'पर्दे के पीछे के आकाओं को भी नहीं छोड़ेंगे': टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले पर बोले सीएम फडणवीस, और क्या कहा?
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई पुलिस को जांच में कुछ सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, कुछ आरोपी महाराष्ट्र से बाहर और कुछ देश से बाहर रहकर काम कर रहे हैं। उन्हें पकड़ने के लिए दूसरे राज्यों और केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी।
विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस उन आकाओं तक भी पहुंचेगी, जो पर्दे के पीछे रहकर साजिश रच रहे हैं और दूर बैठकर निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र के भीतर सक्रिय आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपी राज्य के बाहर या देश से बाहर रहकर काम कर रहे हैं।
राज्य और केंद्र सरकार की मदद से होगी कार्रवाई
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के बाहर सक्रिय आरोपियों को पकड़ने के लिए संबंधित राज्यों के साथ समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेश में मौजूद लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए केंद्र सरकार की मदद ली जाएगी। उन्होंने कहा, "मैं फिर दोहराना चाहता हूं कि ये कायर लोग हैं। वे छिपकर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनकी कोशिशों को नाकाम कर दिया जाएगा।"
#WATCH | Nagpur: Regarding the firing on Bollywood actor Tiger Shroff, Maharashtra CM Devendra Fadnavis says, "This is a very serious and condemnable matter. The Mumbai Police have taken it with the utmost seriousness. They have obtained certain clues, based on which they are currently working, and specific individuals have already been identified. These people will be arrested very soon. Furthermore, we will track down their masterminds who remain in hiding and issue orders from afar. It is important to note that none of these individuals operate from within Maharashtra; those who do operate from within the state have already been arrested. These perpetrators are operating from outside Maharashtra, or even from outside the country. By coordinating with the states from which they operate, and with the assistance of the Central Government regarding those operating from abroad, we will track them down and take strict action against them. I reiterate: these are cowardly individuals. They attempt to strike from the shadows, but their efforts will be thwarted."
— ANI (@ANI) October 19, 2026
अभिनेताओं की सुरक्षा की भी होगी समीक्षा
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद जब बॉलीवुड कलाकारों की सुरक्षा की समीक्षा किए जाने के बारे में पूछा गया, तो मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं का विश्लेषण किया जाएगा और जरूरत के मुताबिक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, "मेरा मानना है कि मुंबई पुलिस को एक बेहद पेशेवर पुलिस बल के रूप में जाना जाता है। इस तरह की घटना के बाद वह सभी जरूरी कदम उठाएगी।"
विपक्ष पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने इस मामले पर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने विपक्ष को अपने कार्यकाल के दौरान हुई घटनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी। फडणवीस ने मनसुख हिरेन की हत्या का जिक्र करते हुए विपक्ष पर आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में पुलिस का इस्तेमाल हत्या के लिए किया गया। उन्होंने तबादलों और नियुक्तियों से लाभ कमाने तथा मंत्रियों के जेल जाने का भी जिक्र किया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष के शासनकाल में देश के प्रमुख उद्योगपति तक सुरक्षित नहीं थे और उनके घर के बाहर बम लगाए गए थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष चाहे कुछ भी कहे, उन्हें मुंबई पुलिस पर जनता के भरोसे का विश्वास है। उन्होंने दावा किया कि बॉलीवुड को भी मुंबई पुलिस पर भरोसा है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में अज्ञात हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई थीं। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।