मौसम का हाल: उत्तर-पश्चिमी भारत समेत कई हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक

भारत मौसम विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि देश के कई हिस्सों में खास कर उत्तर-पश्चिमी भारत में तापमान सामान्य से अधिक रह रहा है। उन्होंने कहा कि यहां तक कि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी तापमान सामान्य से अधिक है।

शर्मा ने कहा कि दिल्ली में कल (गुरुवार को) तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक था। वहीं, अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। उन्होंने कहा कि दिल्ली और उत्तरपश्चिमी भारत के इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है।
Regions around Delhi & NW India are having max temperature 5-6 degree above normal. In coming days also we expect it to remain same, around 1st & 2nd March slight fall is expected as there's western disturbance which is presently affecting NW Himalayan region: Anand Sharma, IMD
— ANI (@ANI) February 26, 2021
शर्मा ने कहा कि आने वाले दिनों में भी ऐसे ही हालात रहने का अनुमान है। हालांकि, उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण एक और दो मार्च को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। शर्मा ने कहा कि यह पश्चिमी विक्षोभ अभी उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर रहा है।
दिल्ली में सुबह हल्की गर्मी, न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी
राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह हल्की गर्मी के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह हल्की धुंध भी रही। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 86 फीसदी था। आईएमडी ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
बुधवार रहा दिल्ली में 15 साल का सबसे गर्म दिन
दिल्ली में बीते 15 साल में फरवरी महीने में बुधवार सबसे गर्म दिन रहा। आईएमडी ने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह मौसम गर्म रहने के साथ ही उमस भरा रहा और हवा में आर्द्रता का स्तर 100 फीसदी तक दर्ज किया गया था। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। फरवरी में पिछली बार सबसे अधिक तापमान 2006 में दर्ज किया गया जब पारा 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा था।