'बच्चे को घर कैसे छोड़ दूं?': नवजात को विधानसभा लेकर पहुंचीं TVK विधायक; बोलीं- मजबूरी समझिए, ट्रोल मत कीजिए
तमिलनाडु की TVK विधायक आर पल्लवी विधानसभा सत्र के दौरान अपने नवजात बच्चे को साथ लेकर पहुंचीं। बच्चे की देखभाल के लिए एक अटेंडेंट को जिम्मेदारी दी जाती है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर आलोचना पर पल्लवी ने पलटवार करते हुए कहा कि वह अपने नवजात बच्चे को घर पर अकेला नहीं छोड़ सकतीं। उन्होंने लोगों से बिना समझे टिप्पणी और ट्रोलिंग न करने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कझगम विधायक आर पल्लवी इन दिनों विधानसभा में अपने नवजात बच्चे को लेकर पहुंचने के कारण चर्चा में हैं। पहली बार विधायक बनीं पल्लवी जारी विधानसभा सत्र के दौरान अपने बच्चे को विधानसभा परिसर में साथ लेकर आ रही हैं।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, जब पल्लवी सदन की कार्यवाही में शामिल होने के लिए मुख्य हॉल में जाती हैं, तब बच्चे की देखभाल एक अटेंडेंट को सौंप दी जाती है। बच्चा विधानसभा हॉल के पास एक कमरे में रहता है और विधायक के लौटने तक उसकी देखभाल की जाती है।
क्या पल्लवी बच्चे को विधानसभा में साथ लेकर आती हैं?
पल्लवी अपने नवजात बच्चे को लेकर विधानसभा परिसर पहुंचती हैं। हाल ही में उन्होंने अपने बच्चे को विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री और टीवीके संस्थापक सी जोसेफ विजय के पास भी ले गई थीं, जहां मुख्यमंत्री ने बच्चे को आशीर्वाद दिया। इसकी तस्वीरें और जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं।
क्या बच्चे को साथ लाने पर पल्लवी की आलोचना हुई?
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पल्लवी के बच्चे को हर जगह साथ ले जाने को लेकर आलोचना की। उन पर आरोप लगाया गया कि वह ऐसा करके 'सीन' बनाने की कोशिश कर रही हैं। पल्लवी ने इस आलोचना को अनुचित बताया। एक यूट्यूब चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि नवजात बच्चे को घर पर छोड़ना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने कहा 'मैं नवजात को घर पर कैसे छोड़ सकती हूं? पहले सोचिए और फिर टिप्पणी कीजिए।' उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई दूसरे की परेशानी नहीं समझ सकता तो यह अलग बात है, लेकिन बच्चे को लेकर उन्हें ट्रोल नहीं किया जाना चाहिए।
कौन हैं TVK विधायक आर पल्लवी?
आर पल्लवी ने अप्रैल 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में चेन्नई की तिरु-वी-का नगर सीट से जीत दर्ज की थी। वह TVK की ओर से पहली बार विधानसभा पहुंची हैं। तमिलनाडु विधानसभा का मौजूदा सत्र 8 सितंबर तक चलने वाला है। इस दौरान पल्लवी का अपने नवजात बच्चे के साथ विधानसभा परिसर में पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है।