजपा के फ्लोर लीडर टी राजा सिंह और अन्य दो भाजपा विधायकों को सोमवार को सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के कारण बाकी बचे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। ये विधायक वित्तमंत्री के बजट पढ़ने में बाधा डाल रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेलंगाना विधानसभा में तीन भाजपा विधायकों को सोमवार को सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के कारण बाकी बचे बजट सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। ये विधायक वित्तमंत्री के बजट पढ़ने में बाधा डाल रहे थे। सदन में दिन की शुरुआत होते ही प्रदेश के वित्तमंत्री टी हरीश राव ने बजट की प्रस्तावना पढ़नी शुरू की ही थी तभी भाजपा के फ्लोर लीडर टी राजा सिंह ने उन्हें रोकने की कोशिश की। उनके साथ अन्य विधायक भी खड़े हो गए और स्पीकर पोचराम श्रीनिवास रेड्डी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना चाहा। पोचराम श्रीनिवास रेड्डी द्वारा रोके जाने के बावजूद सिंह लगातार अपनी बात कहने की कोशिश करते रहे।
इस बीच प्रदेश के पशुपालन मंत्री तलसनी श्रीनिवास यादव ने तीनों भाजपा विधायक राजा सिंह, एम रघुनंदन राव और इताला राजेंद्र को पूरे बजट सत्र के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव पेश कर दिया। प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए स्पीकर ने तीनों विधायकों के निलंबन की घोषणा कर दी।
टी राजा सिंह को मार्शलों ने सदन से बाहर किया
भाजपा विधायक टी राजा सिंह नारेबाजी कर रहे थे। स्पीकर के सदन छोड़ने के निर्देश को भी अनसुना कर दिया। इसके बाद मार्शलों ने उन्हें उठाकर सदन से बाहर किया। सिंह ने बाद में आरोप लगाया कि बतौर विधायक उनके अधिकारों का हनन हुआ है। पूरे सत्र के लिए उन्हें निलंबित करना सीएम के चंद्रशेखर राव की राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।
कांग्रेस ने भी किया वॉकआउट
इस बीच कांग्रेस ने भी बजट का बहिष्कार किया और स्पीकर द्वारा अपनी बात रखने का मौका नहीं मिलने के कारण पार्टी के विधायकों ने सदन से वाकआउट कर दिया। कांग्रेस विधायक दल के नेता मल्लू भाटी विक्रमार्का ने आरोप लगाया कि सनद को अलोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।